मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरघार गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी मांग मनवाने के लिए गगनचुंबी मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक का कहना था कि उसके घर के पास रास्ते में लगा कचरे का ढेर (घूरा) जब तक नहीं हटाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा.
"कचरा हटाओ नहीं तो दे दूंगा जान" की जिद पर अड़े युवक को देखकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. मामला शुक्रवार देर शाम का बताया गया है. फिलहाल इस मामले में स्थानीय पंचायत को कचरा हटाने की व्यवस्था करने की हिदायत दी गई है.
पंचायत से नहीं मिली राहत, तो चुना यह रास्ता
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान खरईभाट निवासी कुलदीप परिहार (पुत्र अमर सिंह परिहार) के रूप में हुई है. कुलदीप के मुताबिक, उसके घर के पास मुख्य रास्ते पर लंबे समय से कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
उसने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर उसने कई बार ग्राम पंचायत में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते कोई सुनवाई नहीं हुई. इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना की भनक लगते ही सिरसौद थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. टावर के नीचे खड़े होकर पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया. करीब एक घंटे तक चली कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में कामयाब रही.
सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि युवक को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है. उसकी शिकायत बेहद संवेदनशील है, जिसे संबंधित विभाग तक भेजकर जल्द से जल्द रास्ते से कचरा हटवाने की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने युवक को शांत कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पंचायत प्रशासन को भी इस समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: जुलाई में और मजबूत होगा मानसून, MP में आज मूसलाधार बारिश का कई जिलों में अलर्ट