विज्ञापन

छत्तीसगढ़: एक ही दिन दो विद्यार्थियों की आत्महत्या, 11वीं की छात्रा और बीसीए छात्र ने छोड़ी दुनिया

छत्तीसगढ़ के दुर्ग (भिलाई) से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही दिन 11वीं कक्षा की छात्रा और बीसीए सेकेंड ईयर के छात्र ने आत्महत्या कर ली. छात्रा के पास सुसाइड नोट मिला, जबकि कॉलेज छात्र के मामले में कारण स्पष्ट नहीं है.

छत्तीसगढ़: एक ही दिन दो विद्यार्थियों की आत्महत्या, 11वीं की छात्रा और बीसीए छात्र ने छोड़ी दुनिया

Chhattisgarh Suicide News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग (भिलाई) से एक बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है. यहां एक ही दिन में दो विद्यार्थियों ने आत्महत्या कर ली. एक तरफ 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा की मौत हुई, तो दूसरी ओर कॉलेज में बीसीए सेकेंड ईयर के छात्र ने भी अपनी जान दे दी. इन दो घटनाओं ने न सिर्फ परिवारों को गहरे सदमे में डाला है, बल्कि समाज और व्यवस्था के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

पहला मामला: 11वीं की छात्रा ने लगाई फांसी

पहला मामला भिलाई के अकलोरडीह इलाके का है. यहां रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा वीणा ठाकुर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वीणा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरवाय में पढ़ती थी. परिवार के लोगों के मुताबिक, वह रात करीब 3 बजे पढ़ाई करने के लिए ऊपर के कमरे में गई थी.

सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुला, फिर...

सुबह करीब 6 बजे जब परिजनों ने उसे जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया, तो भीतर से कोई जवाब नहीं मिला. काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया. अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए. वीणा कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली.

मां का साया पहले ही उठ चुका था

परिजन बताते हैं कि वीणा की मां का करीब 15 साल पहले ही निधन हो चुका था. इसी वजह से वह अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी. हाल ही में वह अपने पिता और अन्य रिश्तेदारों से मिलने उनके घर भी गई थी. परिवार का कहना है कि किसी को भी अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी.

सुसाइड नोट में माफी के शब्द

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें वीणा ने अपने मां‑पिता, मामा‑मामी और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगी थी. उसने लिखा था “सॉरी मम्मी पापा, मामा मामी, अब मैं कभी आपको परेशान नहीं करूंगी.” इस नोट ने परिवार का दर्द और बढ़ा दिया.

दूसरा मामला: बीसीए छात्र ने भी की आत्महत्या

इसी दिन दूसरा मामला भिलाई के रुंगटा कॉलेज से जुड़ा सामने आया. यहां बीसीए सेकेंड ईयर में पढ़ने वाले उमेश कुमार साहू ने भी आत्महत्या कर ली. उमेश होहका क्षेत्र के आर्य नगर का रहने वाला था और अपने घर में ही पंखे से फांसी लगाई. परिवार के अनुसार, सुबह काफी देर तक जब उमेश के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें शक हुआ. कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां उमेश का शव पंखे से लटका हुआ मिला. इस मामले में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव, जांच जारी

दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अब तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है. विद्यार्थियों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की हिस्ट्री खंगाली जा रही है, ताकि किसी तरह के दबाव या परेशानी का पता चल सके.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close