Ujjain Violence: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में महिदपुर रोड स्थित गोगापुर इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे दो बाइकों की टक्कर हो गई. एक बाइक पर शिकारीखेड़ा के महिला और पुरुष सवार थे. टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. मौके पर बंजारा समाज के लोग भी इकट्ठा हो गए. सूचना मिलने पर डायल 112 पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया.
थाने के पास फिर भड़का विवाद
समझाइश के बाद भी एक पक्ष के लोग महिदपुर रोड थाने के पास पोरवाल धर्मशाला के बाहर इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे. इसी दौरान विवाद दोबारा भड़क गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी रामसिंह भाबोर, एएसआई सुरेशचंद्र सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल और आरक्षक मदन पग्गी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस पर पथराव, TI गंभीर घायल
भीड़ को हटाने के दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया. इस हमले में TI रामसिंह भाबोर के सिर और आंख के पास गंभीर चोट आई है.
एएसआई सुरेशचंद्र सोनगरा की पीठ और हाथ में चोट लगी है. प्रधान आरक्षक समरथलाल और आरक्षक मदन पग्गी भी घायल हुए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
इन आरोपियों पर मामला दर्ज
घटना के बाद आरक्षक मदन की शिकायत पर पुलिस ने रतन बंजारा, भारत बंजारा, सरदार बंजारा, तोफान बंजारा, हाकम बंजारा, वकील बंजारा, गीताबाई बंजारा सहित अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और पथराव के आरोप में केस दर्ज किया है. पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर अन्य की तलाश शुरू कर दी है. घटना के दौरान का वीडियो और फोटो सामने आए हैं, जिनमें लोगों को हंगामा करते और पथराव करते देखा जा सकता है.