विज्ञापन

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के खाते से उड़ाए ₹1.76 लाख, मैसेज तक नहीं आया, दान देने के लिए रखे थे

मध्य प्रदेश के सागर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन के बैंक खाते से साइबर ठगों ने ₹1.76 लाख उड़ा लिए. हैरान करने वाली बात यह रही कि खाते से पैसे निकलने का कोई मैसेज तक नहीं आया. पीड़ित ने बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है.

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के खाते से उड़ाए ₹1.76 लाख, मैसेज तक नहीं आया, दान देने के लिए रखे थे

मध्य प्रदेश के सागर जिले से साइबर ठगी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. साइबर शातिरों ने इस बार एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को अपना शिकार बनाया है. ठगों ने उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1 लाख 76 हजार 902 रुपये निकाल लिए. ताज्जुब की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम निकलने के बावजूद उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बैंक की तरफ से कोई अलर्ट या मैसेज तक नहीं आया.

ठगी का पता चलने के बाद बुधवार दोपहर करीब 1 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन अपने बेटे संतोष जैन के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है.

मंदिर में दान के लिए जमा कर रहे थे पेंशन के पैसे

जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन का सागर के कटरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पिछले करीब 80 सालों से खाता है. इसी बैंक खाते में उनकी पेंशन आती है. मंगलवार को जब उनके बेटे संतोष जैन बैंक पहुंचे और पासबुक अपडेट कराकर खाते की जानकारी ली, तो जमा राशि कम देखकर उनके होश उड़ गए. बैंक अधिकारियों से पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि खाते से तीन किश्तों में रकम निकाली गई.   

3 ट्रांजेक्शन में साफ हुआ बैंक अकाउंट

पीड़ित के बेटे संतोष जैन के अनुसार पहली बार में 1 लाख रुपये, दूसरी बार में 2 रुपये और फ‍िर 76 हजार 900 रुपये निकाले गए. इस तरह कुल 1,76,902 रुपये खाते से उड़ा लिए गए. उन्होंने बताया कि उनके पिता मंदिर में दान करने के उद्देश्य से अपनी पेंशन का पैसा बैंक में जमा कर रहे थे.

BJP विधायक प्रीतम लोधी का कटा चालान, तिरंगा यात्रा में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर भरना पड़ा 250रु जुर्माना

न मैसेज आया, न कोई फर्जी कॉल 

मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि बैंक खाते से रकम कटने के दौरान मोबाइल पर कोई मैसेज या ओटीपी (OTP) नहीं आया. इसके अलावा किसी अज्ञात व्यक्ति का कोई फ्रॉड फोन या मैसेज भी प्राप्त नहीं हुआ था. एसपी कार्यालय पहुंचकर ताराचंद जैन और उनके बेटे ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है. उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने और ठगी गई पूरी राशि वापस दिलाने की मांग की है. साइबर सेल अब बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल ट्रेल के जरिए ठगों की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है. 

जमीनों के दाम उछलेंगे, 45 मिनट में पहुंचेगा अनाज, ₹1758 करोड़ के भोपाल-विदिशा फोरलेन से क्‍या-क्‍या बदलेगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close