Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में दिल्ली के एक युवक ने खुद को केंद्र सरकार का संयुक्त सचिव बताकर सर्किट हाउस में दो कमरे बुक करा लिए. साथ ही उसने, भस्म आरती में शामिल होने की बुकिंग कराने का प्रयास किया. लेकिन, सर्किट हाउस पहुंचने पर मामला ऐसा फंसा कि वह जेल पहुंच गया.
दरअसल, दिल्ली के द्वारकापुरी निवासी अतुल कुमार ने दो दिन पहले महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक को कॉल किया. उसने खुद को एविएशन मंत्रालय का संयुक्त सचिव बताकर भस्म आरती बुकिंग कराने की कोशिश की. साथ ही उसने जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल अधिकारी को भी झांसे में लेकर देवास रोड स्थित सर्किट हाउस में दो कमरे बुक करवा लिए.
आईडी नहीं दिखाने पर स्टाफ को हुआ शक
शनिवार 11 अगस्त शाम अतुल अपने दोस्त और परिवार के साथ सर्किट हाउस पहुंचा. प्रोटोकॉल में तैनात स्टाफ ने जब उससे आईडी मांगी तो वह टालने लगा. इस पर स्टाफ को शक हुआ. इसके बाद संबंधित मंत्रालय से जानकारी जुटाई गई तो अधिकारी हैरान रह गए. पता चला कि वह वहां किसी पद पर नहीं है. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, देर रात महाकाल थाना पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. टीआई गगन बादल ने बताया कि आरोपी अतुल ने हाई कोर्ट रजिस्ट्रार के यहां से भी पत्र भिजवाया था.
साथियों की भूमिका की जांच
महाकालेश्वर मंदिर के सुरक्षा प्रभारी जयंत राठौर ने बताया कि आरोपी को महाकाल थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसके साथ मौजूद लोगों की इस मामले में क्या भूमिका है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने फर्जी पहचान बनाकर और किन-किन जगहों पर फायदा उठाया है.
VIDEO: महिलाओं के अंडरगारमेंट चोरी, युवक ने 40 सेकंड में की वारदात, फुर्ती CCTV में कैद