Satna Crime News: मध्य प्रदेश के सतना जिले में पेट्रोल पंप में खुल्ले पैसों को लेकर हुई कहासुनी बड़े विवाद में तब्दील हो गई. बहस के कुछ देर बाद बाइक सवार युवक बेसबॉल का डंडा लेकर आया और सेल्समैन पर दनादन हमला कर दिया. घटना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में स्थित बिचपुरिया पेट्रोल पंप की है. गुरुवार देर रात हुई सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सामने आया है.
https://www.facebook.com/reel/26516215751328071 एक क्लिक पर देखें वीडियो
जानकारी के अनुसार, बल्लू मुसलमान नामक युवक ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी धीरू पर बेसबॉल के डंडे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले आरोपी और कर्मचारी के बीच खुल्ले पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी. विवाद के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद बेसबॉल बैट लेकर वापस लौटा और धीरू पर हमला कर दिया. उसने बेसबॉल बैट से कर्मचारी के सिर पर वार किए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया. घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई. अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
सिर पर लगी चोट, कर्मचारी अस्पताल में भर्ती
चिकित्सकों के अनुसार, कर्मचारी के सिर में गहरी चोट होने के कारण उसे निगरानी में रखा गया है. मामले की सूचना मिलते ही नागौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
थाना प्रभारी अशोक पांडेय ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है. आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.