विज्ञापन

कोरिया महोत्सव से विकास का शंखनाद, CM साय ने दी 156 करोड़ की मेगा सौगात

छत्तीसगढ़ के कोरिया महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 156 करोड़ रुपये की विकास सौगात की घोषणा की. किसानों के लिए धान खरीदी, समर्थन मूल्य और अंतर भुगतान सहित कई बड़े निर्णय लिए गए.

कोरिया महोत्सव से विकास का शंखनाद, CM साय ने दी 156 करोड़ की मेगा सौगात

Vishnu Deo Sai Announcements: कोरिया जिले में शुरू हुआ तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव इस बार जिले के लिए बड़ी खुशखबर लेकर आया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महोत्सव के मंच से कोरियावासियों को 156 करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगातें देकर जिले की तरक्की का शंखनाद कर दिया. अपनी घोषणा में CM साय ने साफ कहा कि छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित बनाना ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और यह काम तेज रफ्तार से जारी है.

किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश धान उत्पादन में अग्रणी है और किसानों के हित में लगातार फैसले लिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है और किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य दिया जा रहा है. इसके साथ ही खरीफ धान का अंतर भुगतान होली से पहले किसानों के खातों में पहुंच जाएगा, जिससे लगभग 10 हजार करोड़ रुपये वितरित होंगे. उन्होंने यह भी बताया कि करीब 5 लाख 65 हजार भूमिहीन कृषि मजदूरों को मार्च तक 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.

प्रधानमंत्री आवास और बुनियादी सुविधाएं

CM साय ने कहा कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे. इनका निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की गति और बढ़ी है. अब सड़कें, स्कूल और अस्पताल जैसे बुनियादी ढांचे दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रहे हैं.

70 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण

अपने कोरिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 70 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया और लगभग 85 करोड़ 54 लाख रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया. इससे जिले में विकास की दिशा और रफ्तार बढ़ने की उम्मीद जताई गई.

पर्यटन और प्रशासनिक ढांचे को मजबूती

मुख्यमंत्री ने महोत्सव के मंच से कई अहम घोषणाएं कीं. इनमें देवगढ़ छुरी धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना, पोड़ी पुलिस चौकी को थाना बनाना, पंडोपारा सहायता केंद्र को चौकी में उन्नत करना, पीडब्ल्यूडी कार्यालय और जिला पुरातत्व कार्यालय की स्थापना शामिल हैं. इसके साथ ही सड़कों, पुलों, बाईपास, ट्रांजिट हॉस्टल और ग्रामीण अधोसंरचना निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए.

मंत्रियों ने सराहा जिले का बदलता स्वरूप

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी जिले में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की. उनका कहना था कि कोरिया महोत्सव न केवल संस्कृति को नई पहचान देगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा.

कोरिया जिले की नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास कार्य सिर्फ निर्माण परियोजनाएं नहीं, बल्कि कोरिया जिले की नई पहचान और आत्मनिर्भर भविष्य की मजबूत नींव हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिले की विकास रफ्तार और तेज होगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close