छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक चार साल के मासूम की नाले में गिरकर मौत हो गई, जिसने नगर निगम की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक की पहचान काव्यांश के रूप में हुई है, जो अमलीडी का रहने वाला था.
लगातार हो रही बारिश के बीच इलाके में नाला निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन खुले पड़े नाले और जलभराव की वजह से एक मासूम की मौत हो गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की.
जानकारी के अनुसार, चार साल का काव्यांश अपनी बहन के साथ घर के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह पानी से भरे खुले नाले में जा गिरा. बच्चे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. हादसे के बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव और खुले नालों की शिकायतें लगातार की जाती रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया.
ये भी पढ़ें- प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी ने गिफ्ट में दिया बम, विस्फोट में पति-भाई की मौत; कोर्ट ने दी उम्रकैद की सजा