Betul News: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बैतूल स्थित पीएम एक्सीलेंस कॉलेज सोमवार को छात्र आंदोलन का केंद्र बन गया. विभिन्न समस्याओं को लेकर एनएसयूआई से जुड़े छात्र प्राचार्य कक्ष में धरने पर बैठ गए. छात्रों का कहना था कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा.
छात्रों का सबसे बड़ा मुद्दा पढ़ाई से जुड़ा है. उनका कहना है कि वार्षिक परीक्षाओं में अब केवल तीन महीने का समय बचा है, लेकिन अब तक पाठ्यक्रम की आवश्यक किताबें उपलब्ध नहीं कराई गईं. इससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है और वे खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं.
कैंपस की व्यवस्था बदहाल
धरने के दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर की बुनियादी सुविधाओं पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने बताया कि बाउंड्री वॉल कई जगह से टूटी हुई है, जिससे मवेशियों और बाहरी लोगों का परिसर में आना-जाना लगा रहता है. इससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है. साथ ही, साफ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने और स्वच्छता की कमी पर भी नाराजगी जताई गई.
वार्षिक उत्सव और पार्किंग की मांग
छात्रों ने फरवरी 2026 में वार्षिक उत्सव आयोजित कराने की मांग भी रखी. उनका कहना है कि लंबे समय से कॉलेज में इस तरह की गतिविधियां नहीं हुईं, जिससे छात्रों का उत्साह कम होता जा रहा है. इसके अलावा जयवंती हक्सर शासकीय महाविद्यालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने की भी मांग उठाई गई.
यह भी पढ़ें- Cyber Fraud: पहले फेसबुक फ्रेंड बनी ‘यूके की युवती', फिर ग्वालियर के व्यापारी को लगा दिया 1.41 करोड़ का चूना
धरने के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब छात्रों और प्रोफेसरों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. हालांकि बाद में कॉलेज प्रबंधन ने हस्तक्षेप कर छात्रों को शांत किया और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया. आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया.
यह भी पढ़ें- शिक्षा विभाग में 3.72 करोड़ के घोटाले से मची खलबली, स्कूल निर्माण के नाम पर ऐसे हुआ करोड़ों का खेला