मध्य प्रदेश के सागर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते दिनों दंपति पर कटर से हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की इवारदात में शामिल सभी आरोपी नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए नाबालिगों ने बताया कि उन्हें शक था कि दंपति उन पर जादू-टोना करते हैं. इसी के चलते उन्होंने दंपत्ति पर कटर से हमला कर दिया. हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. उसका इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है.
नाबालिगों ने कुछ दिन पहले ही बनाई थी नई गैंग
सूत्रों के अनुसार, इन नाबालिगों ने कुछ दिन पहले ही एक नई गैंग बनाई थी, जिसका नाम ‘315 गैंग' रखा गया था. गैंग के सदस्य सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और स्टेटस डालकर दहशत फैलाने का प्रयास करते थे. जानकारी मिली है कि घटना से पहले आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ एक स्टेटस डाला था, जिसमें लिखा था- “जल्द बड़ी दुर्घटना होने वाली है”. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दमोह भाग गए थे, जहां से पुलिस ने उन्हें अभिरक्षा में लिया. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और गैंग गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है.
शहर में बढ़ रहीं गैंग
गौरतलब है कि सागर में पिछले कुछ दिनों से कटरबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. शहर में बिच्छू गैंग, 5656 गैंग, कटर गैंग, 315 गैंग और 5252 गैंग जैसे नामों से कई गिरोह सक्रिय होने की चर्चा है, जो सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को प्रभावित कर रहे हैं. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि कटरबाजों के खिलाफ सख्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ऐसे तत्वों की पहचान कर उनकी धरपकड़ कर रही है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके.
अभिभावक सतर्क रहें
पुलिस का कहना है कि नाबालिगों में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और गैंग कल्चर को लेकर अभिभावकों को भी सतर्क रहने की जरूरत है. मामले की जांच जारी है.