Police Station Stone Pelting: खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. शिकायत दर्ज कराने पहुंची भीड़ ने थाने परिसर में हंगामा किया और पथराव कर दिया. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर‑बितर किया और अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी सूचना पर तुरंत प्रशासन को अवगत कराने की अपील की है.
सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का विवाद
दरअसल, मोघट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर वायरल हुआ, जिसे लेकर लोगों की भावनाएं आहत हुईं. इसी सिलसिले में फरियादी मुजाहिद कुरैशी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे. पुलिस ने मामले में सुनवाई करते हुए कायमी की और आगे की कार्रवाई शुरू की.
शिकायत के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने परिसर में पहुंच गए. देखते‑देखते हंगामा बढ़ा और थाने के भीतर पथराव की घटना हो गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिससे भीड़ तितर‑बितर हो गई और स्थिति पर काबू पाया जा सका.
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 199 के तहत कायमी की है और पोस्ट डालने वाले को राउंड‑अप भी किया गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली और पदम नगर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया. ASP, CSP सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और शांति बहाल कराई.
कानून‑व्यवस्था पर सख्त निगरानी
हंगामे के बाद शहर में लॉ‑एंड‑ऑर्डर बनाए रखने के लिए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है. सिटी एसपी के निर्देश पर तीन थानों की संयुक्त टीम लगाई गई, ताकि किसी भी तरह की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे. पुलिस ने जनता से अपील की है कि त्योहारों के समय खासतौर पर अफवाहों पर ध्यान न दें. किसी भी भ्रामक पोस्ट या संदेश की जानकारी तुरंत पुलिस को दें प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा. कानून अपने ढंग से काम कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.