Tarana Violence VIDEO: उज्जैन जिले की तराना तहसील में बजरंग दल के पदाधिकारी पर हमले के बाद हालात बिगड़ गए. शुरुआती कार्रवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सुबह स्थिति संभलती दिखी, लेकिन दोपहर तक आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं. कई बसों, गाड़ियों और दुकानों में तोड़फोड़ हुई. प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर फ्लैग मार्च निकाला. अधिकारियों का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं, वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश को “शांति का टापू” बताया है.
हमले से शुरू हुआ तनाव
तराना निवासी बजरंग दल के नगर मंत्री सोहिल ठाकुर अवैध गतिविधियां और कथित लव जिहाद रोकने को लेकर सक्रिय थे. इसी रंजिश के चलते, गुरुवार रात करीब 7:30 बजे जब वे बड़ा श्रीराम मंदिर के पास खड़े थे, तब ईशान मिर्जा, सप्पान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद ने उन पर हमला कर दिया. सोहिल के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना फैली तो हिंदूवादी संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तराना थाने का घेराव किया.
रात में तोड़फोड़ और पथराव
घेराव के दौरान माहौल भड़क गया. बस स्टैंड पर खड़ी करीब एक दर्जन बसों, 10 कारों में तोड़फोड़ हुई. आधा दर्जन दुकानों और एक क्लिनिक पर भी पथराव किया गया. इससे नगर में तनाव तेजी से फैल गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी.
आगजनी से हालात और बिगड़े
स्थिति संभालने के लिए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने धारा 163 लागू की और एसपी प्रदीप शर्मा ने भारी पुलिस बल तैनात किया. रात में ही पुलिस ने छह आरोपियों (एक नाबालिग सहित) को गिरफ्तार कर लिया. सुबह तक माहौल शांत होता दिखा, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद हालात फिर बिगड़े. पहले स्क्रैप की दुकान में आग लगी, फिर महेश नगर में खड़ी आनंद ट्रेवल्स की बस में किसी ने आग लगा दी.
दोपहर में पथराव, दो समुदाय आमने-सामने
शुक्रवार करीब 2 बजे, नई बाखल क्षेत्र में एक ओर से बाबा रामदेव के ओटले को नुकसान पहुंचाने और एक महिला के घर पर पथराव की बात सामने आई. इसके विरोध में बड़ी संख्या में लोग लाठियां, डंडे, तलवारें लेकर निकल पड़े और दूसरी ओर बढ़ने लगे. समय रहते भारी पुलिस बल पहुंचा और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को संभाला.
MP है शांति का टापू- सीएम यादव
उज्जैन में तनाव के बीच CM डॉ. मोहन यादव का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शासन के लिए जानी जाती है. जहां ढिलाई हुई वहां कड़ाई से पेश आते हैं. मध्य प्रदेश शांति का टापू है, शांति भंग करने वालों से कड़ाई से निपटने में सक्षम हैं. भोजशाला में पूजा और नमाज पर भी सीएम ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि SC के आदेश पर प्रशासन ने बहुत अच्छा काम किया है. भोजशाला में पूजा और नमाज दोनों निर्विघ्न करवाई गई.
कड़े कदम: धारा, फोर्स और फ्लैग मार्च
लगातार घटनाओं के बाद कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा ने भारी पुलिस फोर्स के साथ तनावग्रस्त क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया. कलेक्टर ने कहा कि लगातार गश्त जारी है और स्थिति कंट्रोल में है. एसपी के मुताबिक, सोहिल पर हमला करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बस जलाने के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच चल रही है.
गिरफ्तारियां और हिरासत
उपद्रव और आगजनी के सिलसिले में 18 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने कहा कि CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.