विज्ञापन

उज्जैन को मिली 'डबल डेकर' बस की सौगात : महाशिवरात्रि तक हाईटेक बस में मुफ्त कर सकेंगे सफर

Electric Bus in Ujjain: उज्जैन में महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को पहली बार इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस में निशुल्क सफर करने का मौका मिलेगा. चेन्नई से आई यह हाईटेक बस तीन दिनों तक शहर में सेवा देगी. जानिए इस बस की खूबियां और भविष्य की योजनाएं.

उज्जैन को मिली 'डबल डेकर' बस की सौगात : महाशिवरात्रि तक हाईटेक बस में मुफ्त कर सकेंगे सफर

Ujjain Double Decker Bus: धर्म और आस्था की नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का सफर अब और भी यादगार होने वाला है. गुरुवार को चेन्नई से एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डबल डेकर बस उज्जैन पहुंची. यह बस श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार से लेकर आगामी तीन दिनों तक निशुल्क सेवा प्रदान करेगी. इस बस का उद्देश्य त्योहार के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और भक्तों को सुगम यातायात उपलब्ध कराना है.

सीएम के भाई की पहल, दोस्त की कंपनी से मंगवाई बस

फ्रीगंज स्थित टॉवर चौक पर खड़ी इस बस को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भाई और व्यवसायी गोविंद यादव ने इस बस को उज्जैन में मंगवाया है. उन्होंने बताया कि यह बस उनके एक मित्र की कंपनी की है. महाशिवरात्रि पर बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह डेमो बस विशेष रूप से मंगवाई गई है. शनिवार से प्रशासन द्वारा तय किए गए रूटों पर यह बस पूरी तरह निशुल्क संचालित होगी.

'इंडिया मेड' अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस: क्या है खासियत?

बस के चालक राघवेंद्र के अनुसार, यह भारत में निर्मित पहली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस है, जिसे 'स्विच मोबिलिटी' (Switch Mobility) कंपनी ने बनाया है. इस बस की कुछ प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं:

  • सिटिंग कैपेसिटी: बस के निचले हिस्से में 30 और ऊपरी मंजिल पर 35 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है. इसके अलावा 30 लोग खड़े होकर भी सफर कर सकते हैं.
  • पूरी तरह सुरक्षित: यह बस सीसीटीवी कैमरों से लैस है और पूरी तरह ऑटोमैटिक है.
  • प्रदूषण मुक्त: इलेक्ट्रिक होने के कारण यह बस ध्वनि और वायु प्रदूषण नहीं फैलाती, जो उज्जैन जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक शहर के लिए वरदान है.

उज्जैन को जल्द मिलेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें

इस डेमो बस के आगमन के बीच उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल ने एक बड़ी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की 'पीएम-ई बस सेवा' (PM-eBus Sewa) योजना के तहत उज्जैन के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसें मंजूर की गई हैं. ये बसें न केवल शहर के भीतर, बल्कि आसपास के धार्मिक स्थलों और शहरों तक भी चलेंगी. हालांकि, इन सरकारी बसों के आने में अभी समय लग सकता है, लेकिन वर्तमान में यह डबल डेकर बस श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: महाकाल के दरबार पर पहुंची जैकलिन फर्नांडिस, एकता कपूर ने भी 5 अभिनेत्रियों के साथ किए दर्शन

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close