Hemant Katare MLA: मध्यप्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना त्यागपत्र कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सौंपा है. उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के अचानक इस्तीफा देने से प्रदेश में सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. उनके इस्तीफा देने कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं.
उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के इस्तीफा देने के कारणों को जानने के लिए NDTV ने कांग्रेस संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने बात की. उन्होंने बताया कि हेमंत कटारे ने पारिवारिक जिम्मेदारियों और समयाभाव के कारण इस्तीफा दिया है. उनका कहना है कि अभी वह अपने विधानसभा क्षेत्र को उतना समय और प्राथमिकता नहीं दे पा रहे थे, जितनी अपेक्षित थी. इस कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से हटने का निर्णय लिया है.
पार्टी के काम करते रहेंगे
डॉ. कामले ने यह भी स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा केवल संगठनात्मक पद से जुड़ा है, पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से नहीं. उनहोंने कहा कि हेमंत कटारे कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ काम करते रहेंगे.
कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे फैसला
इस्तीफा मंजूर करने के सवाल को लेकर डॉ. कामले ने कहा कि त्यागपत्र स्वीकार करना या उस पर अंतिम निर्णय लेना कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अधिकार क्षेत्र में आता है. वे इस पर क्या फैसला लेंगे यह पता चलेगा.
करीबी विधायक बोले- हम भी हैरान हैं
हेमंत कटारे के इस्तीफा देने पर मुरैना के जौरा से विधायक और उनके उनके करीबी पंकज उपाध्याय ने कहा कि मुझे अभी-अभी पता लगा, हम भी हैरान हैं. थोड़ी देर पहले साथ में खाया खाना था, ऐसा कुछ होगा हमें खबर नहीं थी. आज 20 फरवरी को उनकी मैरिज एनिवर्सरी है़, मैनें उनहें बधाई दी थी. आगे जो होगा देख लेंगे.
भाजपा विधयाक बोले- जो होगा सामने आएगा
हेमंत कटारे के उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने पर भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा- हमें जानकारी मिली है, ये उनका आंतरिक मामला हो सकता है. बाकी सामने आएगा, क्या वजह है. मेरी उनसे बात हुई थी, लेकिन ऐसा कुछ पता नहीं था.