विज्ञापन
This Article is From Mar 30, 2026

अस्पताल में गंदगी देख भड़के ऊर्जा मंत्री, पहले अधिकारियों को लताड़ा फिर खुद झाड़ू उठाकर की सफाई

ग्वालियर के हजीरा सिविल अस्पताल में गंदगी देखकर मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भड़क गए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और फिर खुद झाड़ू उठाकर अस्पताल परिसर की सफाई करने लगे.

अस्पताल में गंदगी देख भड़के ऊर्जा मंत्री, पहले अधिकारियों को लताड़ा फिर खुद झाड़ू उठाकर की सफाई

Pradyumn Singh Tomar Video: मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. ग्वालियर के हजीरा सिविल अस्पताल में निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने गंदगी देखी तो न सिर्फ नाराज हुए, बल्कि खुद मैदान में उतरकर सफाई करने लगे. मंत्री का यह अंदाज़ लोगों को चौंकाने वाला भी रहा और संदेश देने वाला भी. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

अतरंगे फैसलों के लिए पहले से ही मशहूर हैं तोमर

ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर पहले भी अपने अलग तरीकों के चलते सुर्खियों में रहे हैं. कभी नाले में उतरकर कीचड़ हटाते नजर आए, तो कभी खराब सड़कों के विरोध में चप्पल पहनना छोड़ दिया. जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनका सीधा और ज़मीन से जुड़ा रवैया अक्सर लोगों का ध्यान खींचता रहा है.

हजीरा सिविल अस्पताल पहुंचे थे निरीक्षण पर

यह पूरा मामला उस वक्त का है जब ऊर्जा मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र के हजीरा सिविल अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे. अस्पताल परिसर में घूमते हुए उनकी नजर पानी की टंकियों के पास फैली गंदगी पर पड़ी. हालात देखकर वे नाराज़ हो गए और तुरंत रुककर स्थिति का जायजा लिया.

अधिकारियों को मौके पर बुलाकर लगाई फटकार

गंदगी देखकर मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत बुलाया. उन्होंने अस्पताल परिसर में लापरवाही को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी गंदगी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी.

ग्लब्स और ब्रश मंगाकर खुद करने लगे सफाई

लताड़ लगाने के बाद मंत्री यहीं नहीं रुके. उन्होंने ग्लब्स और ब्रश मंगवाए और खुद झाड़ू उठाकर गंदे पड़े स्थानों की सफाई शुरू कर दी. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए. मंत्री को सफाई करता देख अस्पताल का स्टाफ भी तुरंत काम में जुट गया.

स्टाफ को दिए सख्त निर्देश

सफाई के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, खासकर पानी की टंकियों के आसपास. मंत्री ने यह भी कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मंत्री द्वारा खुद सफाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कुछ लोग इसे उनकी सादगी और जिम्मेदारी बता रहे हैं, तो कुछ इसे अधिकारियों को संदेश देने का सख्त तरीका मान रहे हैं. जो भी हो, मंत्री का यह कदम एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com