मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम के कई मिजाज देखने को मिल रहे हैं. कुछ जगहों पर कड़ाके की ठंड है तो कहीं घने कोहरे का साया दिख रहा है. कहीं धूप खिली हुई है तो कुछ जगह रात में भी गर्मी का अहसास हो रहा है. मध्य प्रदेश में मौसम विभाग (Weather Department) का अनुमान है कि प्रदेश को ठंड से हल्की राहत मिलेगी, तापमान में वृद्धि होगी और कोहरे में कमी आएगी. दतिया, भिंड में अति घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही कहा गया है कि दो दिन बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन सकती है. छतरपुर जिले में कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी उठाने पड़ रही है, जबकि ग्वालियर में अच्छी धूप खिली है. खंडवा में आज सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला, सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब रही. वाहन चालकों को वाहन चलाने में समस्या का सामना करना पड़ा, उन्हें अपने वाहन की लाइट जला कर चलना पड़ा.
छत्तीसगढ़ की बात करें तो कोरिया जिले में दिन-रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में गिरावट का यह सिलसिला आगे भी बना रहेगा. जल्द ही जिले का तापमान गिरकर 6 डिग्री तक पहुंच सकता है. राजनांदगांव जिले में तापमान लगातार 10 से 11 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहता है. लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं. घने कोहरे की बीच ठिठुरन बढ़ने लगी है, शाम होती ही सड़के सूनी नजर आती हैं.
यह भी पढ़ें : Weather News : मध्य प्रदेश में कोहरे की वजह से सड़कों पर समस्या, तापमान में हुआ बदलाव