Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां भाई-बहन की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. दोनों रोज की तरह महुआ बिनने जंगल गए थे, लेकिन वापस जिंदा नहीं लौट सके. घटना में जान गंवाने वाली युवती की 30 अप्रैल को शादी होनी थी.
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े हुए
जानकारी के अनुसार, सेमरिया थाना इलाके के हिनौता गांव में रहनेवाले दादू कोल का बेटा राजन कोल और बेटी सविता कोल शनिवार 4 अप्रैल को घर से महुआ बिनने निकले थे. वे पास के हरदिया जंगल पहुंचे और महुआ बीनने लगे. इस दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई, आसमान में बिजली भी चमकने लगी. बारिश से बचने के लिए दोनों भाई-बहन एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. इस दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
30 अप्रैल को थी शादी
बताया जा रहा है कि सविता कोल की शादी 30 अप्रैल को होनी थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
एमपी के ट्यूबवेल से निकल रहा है लाल पानी, फसलें हुई खराब: ग्रामीणों में डर का माहौल
(रीवा से जावेद अंसारी की रिपोर्ट)