विज्ञापन

बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने जलाई 70 एकड़ गेहूं की फसल, सतना में कई किसान बर्बाद 

Satna Fire: सतना में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई. ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लगभग 70 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई.

बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने जलाई 70 एकड़ गेहूं की फसल, सतना में कई किसान बर्बाद 
कई किमी दूर तक दिखाई दिया आग का धुंआ.

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना हल्का में रविवार को भीषण आग ने किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचाया. खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से निकली चिंगारी ने अचानक आग का रूप ले लिया, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेतों में खड़ी लगभग 70 एकड़ गेहूं की फसल इसकी चपेट में आ गई और कुछ ही समय में जलकर राख हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली के तारों की चिंगारी से लगी आग हवा के कारण तेजी से फैलती चली गई. किसानों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन समय पर फायर ब्रिगेड के नहीं पहुंचने से स्थिति और गंभीर हो गई. स्थानीय ग्रामीणों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था.

लााखों रुपये की फसल जली 

इस घटना में लाखों रुपये की गेहूं की फसल नष्ट हो गई, जिससे प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए बिजली लाइनों की नियमित जांच और उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

इन किसानों को हुआ बड़ा नुकसान 

ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लगभग 70 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी. जिन किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है, उनमें सोमेश मिश्रा, सोनू मिश्रा, रतन मिश्रा, अवधेश तिवारी एवं ध्रुव कुमार तिवारी समेत करीब 15 किसान शामिल हैं. 

दिल्ली से उज्जैन आया ‘जॉइंट सेक्रेटरी' पहुंचा जेल, खुद को अफसर बताकर सर्किट हाउस में बुक किए रूम, ऐसे खुली पोल

सोमवार को बेटी का तिलक, उससे पहले जल गई फसल 

ध्रुव कुमार तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी का सोमवार को मैहर तिलक जाना था. उन्होंने कहा कि इस साल फसल अच्छी हुई थी और बेटी की शादी की पूरी व्यवस्था खेती पर ही निर्भर थी. लेकिन, अब समझ नहीं आ रहा है क्या ही करेंगे. 

स्कूल ड्रेस में मजदूरी, 300-400 रुपये के लिए अवैध भट्ठे पर काम कर बच्चे, प्रशासन मौन  

नुकसान का किया जाएगा आकलन 

घटना की जानकारी मिलने पर सिंहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़ित किसानों से नुकसान की जानकारी ली.  किसानों को हुई क्षति का वास्तविक आकलन सोमवार को राजस्व विभाग की टीम द्वारा किया जाएगा. 
 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close