Madhya Pradesh-Chhattisgarh News Live: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण घटनाएं सुर्खियों में हैं. एक तरफ मुंबई में आयोजित क्लाइमेट वीक 2026 का समापन होने जा रहा है, जिसमें मध्य प्रदेश अपने नवीकरणीय ऊर्जा मॉडल और निवेश-अनुकूल योजनाओं की प्रस्तुति दे रहा है. वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प को पांच वर्ष पूरे होने पर दिल्ली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. मौसम विभाग की भविष्यवाणी और संभावित बारिश का असर भी प्रदेशवासियों के लिए बड़ी खबर बनकर सामने आया है.
शिवराज के पौधारोपण संकल्प और कार्यक्रम
19 फरवरी को नई दिल्ली के पूसा स्थित एपी शिंदे हॉल में एक खास कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पौधारोपण संकल्प की पांचवीं वर्षगांठ मनाई जाएगी. यह यात्रा वर्ष 2021 में अमरकंटक में नर्मदा जयंती के दौरान "रुद्राक्ष" और "साल" का पौधा लगाने से शुरू हुई थी. शिवराज ने रोजाना कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था और इसे उन्होंने लगातार निभाया. आज इसे एक सफल और प्रेरणादायक हरित अभियान के रूप में देखा जा रहा है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की पल पल की बड़ी खबरें देखने के लिए आप NDTVMPCG वेबसाइट को विजिट कर सकते हैं...
'औकात में रहो' वाली टिप्पणी के बाद कमलनाथ के घर पर भोजन पर जुटे कांग्रेस विधायक, क्या नई रणनीति बनाई?
MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र चल रहा है. गुरुवार को संसदीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को 'औकात में रहो' कहा. इसके बाद हंगामा हुआ. सीएम यादव ने माफी मांगी. इधर, रात को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की. कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि 'आज भोपाल आवास पर मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल और वरिष्ठ नेताओं के साथ रात्रिभोज किया. हम कांग्रेस पार्टी के साथी पूरी एकजुटता के साथ हर स्तर पर मध्य प्रदेश की जनता की सेवा करते रहेंगे और जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे. इस पोस्ट के बाद सियासी हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि विपक्ष सदन में सरकार को घेरने के लिए नई रणनीति बना रहा है.
आज भोपाल आवास पर मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल और वरिष्ठ नेताओं के साथ रात्रिभोज किया।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) February 19, 2026
हम कांग्रेस पार्टी के साथी पूरी एकजुटता के साथ हर स्तर पर मध्य प्रदेश की जनता की सेवा करते रहेंगे और जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे। pic.twitter.com/pcZfAKIiJa
MP Live News: जबलपुर के पाटन में गैस सिलेंडर विस्फोट से भीषण आग, लाखों का नुकसान
Jabalpur Fire News: मध्य प्रदेश के जबलपुर के पाटन क्षेत्र स्थित गुरु मोहल्ला में गुरुवार शाम करीब 6 बजे गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद एक मकान में भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पाटन नगर परिषद की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि गुरु मोहल्ला निवासी कृष्ण कुमार रैकवार के मकान में आग उस समय लगी जब घर में कोई मौजूद नहीं था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था और इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई. आगजनी की इस घटना में गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया. अनुमानित नुकसान लगभग 1 से 1.5 लाख रुपये बताया जा रहा है.
MP Budget Session 2026: मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार को कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है. मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू हुआ था, जो 6 मार्च तक चलेगा. बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही. विपक्ष ने इंदौर दूषित पानी व कफ सिरप कांड को लेकर सरकार पर निशाना साधा. 18 फरवरी को मोहन यादव सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया. 19 फरवरी को बजट सत्र में चर्चा के दौरान संसदीय कार्यकारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि ''औकात में रहा''; विजय वर्गीय की इस टिप्पणी पर भी खूब हंगामा हुआ. 
CG Government Job 2026: छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द
Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा. शासन ने परीक्षा आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ व्यापम को अधिकृत किया है. विभाग ने विज्ञापन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर प्रपत्र व्यापम को सौंप दिए हैं. राज्य सरकार फरवरी 2026 से 5,000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है. चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा. Read More Here
Aukat Mein Raho: कैलाश विजयवर्गीय की 'औकात में रहो' टिप्पणी पर क्या बोले-उमंग सिंघार
मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में चर्चा के दौरान संसदीय कार्यमंत्री मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि ''औकात में रहो''. इसके मुख्यमंत्री मोहन यादव ने माफी मांगी. उमंग सिंघार ने सदन में कहा कि सीएम मोहन यादव की भावना का सम्मान करता हूं. सीएम मोहन यादव ने बड़ा दिल दिखाया है. उसका सम्मान करता हूं. जब प्रदेश के हित की बात होती है तब उमंग सिंघार का अहम बीच में नहीं आता. उमंग सिंघार ने भी सदन में खेद व्यक्त किया.
