विज्ञापन

SDM की कार अनियंत्रित होकर पलटी, दुकान में जा घुसी; तीन लोगों को आई चोटें

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हादसा हो गया, जहां अनियंत्रित होकर SDM की कार दुकान में गई. हादसे में SDM अजय मोडीयाम, वाहन चालक और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं.

SDM की कार अनियंत्रित होकर पलटी, दुकान में जा घुसी; तीन लोगों को आई चोटें
दुकान के पास पलटी कार.

Surajpur SDM Car Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हादसा हो गया, जहां अनियंत्रित होकर SDM की कार दुकान में गई. हादसे में SDM अजय मोडीयाम, वाहन चालक और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं. आशंका है कि बाइक को बचाने की वजह से हादसा हुआ है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है. सूचना मिलते ही कलेक्टर भी घायलों को देखने अस्पताल पहुंच गए. प्राथमिक उपचार के बाद कलेक्टर घायलों को अपने वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के देवनगर अटल चौक में हुआ है.

जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर के एसडीएम अजय मोडीयाम की सरकारी गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई. एसडीएम जिला मुख्यालय की ओर तेज रफ्तार से जा रहे थे. इसी दौरान देवनगर के अटल चौक के पास एक बाइक सवार अचानक सड़क पर आ गया. उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे स्थित श्याम किराना स्टोर में जा घुसी.

दुकान का हिस्सा टूटा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दुकान के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय दुकान के बाहर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. अगर उस वक्त वहां लोगों की भीड़ होती तो घटना और गंभीर हो सकती थी.

हादसे में एसडीएम अजय मोडीयाम, चालक और सुरक्षाकर्मी को हल्की चोटें आई हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को देवनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया.  इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

कलेक्टर ने जाना हालचाल

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. वहीं, कलेक्टर एस जयवर्धन भी मौके पर पहुंचे और एसडीएम सहित अन्य घायलों का हालचाल जाना. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close