Shivpuri Student Suicide Case: शिवपुरी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक कॉलेज की छात्रा ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. उसे अस्पताल ले जाने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूरा मामला संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है. घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है और छात्रा की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
होटल के कमरे में मिली छात्रा की लाश
फिजिकल थाना क्षेत्र के एक होटल में 20 वर्षीय नैनसी राठौर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. नैनसी सेसई की रहने वाली थी और शहर के एक शासकीय कॉलेज में पढ़ाई करती थी. घटना के समय वह अपने गांव के ही युवक अंकुश रावत के साथ युवराज होटल आई थी.
प्राथमिक जांच के अनुसार, होटल के कमरे में नैनसी और अंकुश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसी दौरान नैनसी ने कथित तौर पर फांसी लगा ली. घटना के बाद अंकुश ने उसे तुरंत नीचे उतारा और अस्पताल ले गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
अस्पताल प्रबंधन को मामला लगा संदिग्ध
अंकुश ने छात्रा को निजी एमएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने फिजिकल थाना को इसकी जानकारी दी और मौके पर पहुंची टीम ने अंकुश को हिरासत में ले लिया.
पुलिस अब अंकुश रावत से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कमरे में वास्तव में क्या हुआ था. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
परिजनों ने जताई अनभिज्ञता
मृतका के पिता ने बताया कि अंकुश उनके ही गांव का रहने वाला है और बाहर नौकरी करता है. कुछ दिन पहले ही वह शहर लौटा था. पिता ने कहा कि बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह उन्हें नहीं पता, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि पुलिस की जांच में सच सामने आ जाएगा.
फिजिकल थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला गंभीर और संदिग्ध है. आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सारी परिस्थितियों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है और जांच पूरी होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.