Aukat Mein Raho: कैलाश विजयवर्गीय-उमंग सिंघार की नोक-झोंक में सीएम यादव क्या बोले?
मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में चर्चा के दौरान संसदीय कार्यमंत्री मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि ''औकात में रहो''. इस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सदन में बड़ा दिल दिखाया और कहा कि 'आज की घटना से मैं दुःखी हूं. शब्दों के साथ अंदर भाव होना चाहिए. सबकी ओर से मैं माफी मांगता हूं. 
'औकात में रहो' विवाद के बाद कैलाश विजयवर्गीय क्या बोले? गुस्से पर दी सफाई
Aukat Mein Raho Umang Singhar vs Kailash Vijayvargiya: मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में चर्चा के दौरान संसदीय कार्यमंत्री मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि ''औकात में रहो''. इसके बाद दोनों नेताओं के बयान आए. कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ''आज मैं अपने ही व्यवहार से खुश नहीं हूं. आज तक मुझे इतना गुस्सा कभी नहीं आया है. हम सबकी जबावदेही है कि संसदीय परंपरा का पालन करें. 37 साल के राजनीति जीवन में कभी संसद में गुस्सा नहीं आया. उमंग सिंघार को बच्चे की तरह प्यार करता हूं. नेताप्रतिपक्ष की मर्यदा का पालन करता हूं. उमंग जी का बॉडी लेंग्वेज सही नहीं थी. यहां पढ़ें पूरी खबर 
'औकात में रहो' विवाद: विधानसभा अध्यक्ष नरेद्र सिंह तोमर बोले कि एमपी विधानसभा का गौरवशाली इतिहास रहा
एमपी विधानसभा में गूंजा 'औकात में रहो': राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान संसदीय कार्यमंत्री मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि ''औकात में रहो''. इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेद्र सिंह तोमर बोले कि एमपी विधानसभा का गौरवशाली इतिहास रहा है. आज असहज स्तिथि विधानसभा में बन गई. दोनों पक्षों की तरफ से गुस्सा आ गया है. पटवा जी बोलते थे सदन में गुस्सा चेहरे पर दिखना जरूरी है पर गुस्सा मन मे न हो. यहां पढ़ें पूरी खबर
कान्हा से आए बाघ की मौत मामले पर डीएफओ को नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब
मध्य प्रदेश के नौरादेही टाइगर रिजर्व में कान्हा से लाए गए बाघ की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. मामले में लापरवाही के आरोपों के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख ने टाइगर रिजर्व के डीएफओ रजनीश कुमार सिंह को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है. वहीं वन विभाग ने बाघ की मौत की प्रारंभिक वजह टेरिटोरियल फाइट (क्षेत्रीय संघर्ष) बताई है.
MP विधानसभा में गरमाया माहौल: Umang Singhar और Kailash Vijayvargiya के बीच तीखी नोकझोंक, CM ने मांगी माफी
Umang Singhar vs Kailash Vijayvargiya: . मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्यमंत्री विजयवर्गीय के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी.
CG News in Hindi: 154 गांवों में बीट प्रभारी तैनात, अब जनता बनेगी मित्र
छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने एवं आम जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से "मोर मितान - कांकेर पुलिस ” अभियान की शुरुआत की गई है. जिसका शुभारंभ कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने किया. इसके तहत जिले के थानो से 154 ग्रामों में बीट प्रणाली लागू की गई. "मोर मितान - कांकेर पुलिस " का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच मजबूत, भरोसेमंद और निरंतर संपर्क स्थापित करना है. इस अभियान के माध्यम से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर, स्थानीय समस्याओं की पहचान तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना है. साथ ही इस अभियान द्वारा जनता के साथ संवाद बढ़ाकर उनके मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को विकसित किया जाएगा.
