मध्य प्रदेश के पांढुर्णा शहर में शुक्रवार अल सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सावसपानी निवासी एक युवक 290 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी.
पारिवारिक विवाद के कारण उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, सावसपानी निवासी विजय तुमडाम की शादी इसी साल 10 मई 2026 को अंजलि नाम की युवती से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगे थे, जिससे विजय मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था. शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वह बिना बताए अपने घर से निकला और सीधे बीएसएनएल टावर पर जा चढ़ा.

मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में पत्नी से विवाद के बाद युवक BSNL के टावर पर चढ़ गया. जिसे काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया.
Photo Credit: अकील अहमद
पत्नी के लिखित आश्वासन के बाद माना पति
टावर पर युवक के चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, एसडीएम अल्का इक्का, तहसीलदार मोहित गणवीर और थाना प्रभारी अमित दानी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. प्रशासनिक अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से लगातार युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया.इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच युवक की पत्नी, माता-पिता और बहनें भी मौके पर पहुंच गईं. परिजनों ने भावुक होकर उससे नीचे आने की गुहार लगाई. करीब चार घंटे तक चले इस ड्रामे का अंत तब हुआ जब पत्नी ने विजय के साथ रहने का लिखित आश्वासन दिया. पत्नी की बात मानकर विजय सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली. पुलिस ने युवक को अपनी निगरानी में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
11 दिन में दूसरी घटना से प्रशासन चिंतित
गौरतलब है कि पांढुर्णा का यह बीएसएनएल टावर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. ठीक 11 दिन पहले भी पश्चिम बंगाल का एक युवक इसी टावर पर चढ़ गया था. इस छोटी सी अवधि में दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित नजर आ रहा है.
ये भी पढ़ें: हैवान बना पति: खाना खिलाने के बहाने पहाड़ी पर ले गया, पत्नी का होंठ काटा; तीन साल पहले की थी लव मैरिज