BJP MLA Pradeep Patel: मध्य प्रदेश के मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल (BJP MLA Pradeep Patel) पिछले 42 दिनों से अपने क्षेत्र से रहस्यमयी ढंग से गायब थे. क्षेत्र में उनके लापता होने पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे. हालांकि 42 दिन बाद वो मीडिया के कैमरों के सामने आ गए हैं. वो भोपाल के एमएलए रेस्ट हाउस में मौजूद हैं.
इस वजह से थे 'अंडरग्राउंड'
विधायक प्रदीप पटेल ने मूसा गैंग की धमकी के डर से मऊगंज शहर को छोड़ दिया था और रहस्यमयी तरीके से लापता थे. विधायक ने खुद को परिवार सहित भोपाल के एमएलए रेस्ट हाउस में कैद कर लिया था. वहीं उनकी जानकारी मिलते ही मिलने वालों का लगा तांता लग गया. लोग उनसे मिलने भोपाल के एमएलए रेस्ट हाउस पहुंच रहे हैं.
मीडिया से बातचीत में विधायक प्रदीप पटेल ने कहा कि हमारे ऊपर ये कोई पहली घटना नहीं है. अब तक 6 बार हमला हो चुका है. सरकारी कार्यक्रमों में हुआ, पथराव हुआ कई लोग घायल भी हुए. ऐसे कई घटनाएं हो चुकी है... 3 जनवरी को हमला करने वाले लोग मूसा गैंग के ही थे. उनमें से कई लोगों के नाम वहां के थाने के रोजनामांचा में अपराधी के तौर पर दर्ज है. रोजनामंचा में मूसा गैंग शब्द लिखा था. 3 तारीख की घटना में भी वो लोग दिखे थे, जिनका नाम मूसा गैंग में लिखा हुआ है.
कब से लापता थे विधायक प्रदीप पटेल?
बता दें कि विधायक प्रदीप पटेल 3 जनवरी, 2026 को हाईवे किनारे दो कांग्रेस नेताओं की जमीन पर पहुंचे थे, जहां वो विवादों में घिर गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान लोगों ने विधायक को वहां से खदेड़ दिया था. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और विधायक प्रदीप को सुरक्षित थाने पहुंचाया. इस घटना के बाद से ही विधायक क्षेत्र से लापता थे.