MP News in Hindi: भोपाल में डॉग लवर्स का महिलाओं पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद वारदात
Bhopal Dog Lovers Attack News: भोपाल की श्रवण कांता कॉलोनी में आवारा कुत्तों को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. नगर निगम द्वारा क्षेत्र से आवारा डॉग उठाए जाने के बाद कुछ डॉग लवर्स उन्हें दोबारा कॉलोनी में छोड़ गए थे. इस पर कॉलोनी की महिलाओं ने आपत्ति जताई. आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने कॉलोनी की रेकी की और तलवार लेकर महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है. अयोध्या नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
MP News in Hindi: उज्जैन में युवक की पिटाई के बाद पुलिस हिरासत, पहचान छिपाकर युवती को लाने का आरोप
Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में गुरुवार को एक युवक को युवती के साथ घूमते हुए पकड़े जाने पर विवाद खड़ा हो गया. आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर युवती को महाकाल दर्शन के बहाने उज्जैन लाया था. जानकारी सामने आने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली निवासी है और युवती हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है. दोनों अलग-अलग होटल में ठहरे थे, लेकिन साथ देखे जाने पर कार्यकर्ताओं ने पूछताछ की. युवक के मोबाइल में आपत्तिजनक सामग्री होने का भी आरोप लगाया गया है. महाकाल थाना पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मोबाइल जब्त किया है. थाना प्रभारी गगन बादल ने कहा कि दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर जांच की जा रही है, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
CG News in Hindi: रायगढ़ में 1 मार्च से समाधान शिविर, जन समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
Raigarh News: रायगढ़ जिले में 1 मार्च से समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा. जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया. बैठक में पेयजल संकट वाले गांवों को चिन्हित कर गर्मी में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि और विद्युत विभाग की समीक्षा भी की गई. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सौर पैनल पर सब्सिडी की जानकारी देने पर विशेष जोर रहेगा. इसके साथ ही पीएमजीएसवाई की 12 स्वीकृत सड़कों, डीएमएफ से किसानों को तिलहनी बीज वितरण, मनरेगा, आवास और आयुष्मान योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.
CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ में 20 से बोर्ड परीक्षा शुरू, 17,020 परीक्षार्थी होंगे शामिल
Chhattisgarh Board Exam: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 20 फरवरी को सुबह 9 बजे से शुरू होंगी. इस वर्ष कांकेर जिले के कुल 17,020 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. प्रशासन ने परीक्षा के लिए 128 केंद्र बनाए हैं. कांकेर जिला कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने बताया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं. ‘हमर लक्ष्य’ अभियान के तहत छात्रों को बेहतर परिणाम के लिए विशेष मार्गदर्शन दिया गया है. पिछले वर्षों में कांकेर जिले का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है और कई विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान बनाया है. इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है. 
Madhya Pradesh Women Missing: मध्य प्रदेश में रोजाना लापता हो रहीं 130 बहू-बेटियां, विधानसभा में हुआ खुलासा
MP Live News: मध्य प्रदेश में औसतन हर दिन करीब 130 महिलाएं और बालिकाएं लापता हो रही हैं. यह चौंकाने वाला आंकड़ा विधानसभा में सामने आया, जब कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने सरकार से जानकारी मांगी. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने लिखित जवाब में स्वीकार किया कि वर्ष 2020 से 28 जनवरी 2026 तक राज्य में कुल 2 लाख 74 हजार 311 महिलाएं और बालिकाएं लापता दर्ज की गईं, जो औसतन प्रतिदिन 130 होती हैं.
AI इंपैक्ट समिट: रायपुर के अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने हासिल किया प्रथम स्थान
AI Impact Summit India: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित “AI इंपैक्ट समिट” में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम राष्ट्रीय स्तर पर लहराया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर के प्रतिभाशाली सिबलिंग अनुराग मानिक और आस्था मानिक को इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा कि 40,000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच तीन कठिन चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए शीर्ष स्थान हासिल करना उनकी असाधारण प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार क्षमता का प्रमाण है. 
MP News in Hindi: जबलपुर में मिठाई को लेकर रंजिश, युवक की चाकू मारकर हत्या
Jabalpur Murder Case: मध्य प्रदेश के जबलपुर के गोराबाजार थाना अंतर्गत ग्राम भीटा-जैतपुरी क्षेत्र में महज मिठाई खाने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल, आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. दो दिन पहले मेले में मिठाई खाने को लेकर क्षेत्र के साजन झरिया और कृष्णा उइके के बीच विवाद हो गया था. इसी बात को लेकर आरोपी ने रंजिश पाल ली. जब कृष्णा मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था. तभी रास्ते में साजन ने उसे रोक लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल कृष्णा को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल विक्टोरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 
MP News in Hindi: एयरफोर्स के रिटायर्ड वारंट ऑफिसर से 9.87 लाख की ठगी, SBI अधिकारी बनकर YONO ऐप से उड़ाए रुपए
SBI YONO App Fraud: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगों ने एयरफोर्स से रिटायर्ड 79 वर्षीय वारंट ऑफिसर को निशाना बनाकर 9 लाख 87 हजार रुपए की ठगी कर ली. आरोपी ने खुद को State Bank of India (SBI) की हेड ब्रांच का अधिकारी बताकर भरोसा जीता और YONO ऐप डाउनलोड कराकर खाते से रकम पार कर दी. घटना 30 दिसंबर 2025 को थाना गोले का मंदिर क्षेत्र की है. पीड़ित घनश्याम दत्त शुक्ल को मोबाइल पर कॉल आया. कॉलर ने कहा कि उसे उनका लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की जिम्मेदारी दी गई है. भरोसा दिलाने के बाद उसने मोबाइल में SBI का YONO ऐप डाउनलोड करवाया. जब पीड़ित ने धोखाधड़ी की आशंका जताई तो आरोपी ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए विश्वास में ले लिया. बातचीत के दौरान उसने पिन नंबर हासिल कर लिया और चार किश्तों में खाते से 9.87 लाख रुपए निकाल लिए. 
