विज्ञापन

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के हैं खूब चर्चे; रात्रिकालीन चौपाल में देर रात तक जनता की शिकायतें सुनते हैं साहब

Sidhi Collector Vikas Mishra: सीधी जिले में कलेक्टर विकास मिश्रा देर रात तक ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं. सिहावल और अमिलिया बाजार में उमड़ी भीड़. पढ़िए पूरी खबर.

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के हैं खूब चर्चे; रात्रिकालीन चौपाल में देर रात तक जनता की शिकायतें सुनते हैं साहब
सीधी जिले में देर रात जनता से संवाद करते कलेक्टर विकास मिश्रा

Sidhi Collector Vikas Mishra Chaupal: आमतौर पर देर रात तक टेंट‑पंडालों में जुटी भीड़ चुनावी रैलियों में नजर आती है, जब लोग किसी नेता के इंतजार में घंटों बैठे रहते हैं. लेकिन इन दिनों मध्यप्रदेश के सीधी जिले में ऐसे नजारे प्रशासनिक दौरों के दौरान देखने को मिल रहे हैं. जिले के नवपदस्थ कलेक्टर विकास मिश्रा से मिलने के लिए लोग देर रात तक सड़कों और बाजारों में जमा हो रहे हैं. यह दृश्य प्रशासन के प्रति लोगों की उम्मीदों और क्षेत्र में लंबित समस्याओं की जमीनी हकीकत को भी दर्शाता है. कलेक्टर विकास मिश्रा अपने पदस्थापन के बाद से ही लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं और मौके पर ही लोगों की शिकायतें सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दे रहे हैं. उनकी यह कार्यशैली लोगों के बीच चर्चा और सराहना का विषय बन गई है.

देर रात अमिलिया बाजार में उमड़ी हजारों की भीड़

बीते दिन कलेक्टर विकास मिश्रा सिहावल विकासखंड के भ्रमण पर थे. दिन भर विभिन्न गांवों का दौरा करने के बाद वे रात करीब 11 बजे अमिलिया बाजार पहुंचे. कलेक्टर के पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद हजारों लोग उनसे मिलने के लिए एकत्रित दिखाई दिए. हाथों में शिकायती आवेदन लिए लोग देर रात तक कलेक्टर का इंतजार करते रहे. यह दृश्य देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में समस्याओं की संख्या कितनी अधिक है और स्थानीय स्तर पर समाधान न होने के कारण लोग सीधे कलेक्टर से गुहार लगाने को मजबूर हैं.

Sidhi Collector Vikas Mishra: चर्चा में क्यों हैं सीधी कलेक्टर

Sidhi Collector Vikas Mishra: चर्चा में क्यों हैं सीधी कलेक्टर

लोगों से सीधा संवाद, देर रात तक सुनी शिकायतें

अमिलिया बाजार में पहुंचने के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा ने लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं. रात करीब 12 बजे तक यह सिलसिला चलता रहा. लोगों ने राजस्व, पुलिस, जमीन विवाद, योजनाओं के लाभ न मिलने और स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही से जुड़ी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं. कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए.

हर विकासखंड में लगातार कर रहे हैं भ्रमण

सीधी जिले में पदस्थ होने के बाद से ही कलेक्टर विकास मिश्रा लगातार जिले के हर विकासखंड का भ्रमण कर रहे हैं. मझौली और कुशमी क्षेत्र का दौरा करने के बाद इन दिनों वे सिहावल विकासखंड में भ्रमण पर हैं. लगभग हर दूसरे दिन वे ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों से सीधे मुलाकात कर रहे हैं. प्रशासनिक अमले को भी पहले से जानकारी दी जाती है, जिससे संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहें.

Sidhi Collector Vikas Mishra

Sidhi Collector Vikas Mishra: जनता के बीच कलेक्टर विकास मिश्रा

रात्रि विश्राम भी ग्रामीण क्षेत्रों में

कलेक्टर विकास मिश्रा की कार्यशैली का एक विशेष पहलू यह है कि वे केवल निरीक्षण कर लौटते नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम भी करते हैं. इससे पहले वे मझौली में रात्रि विश्राम कर चुके हैं और अब सिहावल क्षेत्र के बहरी में उन्होंने रात विश्राम किया. सीधी जिले में यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि कोई कलेक्टर जिला मुख्यालय के साथ‑साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठहरकर प्रशासनिक कार्यों की निगरानी कर रहा है.

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश

कलेक्टर ने साफ तौर पर कहा है कि जनता के काम हर हाल में होने चाहिए. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि जमीन से जुड़े कार्य सीधी तक न पहुंचें. विशेष रूप से राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों में स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता को बार‑बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर विकास मिश्रा ने चेतावनी दी है कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के लिए है और जनता का काम सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी सख्ती का प्रभाव है कि जहां‑जहां कलेक्टर भ्रमण पर पहुंच रहे हैं, वहां प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.

कलेक्टर तक पहुंच रही भीड़

हालांकि प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद कलेक्टर के पास अभी भी हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय कार्यालयों के चक्कर लगाए, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. ऐसे मामलों में अब कलेक्टर स्तर पर तुरंत निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भरोसा बढ़ा है.

जनता के बीच लोकप्रिय हो रही कार्यशैली

कलेक्टर विकास मिश्रा की यह कार्यशैली लोगों के बीच सराहना का केंद्र बन गई है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद ऐसा महसूस हो रहा है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुन रहा है. जिला मुख्यालय तक सीमित रहने के बजाय गांवों में जाकर जनसमस्याओं का समाधान करना निश्चित ही प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम कर रहा है.

यह भी पढ़ें : राजनांदगांव पुलिस पैसे का लेनदेन! रिश्वत लेते कॉन्स्टेबल का Video Viral, डोंगरगढ़ थाने से ASI समेत दो सस्पेंड

यह भी पढ़ें : MP में गेहूं खरीदी आज से शुरू; किसानों से MSP का वादा, उपार्जन केन्द्रों पर अन्नदाताओं के लिए कैसी है व्यवस्था

यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?

यह भी पढ़ें : अंबेडकर जयंती 2026: MP में 14 अप्रैल तक प्रदेशभर में कार्यक्रम, भिंड में राज्य स्तरीय आयोजन

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close