विज्ञापन

गौधाम या मौत का कैदखाना, भूख-प्यास से तड़पते 100 से ज्यादा गोवंश, प्रशासन के दावे बेनकाब

जिला प्रशासन ने सड़कों से घुमंतू मवेशियों को हटाकर गौधामों में रखने का अभियान शुरू किया था, लेकिन कोरिया के चेरवापारा-रकेया गौधाम की तस्वीरें दावों की पोल खोल रही हैं.

गौधाम या मौत का कैदखाना, भूख-प्यास से तड़पते 100 से ज्यादा गोवंश, प्रशासन के दावे बेनकाब
गौधाम में खड़े गौवंश.
NDTV

छत्तीसगढ़ के कोरिया में जिला प्रशासन ने हाल ही में सड़कों से घुमंतू मवेशियों को हटाकर गौधामों में सुरक्षित रखने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का बड़ा अभियान शुरू किया है. कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक में चारा, पानी, शेड, स्वास्थ्य जांच, टैगिंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन एनडीटीवी की पड़ताल में ग्राम पंचायत चेरवापारा के रकेया स्थित गौधाम की तस्वीर प्रशासन के दावों से बिल्कुल अलग नजर आई.

गौ सेवक अनुराग कुमार दुबे का आरोप है कि करीब चार दिन पहले रात के समय ट्रैक्टरों से 100 से अधिक बेसहारा गायों और बैलों को गौधाम में लाकर बंद कर दिया, लेकिन उनके लिए न चारे की व्यवस्था है, न भूसा, न पानी और न ही कोई स्थायी देखभाल.

Latest and Breaking News on NDTV

बछड़े भूख-प्यास से तड़प रहे

उनका कहना है कि पशुपालन विभाग ने पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का भरोसा दिया था, लेकिन हकीकत में जानवरों को केवल जेल की तरह बंद कर छोड़ दिया गया है. उनका दावा है कि छोटे-छोटे बछड़े भूख और प्यास से तड़प रहे हैं और यदि किसी भी गोवंश की मौत होती है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

देखदेख को नहीं पहुंचा कोई चरवाहा

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चरवाहों की नियुक्ति का दावा किया गया, लेकिन आज तक कोई उनकी देखरेख के लिए नहीं पहुंचा. ग्रामीण सच्चिदानंद राजवाड़े ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि यह गौधाम गांव के स्थानीय आवारा पशुओं के लिए बनाया गया था, लेकिन बाहर से बड़ी संख्या में मवेशियों को लाकर यहां भर दिया गया है.

गौधाम में नहीं कोई व्यवस्था

सबसे गंभीर बात यह है कि उनके भोजन और पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे पशुओं की जान पर संकट मंडरा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन मवेशियों को गौधाम में रखता है तो पहले उनके चारा, पानी और उपचार की पूरी व्यवस्था करनी चाहिए अन्यथा उन्हें खुले में छोड़ दिया जाए. ताकि वे कहीं भी चरकर अपना पेट भर सकें.

एक ओर प्रशासन सड़क सुरक्षा और गोवंश संरक्षण की बात कर रहा है. वहीं, दूसरी ओर चेरवापारा गौधाम से सामने आई तस्वीरें कई गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बिना मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए मवेशियों को गौधामों में बंद करना गोसंरक्षण है या फिर उनकी जिंदगी को संकट में डालना.

ये भी पढ़ें- इंटरनेशनल मून मिशन में छत्तीसगढ़ की धमक, महासमुंद की बेटी रागिनी साहू सैटेलाइट बनाने में करेगी मदद

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com