MP News in Hindi: बैतूल में इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटना होने से बची, फिल्टर प्लांट में बड़ी मात्रा में मिलाया कीटनाशक
Pesticide Mixed in Water Filter Plant Betul: बैतूल जिले में इंदौर के भागीरथपुरा (Bhagirathpura Contaiminated Water Death Case) जैसी घटना होने से बची है, क्योंकि फिल्टर प्लांट में बड़ी चूक सामने आई है. दरअसल, नगर में फिल्टर प्लांट से प्रतिदिन 72 लाख लीटर पानी सप्लाई किया जाता है. फिल्टर प्लांट पर मौजूद अकुशल मजदूर की गलती से बड़ी मात्रा में कीटनाशक डाल दिया गया. पानी की गुणवत्ता की जांच हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए. आनन-फानन 45 लाख लीटर पानी को नाले नदी में बहाना पड़ा, जिसका असर नगर में जल संकट के रूप में देखने को मिल रहा है. बीते दो दिनों से नगर में पानी सप्लाई बाधित हो गई है. नागरिक नल कूप ओर पड़ोसियों के भरोसे काम चला रहे है. कांग्रेसी पार्षद ने बताया कि मजदूर को पता नहीं कि कितनी मात्रा में कौन सा केमिकल डालना है, क्योंकि फिल्टर प्लांट पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं रहता.
BJP का प्रशिक्षण महाअभियान, CM बोले- OBC की जनगणना रोकने का कलंक कांग्रेस के माथे पर
CM Mohan Yadav: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 को लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन का आयोजन किया गया. सीएम डॉ मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यशाला में मौजूद रहे. प्रदेश कार्यशाला में बनाए गए नए प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रमुख जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष शामिल भी शामिल हुए.
सीएम मोहन यादव ने बताया कि वह प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष जिला प्रभारी और संभाग प्रभारी के साथ भोपाल के भाजपा मुख्यालय में प्रशिक्षण बैठक में शामिल हुए. प्रशिक्षण को लेकर हमारे राज्य की भी सफलता की कहानी है. ओबीसी मामले पर बोलते हुए सीएम ने आगे कहा कि ओबीसी की जनगणना रोकने का कलंक कांग्रेस के माथे पर है. उन्होंने कहा कि झूठ बोलो आगे चलो यही कांग्रेस है. कांग्रेस के झूठ को दुनिया जानती है. चुनाव में इसलिए मुंह की खानी पड़ रही है. आरोप लगाया कि कांग्रेस सामाजिक विद्वेष फैलाती है.
Mahakal Mandir Online Booking: महाकाल मंदिर की संध्या व शयन आरती की बुकिंग अब घर बैठे
उज्जैन (Ujjain Mahakal Mandir) स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर (Shri Mahakaleshwar Jyotirlinga Mandir Ujjain) में भक्तों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की गई है. मंदिर प्रबंध समिति ने बाबा महाकाल (Baba Mahakal) की संध्या आरती (Sandhya Aarti) और शयन आरती (Shayan Aarti) की बुकिंग प्रक्रिया (Online Booking) को अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है. यह कदम दर्शन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, नियंत्रित और डिजिटल (Digital) बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पूरी प्रक्रिया जानने के लिए क्लिक करें
एयरफोर्स के रिटायर वारंट ऑफिसर से लाखों की ठगी, SBI का योनो ऐप डाउनलोड कराकर दिया अंजाम
Retired Warrant Officer from Air Force in Gwalior: ग्वालियर में एयरफोर्स से रिटायर्ड वारंट ऑफिसर के साथ ठगी हुई है. ठग ने खुद को SBI की हेड ब्रांच का अधिकारी बताकर भरोसा दिलाया कि उसे उनका लाइफ सर्टिफिकेट बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. बातचीत के दौरान उसने उन्हें YONO ऐप डाउनलोड करवाया और चालाकी से पिन नंबर पूछ लिया. इसके बाद उनके खाते से 9.87 लाख रुपये निकाल लिए गए. पीड़ित ने हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
MP News in Hindi: बम की धमकी मिलने के बाद पीपुल्स यूनिवर्सिटी में हालात सामान्य
Bomb Threat to University: भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी (People's University Bhopal) को बम से धमकी मिलने के बाद पूरी तरह से खाली कराया दिया गया. हालांकि हालात अब सामान्य है. डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड यूनिवर्सिटी के अंदर मौजूद है. ई-मेल पर मिली धमकी के आधार जांच की जा रही है. मेल कहां से आया इसकी जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसिया अलर्ट पर हैं. फिलहाल स्थिति सामान्य है. मरीजों की आवाजाही जारी है और सामान्य लोगों को भी प्रवेश मिल रहा है.
