विज्ञापन

कॉलेज गर्ल्स से करता था गंदी बात; रीवा के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में बड़ा एक्शन, दो शिक्षक बर्खास्त

Education News: रीवा के प्रधानमंत्री एक्सीलेंस आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में छात्राओं से अशोभनीय टिप्पणियों के आरोप में दो शिक्षकों को जांच के बाद सेवा से हटा दिया गया. पढ़िए आखिर क्या था पूरा मामला.

कॉलेज गर्ल्स से करता था गंदी बात; रीवा के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में बड़ा एक्शन, दो शिक्षक बर्खास्त
रीवा के प्रधानमंत्री एक्सीलेंस आदर्श विज्ञान महाविद्यालय की इमारत (फाइल फोटो)

PM Excellence College Teacher Dismissed Rewa: मध्यप्रदेश के रीवा स्थित प्रधानमंत्री एक्सीलेंस आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में छात्राओं के साथ कथित तौर पर मोबाइल के जरिए अशोभनीय टिप्पणियां करने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोपों की पुष्टि होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने त्वरित और सख्त कदम उठाते हुए दो शिक्षकों को सेवा से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. यह कार्रवाई कॉलेज की साख और शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से की गई है. दोनों शिक्षक जनभागीदारी समिति के माध्यम से नियुक्त किए गए थे और हाल ही में शुरू हुए पाठ्यक्रमों में अध्यापन कार्य कर रहे थे. मामला सामने आने के बाद कॉलेज परिसर और अभिभावकों में भी खासा आक्रोश देखने को मिला. रीवा से NDTV के लिए जावेद अंसारी की रिपोर्ट.

छात्राओं की शिकायत से खुला मामला

जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय में अध्ययनरत कुछ छात्राओं ने अपने परिजनों को बताया कि उन्हें पढ़ाने वाले एक शिक्षक ने मोबाइल नंबर लेने के बाद अनुचित और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. यह बात सामने आते ही परिजन बेहद नाराज हो गए और छात्राओं को लेकर सीधे कॉलेज प्रबंधन के पास पहुंचे. अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन से लिखित शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

जनभागीदारी से नियुक्त थे दोनों शिक्षक

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि दोनों शिक्षक जनभागीदारी समिति के माध्यम से नियुक्त किए गए थे. इनमें एक शिक्षक कॉमर्स विषय से जुड़े थे, जबकि दूसरे भूगोल विषय पढ़ा रहे थे. उल्लेखनीय है कि दोनों विषयों के कोर्स हाल ही में महाविद्यालय में शुरू किए गए थे. ऐसे में शुरुआती चरण में ही इस तरह का मामला सामने आना कॉलेज प्रबंधन के लिए भी चिंता का विषय बन गया.

सीनियर शिक्षकों की जांच कमेटी गठित

शिकायत मिलने के तुरंत बाद कॉलेज के प्राचार्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ शिक्षकों की एक जांच समिति गठित की. समिति को निर्देश दिए गए कि वह पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट दे. जांच के दौरान छात्राओं, परिजनों और संबंधित शिक्षकों के पक्ष भी सुने गए.

जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई

जांच समिति की रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने कड़ा फैसला लिया. रिपोर्ट के आधार पर कॉमर्स शिक्षक उमेश प्रजापति और भूगोल शिक्षक अमित साहू को कॉलेज से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कृत्य शैक्षणिक संस्थानों में कतई स्वीकार्य नहीं हैं.

कॉलेज की साख से जुड़ा मामला

इस पूरे प्रकरण पर कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि यह मामला कॉलेज की साख और सम्मान से जुड़ा था. उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रदेश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल है और यहां से पढ़े हुए छात्र देश‑विदेश में कॉलेज और रीवा का नाम रोशन कर रहे हैं. ऐसे में छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है.

भविष्य में और सख्ती के संकेत

प्राचार्य ने यह भी कहा कि कॉलेज प्रशासन भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए और सख्त नियम लागू करेगा. छात्राओं से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की बात भी कही गई है.

यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?

यह भी पढ़ें : गेहूं खरीदी शुरू न होने पर किसानों का चक्काजाम, PCC चीफ जीतू पटवारी का सरकार पर तंज; सागर कलेक्टर को लगाया कॉल

यह भी पढ़ें : सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के हैं खूब चर्चे; रात्रिकालीन चौपाल में देर रात तक जनता की शिकायतें सुनते हैं साहब

यह भी पढ़ें : राजनांदगांव पुलिस पैसे का लेनदेन! रिश्वत लेते कॉन्स्टेबल का Video Viral, डोंगरगढ़ थाने से ASI समेत दो सस्पेंड

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close