विज्ञापन

छत्तीसगढ़: मेडिकल स्टोर में सेल्समैन पूर्णिमा की गोली मारकर हत्‍या, दो साल पहले टूटी थी शादी

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जोंगरा गांव में दो नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े 25 वर्षीय युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका मायके में रहकर दवाई दुकान में काम करती थी. पुलिस नाकाबंदी कर जांच में जुटी है.

छत्तीसगढ़: मेडिकल स्टोर में सेल्समैन पूर्णिमा की गोली मारकर हत्‍या, दो साल पहले टूटी थी शादी

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जोंगरा में दिनदहाड़े एक 25 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद नकाबपोश आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे. इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और जोंगरा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम

घटनाक्रम के अनुसार, मृतका की पहचान 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है. पूर्णिमा सक्ती के ही एक मेडिकल स्टोर में सेल्समैन के तौर पर काम करती थी. अचानक दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने पूर्णिमा को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

गोली सीधे पूर्णिमा को लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं. दिनदहाड़े हुई इस अचानक फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा. गोली चलने की तेज आवाज सुनकर पूर्णिमा के परिजन और आसपास के लोग तुरंत भागते हुए घटनास्थल की ओर पहुंचे. परिजनों ने जब पूर्णिमा को खून से लथपथ हालत में देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. हालांकि, जब तक लोग मौके पर पहुंच पाते, दोनों नकाबपोश हमलावर अपनी बाइक से रफूचक्कर हो चुके थे.

पूर्णिमा चौहान की शादी पहले रायगढ़ जिले में हुई 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक  प्रफुल्ल ठाकुर स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्णिमा चौहान की शादी पहले रायगढ़ जिले में हुई थी. लेकिन किसी पारिवारिक विवाद या कारणों के चलते उसकी शादी टूट गई थी. वैवाहिक रिश्ता टूटने की वजह से पूर्णिमा पिछले दो वर्षों से सक्ती जिले के जोंगरा गांव में स्थित अपने मायके  में ही रह रही थी और यहीं रहकर एक दवाई दुकान में नौकरी कर अपना जीवनयापन कर रही थी.

सघन जांच और नाकाबंदी में जुटी पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से साक्ष्य और सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पूरे सक्ती जिले के सीमाओं और प्रमुख चौराहों पर कड़ा पहरा बैठाकर सघन नाकाबंदी कर दी गई है. संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की कड़ाई से चेकिंग की जा रही है.

आसपास के ग्रामीणों और चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों के हुलिए या उनकी बाइक के संबंध में कोई ठोस सुराग मिल सके. इसके साथ ही गांव और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

हर पहलू पर टिकी है पुलिस की नजर

इस अंधी हत्या के पीछे आखिर क्या वजह थी, यह अभी तक पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है. पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक रंजिश, पुरानी दुश्मनी या मृतका की टूटी हुई शादी से जुड़े विवाद सहित सभी संभावित और संवेदनशील पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

-प्रकाश कुमार साहू की र‍िपोर्ट 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close