Madhya Pradesh Hindi News: उमरिया के स्कूल में जब अचानक झूमने लगीं छात्राएं, करने लगीं थी अजीब हरकतें
Umaria School Girl Students start Dancing: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. करकेली विकासखंड के ग्राम कल्दा स्थित शासकीय हाई स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में मौजूद कई छात्राएं अचानक अजीब हरकतें करने लगीं और झूमने लगीं. इस घटना ने न केवल स्कूल प्रबंधन बल्कि पूरे गांव को चिंता में डाल दिया. देखते ही देखते स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने प्रभावित छात्राओं को इलाज के लिए डॉक्टरों के पास भेजा. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
मध्य प्रदेश में बुधवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का किसानों को मुआवजा दिया जाएगा. कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने इस बारे में बताया कि जहां ओलावृष्टि हुई है वहां जांच कराएंगे, इसके बाद मुआवजा दिया जाएगा. वहीं, मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. साथ ही ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
भोपाल में 30 घंटे में रिकॉर्ड ठगी की वारदातें
Cyber Frauds in Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर ठगों ने जबरदस्त ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है. भोपाल में पिछले 30 घंटे में रिकॉर्ड साइबर फ्रॉड हुए हैं. 30 घंटे में 12 थानों में 34 FIR दर्ज की गई हैं. शहरवासियों से करीब 1 करोड़ 53 लाख 76 हजार 531 रुपये की ठगी की गई है. साकेत नगर में अकेले 50.98 लाख की ठगी हुई है. साइबर ठग वॉट्सऐप ग्रुप फॉलो करने पर कमाई का लालच देकर ठगी कर रहे हैं. कमला नगर थाना क्षेत्र में विदेशी ट्रेडिंग से 23 लाख, हबीबगंज थाना क्षेत्र में नौकरी के नाम पर 15 लाख, पिपलानी थाना क्षेत्र में महिला से 12 लाख 25 हजार और बागसेवनिया इलाके में बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाकर 12 लाख ठगने की जानकारी मिली है.
इंदौर दूषित पानी मामले में सदन में जमकर हंगामा, 2 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
Madhya Pradesh Vidhan Sabha Budget Session 2026: मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भागीरथपुरा (Bhagirathpura Contaminated Water Death) का मामला गूंज उठा. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने इस मामले में सवाल पूछा. इस पर स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि दूषित पानी से अभी तक 20 लोगों की मौत हुई है और अभी तक मृतक के परिजनों को 44 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है. वहीं, नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दूषित पानी से 35 से ज्यादा मौते हुई हैं. आरोप लगाया कि सरकार ने मुआवजा भी कम दिया. इस दौरान सदन में खूब हंगामा हुआ और नारेबाजी हुई.
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा जब जांच आयोग और कोर्ट में मामला हो तो चर्चा नहीं करनी चाहिए. फिर भी मैं सदन में संक्षिप्त चर्चा करने के लिए तैयार हूं. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि सदन में कहा कि 47 मिनट कुत्तों पर चर्चा हो गई, इंसान के मामले में तो चर्चा होनी चाहिए. भागीरथपुरा मामले में सदन में जमकर हंगामा और नारेबाजी हुई. इस दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी.
MP News in Hindi: इंदौर एयरपोर्ट के गेट के सामने लटका मिला शव
Dead Body Found Hanged from Tree in Front of Indore Airport: इंदौर एयरपोर्ट के गेट के सामने गुरुवार सुबर पेड़ पर एक युवक का शव लटका मिला है. इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. एयरपोर्ट से सुबह निकलने वाले यात्री शव देखकर हैरान रह गए. एरोड्रम पुलिस जांच में जुटी है और शव पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेज दिया है. पुलिस पता लगा रही है कि यह सुसाइड है या किसी ने हत्या कर यहां लटकाया है.
