Sagar Collectorate Uproar: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर (Sagar) जिला कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे. इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच जमकर विवाद हो गया. मामला बहेरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां रविदास जयंती के अवसर पर झंडा लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी. ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद बहेरिया थाना पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे वो आक्रोशित थे.
ग्रामीणों और पुलिस के बीच हाथापाई
इसी शिकायत को लेकर ग्रामीण जिला कलेक्टर से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. आरोप है कि इस दौरान नारेबाजी को लेकर पुलिस ने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते ग्रामीणों और पुलिस के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इस दौरान गोपालगंज थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की हुई. बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक महिला-पुरुष ग्रामीण अचानक पुलिसकर्मियों पर हाथापाई पर उतर आए.
कलेक्टर और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीण
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही. हंगामे के पश्चात ग्रामीण कलेक्ट्रेट के बाहर बैठकर जिला कलेक्टर और पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए. मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है. वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: हरदा पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश
ये भी पढ़ें: MP-Chhattisgarh Live News: सोना-चांदी महंगा होते ही उज्जैन के मंदिरों में बढ़ी सुरक्षा, पुलिस कर रही मंदिरों का दौरा