UPSC 2025 toppers Devangi Meena and Neeraj Nischal: UPSC 2025 के परिणाम में इस बार गुना जिले का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है. कुंभराज की देवांगी मीणा और गुना में पदस्थ एसडीओ फॉरेस्ट नीरज निश्चल ने न सिर्फ परीक्षा में सफलता हासिल की, बल्कि अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से जिले का मान बढ़ाया है. दोनों अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित हुए हैं, जिससे गुना में खुशी और गर्व का माहौल है.
देवांगी मीणा: आईआरएस से आईएएस तक का सफर
कुंभराज की रहने वाली देवांगी मीणा ने इस वर्ष UPSC में पूरे देश में 236वीं रैंक हासिल की है. पिछले साल उन्होंने 764वीं रैंक के साथ आईआरएस में चयन पाया था, लेकिन उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और बेहतर रैंक प्राप्त करने का लक्ष्य नहीं छोड़ा.
देवांगी की पढ़ाई विजयपुर के डीपीएस स्कूल से शुरू हुई थी. आगे की शिक्षा उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पूरी की. उनके पिता लीलाधर मीणा, जो नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड में कार्यरत हैं, देवांगी की सबसे बड़ी प्रेरणा रहे. देवांगी कहती हैं कि उनकी सफलता की कुंजी रोजाना 8 घंटे की अनुशासित पढ़ाई और एक स्पष्ट रणनीति रही.

Devangi Meena.
नीरज निश्चल: IFS से IAS तक का लक्ष्य पूरा
गुना में पिछले छह महीनों से एसडीओ फॉरेस्ट के रूप में पदस्थ IFS अधिकारी नीरज निश्चल ने भी UPSC में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. उन्होंने इस परीक्षा में 241वीं रैंक हासिल की है. नीरज वर्ष 2022 में भारतीय वन सेवा (IFS) के लिए चयनित हुए थे, लेकिन उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा था. इसी उद्देश्य से उन्होंने फिर से परीक्षा दी और इस बार IAS की सूची में जगह बना ली. UPSC की मुख्य परीक्षा अगस्त 2025 में हुई थी और इसके साक्षात्कार हाल ही में आयोजित किए गए थे.

Neeraj Nishchal.
गुना जिले में जश्न का माहौल
देवांगी और नीरज, दोनों की उपलब्धि से गुना जिले में जश्न और गर्व का माहौल है. परिवारों से लेकर स्थानीय लोगों तक, सभी इन सफल उम्मीदवारों को जिले की नई प्रेरणा मान रहे हैं. UPSC जैसे कठिन परीक्षा में गुना के दो युवाओं का एक साथ चमकना जिले के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गया है.