विज्ञापन

कल्पना मिश्रा को न्याय दिलाने धरने पर पहुंचे दिग्विजय सिंह, बोले- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के दौरान कल्पना मिश्रा और नवजात शिशु की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह धरना स्थल पर पहुंचकर परिजनों के समर्थन में खड़े हुए और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए. मामले में चिकित्सा लापरवाही के आरोप लग रहे हैं.

कल्पना मिश्रा को न्याय दिलाने धरने पर पहुंचे दिग्विजय सिंह, बोले- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई कल्पना मिश्रा और उनके नवजात शिशु की मौत का मामला अब सिर्फ एक परिवार के दुख तक सीमित नहीं रह गया है. इस घटना को लेकर लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है और न्याय की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है. इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रीवा पहुंचे और धरना स्थल पर परिजनों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट...

धरना स्थल पर पहुंचे दिग्विजय सिंह

कल्पना मिश्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहे धरने में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रीवा पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए.

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

धरना स्थल पर दिग्विजय सिंह ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई है. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को उजागर करती हैं और इसकी जवाबदेही तय होना जरूरी है.

स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

दिग्विजय सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग भी उठाई. उनका कहना था कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक पीड़ित परिवार को न्याय मिलने का भरोसा नहीं हो सकता.

घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता भी लगातार आंदोलन कर रहे हैं. धरना स्थल पर कांग्रेस का अलग पंडाल लगाया गया है और कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में बैकुंठपुर के हटवा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय कल्पना मिश्रा को प्रसव के लिए भर्ती कराया था. परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण कल्पना और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए परिजन अस्पताल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे.

मौत से पहले का वीडियो बना चर्चा का विषय

इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया. परिजनों के अनुसार, वीडियो में कल्पना मिश्रा दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाती दिखाई दे रही हैं. बताया जा रहा है कि वीडियो में उन्होंने अपनी मां से शिकायत करते हुए इलाज को लेकर चिंता जताई थी. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर लोगों में और अधिक नाराजगी देखी जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com