विज्ञापन

Gen-Z Protest MP: सीहोर में बढ़े बस किराए पर भड़के छात्र, बस स्टैंड किया ठप; विधायक के आश्वासन पर माने

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में बढ़े बस किराए से नाराज छात्रों ने बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया. लंबे हंगामे के बाद छात्र विधायक रमाकांत भार्गव के आश्वासन पर माने और धरना समाप्‍त किया.

Gen-Z Protest MP: सीहोर में बढ़े बस किराए पर भड़के छात्र, बस स्टैंड किया ठप; विधायक के आश्वासन पर माने
sehore bherunda gen z students protest bus fare hike chakkajam.

केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र सीहोर जिले के भेरुंदा में मंगलवार को बढ़े हुए बस किराए के विरोध में छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. पॉलिटेक्निक, आईटीआई और कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बस स्टैंड पर एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए किराए को तत्काल वापस लेने और विद्यार्थियों के लिए स्थायी रियायती बस पास की मांग की.

छात्रों ने बताया कि किराए में बढ़ोतरी के विरोध में कुछ दिन पहले आईटीआई के विद्यार्थियों ने स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन के माध्यम से किराए में राहत देने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया, जिससे असंतुष्ट होकर विद्यार्थियों को सड़कों पर उतरना पड़ा.

छात्रों पर बढ़ा आर्थिक बोझ

प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों ने बताया कि आईटीआई, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र आसपास के ग्रामीण इलाकों से रोजाना बसों से आते हैं. किराया बढ़ने से उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आने वाले छात्रों के लिए हर दिन बढ़ा हुआ किराया देना संभव नहीं है.

विद्यार्थियों की तीन प्रमुख मांगें 

  • बढ़ा हुआ बस किराया तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए
  • रोजाना सफर करने वाले विद्यार्थियों को बस किराए में विशेष छूट मिले
  • कॉलेज और आईटीआई छात्रों के लिए स्थायी रियायती बस पास जारी किए जाएं

विधायक के आश्वासन के बाद खत्म हुआ चक्काजाम

बस स्टैंड पर छात्रों के जमावड़े और नारेबाजी के कारण काफी देर तक आवागमन बाधित रहा. पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने. इसके बाद बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव खुद प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही जिला परिवहन अधिकारी (RTO) और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे. विधायक के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया.

5 महीने पहले लव मैरिज, पति ने कहा- वो भाग गई; लापता युवती का शव तालाब में पत्थरों से बंधा मिला 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close