ग्वालियर में एक महिला इंस्टाग्राम पर चैटिंग करती थी. पति को किसी के साथ अफेयर का संदेह था. इसी संदेह में पति ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चार महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
सोते समय पहले बाल काटे, फिर चाकू से किए वार
जानकारी के अनुसार, जनकगंज थाना अंतर्गत बावन पाएगा इलाके में निशा अहिरवार नामक महिला का मायका है. कुछ दिनों पहले उसका पति विकास पाल से विवाद हो गया था. इसके बाद से वह मायके में रह रही थी.
रविवार रात निशा जब मायके में सो रही थी, तभी शराब के नशे में पति विकास पाल आ धमका. पहले उसने निशा के बाल काटे और उसके बाद निशा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले से निशा के चेहरे, पीठ और हाथ में गहरे घाव हो गए हैं.
4 महीने पहले की थी लव मैरिज
हमले की वजह निशा का इंस्टाग्राम पर चैटिंग करना बताया जा रहा है. विकास को निशा पर संदेह था कि उसका किसी के साथ अफेयर चल रहा है और वह उससे चैटिंग करती है. वारदात के बाद आरोपी विकास मौके से भाग निकला. विकास पेशे से मजदूर है और ठेला लगाकर जीवन यापन करता है.
बताया गया है कि निशा ने चार माह पहले विकास से प्रेम विवाह किया था. इस विवाह को लेकर दोनों के परिवार राजी नहीं थे. विकास गोल पहाड़िया इलाके का रहने वाला है. वहीं घटना के दौरान घर में निशा के अलावा उसकी बहनें थीं, जबकि मां क्रांति बाजार गई हुई थीं.
आंखों में मिर्ची झोंककर 26KG चांदी-सोना समेत 1.8 करोड़ की लूट का खुलासा, पूरा माल बरामद
अस्पताल में भर्ती, आरोपी पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल निशा को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल निशा की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी विकास पाल को हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है.