Magic in Govt School in Durg: दुर्ग के सरकारी स्कूल में तत्र-मत्र का मामला
दुर्ग के केलाबाड़ी में स्थित सरकारी प्राथमिक और मिडल स्कूल में कथित तंत्र मंत्रा का मामला सामने आया है. अज्ञात व्यक्तियों ने क्लासरूम के बाहर गोबर और मिट्टी से तंत्र मंत्र करने के निशान बनाए. पहले भी प्रिंसिपल कार्यालय के सामने कोयल की बलि दी गई थी. बुधवार रात अज्ञात लोगों ने स्कूल के सामानों को जलाया था. शिकायत के बाद भी असामाजिक तत्वों की हरकत नहीं रुक रही हैं. शिक्षकों और स्कूली बच्चों में डर का माहौल है.
Bomb Threat to University: भोपाल की पीपल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी
Bomb Blast Threat: भोपाल की पीपल्स यूनिवर्सिटी (People's University, Bhopal) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यूनि प्रशासन से सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस सुरक्षा के मद्देनजर विश्वविद्यालय कैंपस को खाली कराया है. धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है और LTTE संगठन का भी जिक्र है. ईमेल में लिखा, 'आपके कॉलेज में साइनाइड पॉइज़न वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे ब्लास्ट करेंगे. सुबह 11 बजे तक डॉक्टर स्टूडेंट्स को निकालें, अल्लाहू अकबर.'
"अगर किसी कारणवश बॉम्ब सक्रिय नहीं होते हैं तो सदस्य खुद मेडिकल कॉलेज के अंदर आकर श्रीलंका के ईस्टर आत्मघाती हमले की तरह सभी कर्मचारियों के साथ खुद को उड़ा लेंगे. हम अपना संदेश देना चाहते हैं और आपका कार्यालय इस समय सबसे आसान निशाना है. हम जिम्मेदारी लेते हैं और हर कीमत पर अपनी बात सुनाना चाहते हैं."
ईमेल में लिखा कि सुसाइड बॉम्बर विश्वविद्यालय में घुसे हुए हैं. धमकी देने वाले शख्स ने कॉलेज की बिल्डिंग में बम रखने की बात कही. मौके पर बम बम निरोधक विशेषज्ञों की टीम पहुंच गई है.
Congress MLA Protest: जनता के अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेंगे- उमंग सिंघार
Madhya Pradesh Vidhan Sabha Budget Session: मध्य प्रदेश विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों का थाली लेकर प्रदर्शन करने का वीडियो सामने आया है. बजट सत्र के चौथे दिन महिला विधायकों समेत नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी प्रदर्शन कर रहे हैं. उमंग सिंघार ने एक्स पर भी पोस्ट कर कहा, आज सरकार के झूठे और खोखले वादों के विरोध में विधानसभा परिसर में विधायक दल के साथ सांकेतिक प्रदर्शन कर जनता की आवाज बुलंद की. यह संघर्ष जनता के अधिकार, न्याय और सच्चाई के लिए है और हम इसे पूरी ताकत से जारी रखेंगे.
Madhya Pradesh Vidhan Sabha Budget Session: विधानसभा के बाहर थाली लेकर कांग्रेस विधायकों का पदर्शन
Congress Protest at Assembly: मध्य प्रदेश विधानसभा के बाहर बजट सत्र के चौथे दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा बुधवार को पेश किए गए बजट को लेकर पोस्टर और थाली लेकर विधानसभा पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की घोषणाएं जमीनी हकीकत पर कुछ नहीं हैं.
Gwalior Bullock Cart Race: ग्वालियर में बैलगाड़ी दौड़, देखने को लगी भीड़
Madhya Pradesh Hindi News: एक तरफ देश बुलेट ट्रेन चलाने को तैयार है, लेकिन अपनी परंपरागत ग्रामीण संस्कृति और परम्परा क़ो संरक्षित करने के लिए ग्रामीण भी जुटे हुए है. इसी मंशा से बीते रोज ग्वालियर के ग्रामीण इलाके कुलेथ में बैलगाड़ी दौड़ का आयोजन किया गया. यह आयोजन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित किसान सम्मेलन के मौके पर किया गया. बैलगाड़ी दौड़ को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे, वहीं दर्जनों किसानों ने इस दौड़ में अपनी बैलगाड़ी के साथ शिरकत की. यह दौड़ काफी रोमांचक थी. मुख्यमंत्री ने लोक परम्परा के संरक्षण के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें अपनी ओर से नकद इनाम देने का भी एलान किया.
