छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के अंतर्गत एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 जुलाई कर दी गई है. पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित थी. यह कार्यक्रम नवा रायपुर स्थित IIIT-NR में संचालित किया जाएगा.
इसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह ₹50,000 की फेलोशिप प्रदान की जाएगी. साथ ही उनकी ट्यूशन फीस का पूरा खर्चा छत्तीसगढ़ सरकार उठाएगा. तकनीकी शिक्षा को सुशासन और नवाचार से जोड़ने की इस अनूठी पहल के तहत राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ सीधे सरकार के प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा.
AI और डेटा साइंस में मिलेगा एक्स्पीरेंस
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप कार्यक्रम की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों में वास्तविक परियोजनाओं (Projects) पर कार्य करने का अवसर मिलेगा. इससे प्रतिभाशाली युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं डाटा साइंस के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा. साथ ही सरकार की डिजिटल सेवाओं और नवाचार आधारित पहलों में योगदान देने का अवसर भी मिलेगा.
छत्तीसगढ़ के रहने वाले इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस संबंध में विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए IIIT-NR की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण का अवलोकन किया जा सकता है. अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में दूरभाष क्रमांक 0771-2474048 एवं 0771-2474182 पर संपर्क किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- मध्य भारत में है अंग्रेजों के जमाने का इकलौता कॉफी बागान; क्यों खास है कुकरू, CM मोहन के दौरे से जगी उम्मीद