विज्ञापन

देवास में बड़ा सड़क हादसा, यात्री बस और कार की जोरदार भिड़ंत, 10 लोग घायल

देवास जिले में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. कुसमानिया‑हरणगांव मार्ग पर यात्री बस और कार की आमने‑सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि बस का कमानी पत्ता टूटने से वाहन बेकाबू हो गया.

देवास में बड़ा सड़क हादसा, यात्री बस और कार की जोरदार भिड़ंत, 10 लोग घायल

Dewas Road Accident: देवास जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. तड़के कुसमानिया‑हरणगांव मार्ग पर यात्री बस और एक चार पहिया वाहन की आमने‑सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा‑तफरी मच गई. इस दुर्घटना में करीब 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है. राहत की बात यह रही कि किसी की जान जाने की खबर नहीं है.

भिलाई गांव के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना देवास जिले के कन्नौद थाना क्षेत्र में कुसमानिया के पास भिलाई गांव के नजदीक हुई. सड़क पर अचानक तेज आवाज के साथ दोनों वाहन टकरा गए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की.

बस का कमानी पत्ता टूटने से बिगड़ा संतुलन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब चलती बस का कमानी पत्ता अचानक टूट गया. इसके चलते बस चालक का नियंत्रण वाहन पर नहीं रहा और सामने से आ रही चार पहिया गाड़ी से बस टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

कन्नौद से लाड़कुई जा रही थी बस

बताया जा रहा है कि यात्री बस कन्नौद से कुसमानिया होते हुए ग्राम लाड़कुई की ओर जा रही थी. बस में कई यात्री सवार थे. हादसे के बाद यात्रियों में चीख‑पुकार मच गई और कई लोग चोटिल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही कन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया. पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया है. हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी खराबी के चलते यह दुर्घटना हुई, लेकिन हर पहलू से मामले की जांच की जाएगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close