विज्ञापन
This Article is From Oct 01, 2025

अब छत्तीसगढ़ में 'स्मार्ट' रजिस्ट्री, नवा रायपुर में देश का पहला अत्याधुनिक पंजीयन कार्यालय शुरू, क्‍या बदलेगा?

Nava Raipur Smart Registration Office: छत्तीसगढ़ सरकार ने एक वर्ष के भीतर प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में 10 कार्यालयों को विकसित किया जा रहा है, नवा रायपुर का कार्यालय शुरू हो गया है.

अब छत्तीसगढ़ में 'स्मार्ट' रजिस्ट्री, नवा रायपुर में देश का पहला अत्याधुनिक पंजीयन कार्यालय शुरू, क्‍या बदलेगा?

Chhattisgarh Smart Registration Office: छत्तीसगढ़ में अब रजिस्ट्री की प्रक्रिया और आसान कर दी गई है. नवा रायपुर के अटल नगर में देश के पहले अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्घाटन बीते मंगलवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया. इस अवसर पर रायपुर की वीणा देवांगन ने सेल डीड कराई और डिजिटल भुगतान किया। उनकी रजिस्ट्री को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में कैशलेस भुगतान कराकर प्रदर्शित किया गया.

अब तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक रजिस्ट्री

यह कार्यालय पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य नागरिक सेवाओं को तेज, पारदर्शी और आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाना है। अब मकान, दुकान या जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए भीड़-भाड़ वाले सरकारी दफ्तरों में जाने की बजाय, नागरिक 12 से 15 मिनट में पासपोर्ट और एयरपोर्ट कार्यालय जैसे माहौल में अपनी रजिस्ट्री करा सकेंगे.

आधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय

नए स्मार्ट पंजीयन कार्यालयों को नागरिकों को सुखद और सुविधाजनक अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है. इसकी मुख्य विशेषताओं में अत्याधुनिक और वातानुकूलित परिसर शामिल है, जहां नागरिक आराम से अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे। यहां फ्री वाई-फाई और चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं, ताकि लोग अपने समय का सदुपयोग कर सकें। क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड की मदद से लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा और दस्तावेजों व शुल्क की जानकारी तुरंत मिल जाएगी. प्रशिक्षित हेल्पडेस्क स्टाफ हर कदम पर नागरिकों की सहायता करेगा. स्वच्छ पेयजल और एयरपोर्ट-स्टाइल वॉशरूम से स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है.

117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट बनाने का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ सरकार ने अगले एक वर्ष के भीतर प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में 10 कार्यालयों को विकसित किया जा रहा है, जिनमें से नवा रायपुर का यह कार्यालय पूरी तरह तैयार हो चुका है. इस मॉडल की सफलता को देखते हुए भारत सरकार भी इसी तर्ज पर देशभर में पंजीयन कार्यालयों को विकसित करने पर विचार कर रही है.

सीएम बोले- सुविधा ही सुशासन का मूल आधार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय प्रदेश में सुशासन और नागरिक सुविधाओं के नए युग की शुरुआत है. यह पहल छत्तीसगढ़ को एक कल्याणकारी राज्य के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी. उन्होंने कहा कि यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि नागरिक सुविधा ही सुशासन का मूल आधार है.

नागरिक सुविधाओं का नया मॉडल

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मौके पर विभागीय मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में नागरिक सुविधाओं का एक नया मॉडल है. उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालय में इतनी अत्याधुनिक सुविधाएं निश्चित ही छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव और सुशासन की नई दिशा को दर्शाती हैं.

राज्‍य देश का नेतृत्व करेगा

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नागरिक सेवाएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और स्मार्ट पंजीयन कार्यालय सरकार की सुशासन व नागरिक सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह राज्य न केवल पंजीयन सेवाओं में बल्कि अन्य नागरिक सेवाओं में भी देश का नेतृत्व करेगा। स्मार्ट पंजीयन कार्यालय नागरिकों के जीवन में सहजता, पारदर्शिता और विश्वास लाएंगे और सुशासन की एक नई पहचान स्थापित करेंगे.

ये भी पढ़ें: जबलपुर में बड़ा हादसा: भंडारे का प्रसाद खा रहे श्रद्धालुओं को अनियंत्रित बस ने रौंदा, 14 घायल

ये भी पढ़ें: MP News: अब सेंधवा पहुंची विजयवर्गीय के खिलाफ विरोध की आग, गुस्साए लोगों ने ऐसे निकाला गुस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com