Madhya Pradesh Hindi News: देवास पुलिस ने पकड़ीं 6 महिला चोर, चोरी का सामान कबाड़ में बेचतीं
Dewas Police Arrest Woman Thieves: मध्य प्रदेश के देवास जिले में देवास औद्योगिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 महिला चोरों को गिरफ्तार किया है. इनके अलाव पुलिस ने मारपीट व गुंडागर्दी में 3 आरोपियों को दबोच लिया है. औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चोरी, मारपीट और गुंडागर्दी के मामलों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ.
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 6 महिलाएं कीमती सामानों की चोरी कर उन्हें स्क्रैप कारोबारियों तक पहुंचाती थीं. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और सभी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया.
Madhya Pradesh Hindi News: शादी समारोह में फिर चली गोली, युवक की मौत के बाद भी नहीं ले रहे सबक
Harsh Firing in Wedding Sagar: मध्य प्रदेश के सागर जिले में शादी समारोहों के दौरान हर्ष फायरिंग की खतरनाक परंपरा थमने का नाम नहीं ले रही है. बीते दिनों एक विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद लोग सबक लेते नजर नहीं आ रहे हैं. शहर में एक शादी समारोह में महिला एवं बाल विकास अधिकारी भरत राजपूत के यहां आयोजित कार्यक्रम में कुंवर दिव्यांक सिंह राजपूत को खुलेआम फायरिंग करते हुए देखा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समारोह के दौरान हथियार लहराते हुए कई राउंड फायर किए गए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
Jabalpur Murder Case: मिठाई खिलाने को लेकर बढ़ा विवाद हत्या तक पहुंचा
Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मिठाई खाने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी. फिलहाल आरोपी फरार हैं. दरअसल, गोराबाजार थाना क्षेत्र के भीटा-जैतपुरी में दो दिन पहले मेले में मिठाई खाने को लेकर क्षेत्र के साजन झरिया और कृष्णा उइके के बीच विवाद हो गया था. इसी बात को लेकर आरोपी ने रंजिश पाल ली. जब कृष्णा मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में साजन ने उसे रोक लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल कृष्णा को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल विक्टोरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
D.Ed Candidate Protest in Raipur: डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
Chhattisgarh Assistant Teacher Recruitment: रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे डीएड (D.Ed) प्रशिक्षित अभ्यर्थियों और प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इनमें 45 महिलाओं समेत 120 लोग शामिल हैं. BNS 170, 135, 126 की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. D.Ed प्रदर्शनकारियों को छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी समर्थन किया था. कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर समर्थन किया था. विरोध प्रदर्शन के तहत अभ्यर्थी कल अंगार पर चले थे.
अपनी मांगों को लेकर D.Ed अभ्यर्थी डेढ़ महीने से आंदोलन कर रहे हैं, जिनकी 2023 में हुई भर्ती परीक्षा के रिक्त पदों को भरने की मांग है. अभ्यर्थी केंद्रीय नेताओं को भी पत्र लिख चुके हैं.
Dhar Cement Factory Stone Pelting: धार में पथराव
MP News in Hindi: मध्य प्रदेश के धार जिले में सीमेंट फैक्ट्री के लिए चूना खदान की चल रही सैंपलिंग के दौरान माहौल बिगड़ गया. जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो पथराव और पुलिस के वाहनों पर तोड़फोड़ हो गई. लोगों ने वहां कार को भी पलटने की कोशिश की. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
MP News in Hindi: सीएम यादव की मौजूदगी में आज BJP विधायक दल की बैठक
Madhya Pradesh BJP Legislature Party meeting Today: मध्य प्रदेश में बीजेपी विधायक दल की आज बैठक होने वाली है. सीएम हाउस में गुरुवार शाम को 6:30 बजे बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (CM Mohan Yadav), प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित तमाम विधायक मौजूद रहेंगे. इस दौरान बजट सत्र को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी. विधानसभा में सरकार का पक्ष रखने और विपक्ष को काउंटर करने को लेकर चर्चा होगी.
MP Excise Policy 2026-27: विधानसभा सत्र का आज चौथा दिन, आबकारी नीति पर वक्तव्य देंगे वित्त मंत्री
Madhya Pradesh Vidhan Sabha Budget Session 2026: मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ का बजट पेश किया था. वित्त मंत्री गुरुवार को आबकारी नीति वर्ष 2026-27 पर सदन में वक्तव्य देंगे. राज्यपाल के अभिभाषण पर भी आज चर्चा होगी. आज सदन में दो ध्यानाकर्षण, 80 याचिकाओं की प्रस्तुति होगी. विधायक अजय विश्नोई और नीरज ठाकुर का जबलपुर जिले में घर-घर नर्मदा जल पहुंचाने के योजना में अव्यवस्था का ध्यानाकर्षण होगा.
