MP Weather Alert: मध्य प्रदेश (Madhya Pradseh) में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, जिसमें बारिश, गरज चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. बदलते मौसम के चलते लोगों, खासकर किसानों और खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर और शिवपुरी जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज चमक देखने को मिल सकती है. इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. अचानक मौसम बदलने की स्थिति बन सकती है, जिससे फसलों और खुले में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है.
ग्वालियर-चंबल अंचल में आंधी और बिजली गिरने का खतरा
वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां जिलों में तेज आंधी और झंझावात का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. ऐसे में खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
तापमान में बढ़ोतरी से दिन में गर्मी बरकरार
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. कई संभागों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक बना हुआ है, जिसके कारण दिन के समय गर्मी का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है.
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सिस्टम का असर
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का सक्रिय होना है. इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बदलता रहेगा. हालांकि, अगले चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है. इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- MP के हाई सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ स्पेशल एजुकेटर को झटका, 31 मार्च से नहीं दे पाएंगे सेवाएं, शिक्षा विभाग का आदेश जारी
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें. वहीं आम नागरिकों को तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- भोपाल में बदमाशों का आतंक; 6 साल की बच्ची के सिर पर हमला, CCTV में कैद हुई वारदात