Chhatarpur Crime News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की राजनगर थाना पुलिस की कस्टडी में 22 वर्षीय युवक की मौत से हड़कंप मच गया है. युवक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनकी नाराजगी को देखते हुए दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है.
दरअसल, यह मामला राजनगर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव का है, जहां रहने वाले 22 साल के युवक राजेश पटेल द्वारा थाने में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई. युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस अधीक्षक (SP) अगम जैन भारी पुलिस बल के साथ राजनगर थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया. परिजनों ने आरोप लगाया कि दो पुलिसकर्मियों संजय सिंह और शिव कुमार ने युवक को छोड़ने के बदले में 50 हजार रुपये की मांग की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. परिजनों का कहना है कि राजेश पटेल के साथ थाने में बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई. खुद को बचाने के लिए पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है. मृतक के पिता किशोरी पटेल ने न्याय की मांग की है. वहीं, कांग्रेस नेत्री कविता सिंह भी राजनगर थाने पहुंचीं और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की.
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
एसपी अगम जैन ने बताया कि एक महिला द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के आधार पर युवक को थाने लाया गया था. मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं. आरोप के आधार पर दो आरक्षकों को निलंबित भी कर दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.