MP News in Hindi: घर में 7 किलो सोना गढ़ा होने का लालच देकर प्रिंसिपल से ड्राइबर ने की एक करोड़ की ठगी
Narmadapuram Hindi News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक प्राचार्य से उनके ही ड्राइवर ने घर में गड़े सोने की पोटली के बदले एक करोड़ की ठगी को अंजाम दिया है. पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. डोलरिया में तैनात कॉलेज के प्राचार्य राकेश वर्मा के साथ उनके ही ड्राइवर अंकित शर्मा ने गढ़े हुए 7 किलो सोने की पोटली का लालच देकर और अंधविश्वास का झांसा देकर एक करोड़ चार लाख से अधिक की ठगी कर ली है. ड्राइवर ने प्रिंसिपल के मकान में जमीन में दबे 7 किलो सोने की पोटली रखे होने की बात कही और गुमराह कर रुपये ऐंठ लिए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.
Rain in Madhya Pradesh Districts: मध्य प्रदेश के कई जिलों में देर रात हुई बारिश और ओले गिरे
Hailstorm in MP: मध्य प्रदेश में मौसम ने बुधवार रात अचानक करवट ली. इस दौरान देर रात कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई और ओले भी गिरे. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. बारिश की वजह से फसलों को नुकसान हुआ है, जिनमें गेहूं, अफीम, सरसों, प्याज सहित अन्य फसल शामिल हैं. इस बारिश के किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. सीहोर, इंदौर, नीमच, मंदसौर सहित आसपास के जिलों में बुधवार रात को बारिश हुई है. मौसम विभाग (IMD) ने आज भी बारिश का अलर्ट (Rain Alert) जारी किया है.
Bajrang Dal: बजरंग दल के पदाधिकारी के खिलाफ एफआईआर
Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बजरंग दल के पदाधिकारी प्रदीप सिन्हा के पर एफईआर दर्ज की गई है. 16 फरवरी को देवबलौदा मेला स्थल में कपड़ा व्यापारी मोहम्मद इस्माईल से गाली-गलौज करने पर यह कार्रवाई हुई है. बजरंग दल के पदाधिकारी प्रदीप सिन्हा ने मंदिर के पास दुकान लगाने से मना किया था. इसके बाद इस्माईल ने भिलाई-3 थाने केस दर्ज कराया है.
Chhattisgarh Hindi News: जादू-मंतर से पैसा डबल करने का झांसा देकर ठगे 5 लाख, पिता-पुत्र गए जेल
Baloda Bajar Crime Hindi News: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में जादू-मंतर (Magic Fraud) से पैसा कई गुना बढ़ाने का लालच देकर ठगी करने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों ने दो अलग-अलग ग्रामीणों से कुल पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी की और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
Cyber Fraud in Chhattisgarh: OTP शेयर किए बिना खाता हुआ खाली, Apk लिंक से हैक हुआ था फोन
Baloda Bajar Hindi News: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में साइबर ठगी के एक अनोखे मामले का खुलासा करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने ओटीपी मैसेज भेजकर बैंक खाते से 3 लाख 74 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया था. जय कॉलोनी निवासी महेंद्र कुमार त्रिपाठी के मोबाइल पर 12 दिसंबर को एक संदिग्ध मैसेज आया, जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया. 14 दिसंबर को फिर मैसेज आया, जिसमें लिखा था- “डियर कस्टमर, इस योर वन टाइम पासवर्ड, प्लीज एंटर एंड प्रोसीड, थैंक यू – टीम जिओ फाइनेंस” लिखा था. इसके बाद 4 बार में खाते से रुपये कट गए.
Chhattisgarh Hindi News: जशपुर में नौकरी के नाम पर 4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
Fraud on Pretext of Getting Job Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से 4 लाख 35 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है. ASP राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि आरोपी प्रदीप पंडा (28) ने खुद को अधिकारी बताकर पीड़ितों को झांसे में लिया और अलग-अलग किस्तों में रकम वसूल की. आरोपी रायगढ़ जिले के पुसौर क्षेत्र के सोडापाठ का रहने वाला है. ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
Madhya Pradesh Weather Forecast: मध्य प्रदेश मौसम अपडेट
Mausam Ka Haal: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 19 फरवरी को बारिश की संभावना (Rain Alert in MP) जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, इंदौर, मुरैना, श्योपुर, दतिया, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में वर्षा होने की संभावना अधिक है. फरवरी में यह तीसरी बार बारिश का दौर हो सकता है. इससे पहले ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं से कई किसानों की फसलें प्रभावित हुई थीं, जिनका सर्वे कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू की गई थी.
झाबुआ और रतलाम में बुधवार को हल्की बारिश हुई. राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 फरवरी तक हल्की बारिश वाला ही मौसम बने रहने की संभावना है.