विज्ञापन

MP: जहरीली शराब कांड के बीच आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 20 वर्ष से तैनात मंजूषा सोनी को पद से हटाया

सागर की सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंजूषा सोनी को FL-10 विदेशी मदिरा भंडार प्रभारी से हटाया गया है. वह संभागीय उड़नदस्ता सागर में 20 साल से तैनात थीं. आबकारी आयुक्त ने मंगलवार को आदेश जारी किया, हालांकि कारण स्पष्ट नहीं हैं.

MP: जहरीली शराब कांड के बीच आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 20 वर्ष से तैनात मंजूषा सोनी को पद से हटाया
20 साल से सागर में जमीं अधिकारी मंजूषा सोनी हटाई गईं.

मध्य प्रदेश में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. करीब 20 वर्षों से सागर में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंजूषा सोनी को उनकी वर्तमान जिम्मेदारी से हटा दिया है. उधर, शराब कांड को लेकर सियासत के बीच प्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का बयान सामने आया है.

मध्य प्रदेश के आबकारी आयुक्त के मंगलवार को जारी आदेश में बताया गया है कि मंजूषा सोनी को प्रभारी अधिकारी, विदेशी मदिरा भंडार सागर (FL-10) के पद से हटाकर सहायक जिला आबकारी अधिकारी, कार्यालय संभागीय उड़नदस्ता, संभाग सागर में पदस्थ किया गया है.

लंबे समय से संभाल रही थीं जिम्मेदारी

मंजूषा सोनी लंबे समय से सागर में आबकारी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही थीं. उनके पास सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ-साथ विदेशी मदिरा भंडार सागर (FL-10) के प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी भी थी. इनके तबादले को विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.

हालांकि, पदस्थापना आदेश में मंजूषा सोनी को हटाए जाने का कारण स्पष्ट रूप से उल्लेखित नहीं किया गया है. यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब जहरीली शराबकांड को लेकर प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले- चंदू राजा राजपूत से मेरा कोई संबंध नहीं

वहीं, प्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि ततरवारा गांव के सरपंच और जहरीली शराब कांड के मास्टरमाइंड बताए जा रहे चंदू राजा राजपूत से उनका कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगा रही है. मामले में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है.

जीतू पटवारी ने लगाया था ये आरोप

दरअसल, जहरीली शराब कांड को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया था कि चंदू राजा राजपूत मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का रिश्तेदार है और उसके राजनीतिक संबंध हैं. पटवारी के इन आरोपों के बाद अब मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सफाई देते हुए चंदू राजा राजपूत से किसी भी तरह के रिश्ते या संबंध से इनकार किया है.

मंत्री राजपूत ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मामले में कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. वहीं, चंदू राजा राजपूत को लेकर लगाए जा रहे राजनीतिक आरोपों के बीच अब मंत्री के बयान के बाद सागर जहरीली शराब कांड पर सियासत और तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें- जहरीली शराब कांड: किराना दुकान पर खुलेआम बिक रही थी शराब, ग्रामीण बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com