विज्ञापन

10वीं की परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर आई छात्रा ने की आत्महत्या, 3 दिन बाद शुरू होना है बोर्ड एग्जाम

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा से तीन दिन पहले एक छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया. परिवार के अनुसार, वह एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी और सामान्य दिख रही थी.

10वीं की परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर आई छात्रा ने की आत्महत्या, 3 दिन बाद शुरू होना है बोर्ड एग्जाम

Student Suicide Before Board Exam: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है. 10वीं बोर्ड परीक्षा शुरू होने में केवल तीन दिन बचे थे और इसी बीच स्वामी आत्मानंद स्कूल की 16 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. एडमिट कार्ड लाने के बाद वह बिल्कुल सामान्य और खुश नजर आ रही थी, जिससे परिवार भी उसकी अचानक हुई इस घटना को समझ नहीं पा रहा है.

परिवार के साथ रहती थी छात्रा

नारायणी साहू घासीदास नगर में अपने माता‑पिता और चार बहनों के साथ रहती थी. वह पांच बहनों में तीसरे नंबर पर थी. पढ़ाई में ठीक थी और हाल ही में ही स्कूल से 10वीं बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर आई थी.

एडमिट कार्ड लाने के बाद खुश थी नारायणी

उसकी बड़ी बहन ने बताया कि नारायणी कल दोपहर एडमिट कार्ड लेकर आई और खुशी‑खुशी बोली कि परीक्षा वह आसानी से पास कर लेगी. रात को उसने परिवार के साथ खाना खाया और बहनों के साथ लगभग 12 बजे तक पढ़ाई भी की. परिवार के अनुसार, उसके व्यवहार में किसी भी तरह की परेशानी नजर नहीं आई.

सुबह मिली दर्दनाक खबर

परिवार के सभी सदस्य सो गए थे. सुबह करीब 5 बजे जब नारायणी की मां उठीं, तो उन्होंने देखा कि वह घर के हाल में दुपट्टे से लटकी हुई है. चीख सुनकर सभी परिजन जागे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा.

नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पुलिस को घटना स्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है. परिवार को भी किसी तरह की ऐसी चिंता याद नहीं जो नारायणी के मन में चल रही हो. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी सामान्य दिख रही बच्ची ने ऐसा कदम क्यों उठाया.

परीक्षाएं शुरू होने में थे सिर्फ तीन दिन

नारायणी 21 तारीख से शुरू होने वाली 10वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी. उसका एडमिट कार्ड भी मिल चुका था और वह नियमित रूप से पढ़ाई कर रही थी. ऐसे में उसके इस फैसले ने परिवार को पूरी तरह से सदमे में डाल दिया है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close