Madhya Pradesh Bus Accident: शिवपुरी जिले की कोलारस तहसील में एक बड़ा हादसा उस वक्त हो गया, जब एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर बाजार में घुस गई. भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से पूरे हाट बाजार में अफरा‑तफरी मच गई. गनीमत यह रही कि बस में सवारी नहीं थी, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था.
हाट बाजार में अचानक घुसी बस
यह घटना गुरुद्वारे के पास स्थित हाट बाजार की है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में आ रही थी और अचानक दुकानें तोड़ती हुई अंदर घुस गई. देखते ही देखते बाजार में मौजूद लोग इधर‑उधर भागने लगे और कुछ ही देर में पूरा इलाका हड़कंप में आ गया. हादसे में दो दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक 18 वर्षीय युवक और एक 45 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इसके अलावा एक सब्जी विक्रेता अपनी दुकान में फंस गया, जिसे हल्की चोटें आईं. कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें लगने की जानकारी सामने आई है.
सब्जी दुकानों को हुआ भारी नुकसान
बस की टक्कर से सड़क किनारे लगी कई सब्जी दुकानों को नुकसान पहुंचा. ठेले पलट गए, सामान बिखर गया और दुकानदारों को आर्थिक क्षति झेलनी पड़ी. हादसे के बाद बाजार का माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा.
ड्राइवर की तबीयत बिगड़ने से हुआ हादसा
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उसे चक्कर आ गया, जिस कारण बस पर उसका नियंत्रण नहीं रह पाया. होश में आने के बाद उसने बस संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक यह हादसा हो चुका था.
नाराज लोगों ने किया पथराव
हादसे के बाद बाजार में मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज भीड़ ने बस पर पथराव कर दिया और कुछ लोगों ने लाठियों से भी बस पर हमला किया. स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद लोग इकट्ठा हो गए.
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और घटना की जांच शुरू कर दी है. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे जानमाल का बड़ा नुकसान टल गया.