सावन महीने में विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. सावन के ही दौरान शहर दर्शन के लिए महाकाल की सवारी भी निकलती है जिसमें देशभर से अपार भीड़ जुटती है. इसी भीड़ में वारदात को अंजाम देने के फिराक में चोर-लुटेरे भी सक्रिय हो गए हैं. इसका पता तब चला जब महाकाल थाना पुलिस ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश के 19 महिला व पुरुष बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से धारदार हथियार, मास्टर चाबियां और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं.
भीड़ में जेब तराशी और ताले तोड़ने की फिराक में थीं 6 महिलाएं
सवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए चलाई जा रही चेकिंग के दौरान हरसिद्धि चौराहे के पास से 6 महिलाओं को पकड़ा गया. पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे सावन की भीड़ में जेब तराशी, चोरी और रात में सूने मकानों के ताले तोड़ने की नीयत से आई थीं. इनके पास से धारदार हथियार, लोहे के पाइप, पेचकस और मास्टर चाबियां मिली हैं.
सूने मकानों में डकैती की योजना बनाते 6 युवक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कोट मोहल्ला क्षेत्र से 6 युवकों को दबोचा. ये आरोपी सावन के दौरान खाली रहने वाले मकानों में डकैती और चोरी की योजना बना रहे थे. पुलिस ने इनके कब्जे से तलवार, चाकू, प्लायर और मास्टर चाबियों का गुच्छा जब्त किया है.
हरियाणा के 7 बदमाश हथियारों के साथ हत्थे चढ़े
तीसरी सफलता में पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल क्षेत्र से आए 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया. यह गिरोह भी महाकाल की सवारी के दौरान शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. इनके पास से चाकू और औजार बरामद हुए हैं. एएसपी आलोक शर्मा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी बाहरी राज्यों के हैं. पुलिस सभी 19 आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि उज्जैन सहित आसपास के जिलों में हुई चोरी, नकबजनी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में इनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके. पूछताछ में कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: भोपाल में महिला वकील ने बना डाली फर्जी क्राइम ब्रांच, MD ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देकर करते थे लूट