नरसिंहपुर के बेलापुरकर वार्ड में एक 46 वर्षीय व्यक्ति की आत्महत्या के मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक ने कथित तौर पर मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने अपने रिश्तेदारों पर पत्नी को प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और उसके साथ दुष्कर्म करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में मृतक ने दो लोगों को अपने परिवार के बिखरने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन और कानून व्यवस्था से न्याय की मांग की.
वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
परिजनों के अनुसार, शख्स ने मौत से पहले एक वीडियो बनाया था. इस वीडियो में उसने अपने मामा के दो बेटों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी पत्नी को कथित तौर पर झूठे प्रेम जाल में फंसाया, ब्लैकमेल किया और उसका शोषण किया. मृतक ने वीडियो में कहा कि इन घटनाओं के कारण उसका परिवार पूरी तरह टूट गया.
सुसाइड नोट में भी लिखे नाम
परिजनों का दावा है कि मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. इसमें भी उन्हीं दो लोगों के नाम लिखे गए हैं, जिनका जिक्र वीडियो में किया है. मृतक ने कथित तौर पर उन्हें अपने परिवार की परेशानियों और हालात के लिए जिम्मेदार बताया है. पुलिस अब वीडियो और सुसाइड नोट की जांच कर रही है.
भाई को फोन से मिली जानकारी
मृतक के भाई माखनलाल कुशवाहा ने बताया कि शाम करीब चार बजे उनके पास एक परिचित का फोन आया. फोन करने वाले ने पूछा कि उनका भाई कहां है. जब उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है और वह घर पर ही होगा, तब उन्होंने जाकर देखा तो घर का दरवाजा बंद था. इसके बाद परिजनों ने आवाज लगाई और संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने कराया पंचनामा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. मृतक की पहचान 46 वर्षीय प्यारेलाल कुशवाहा के रूप में हुई है, जो बेलापुरकर वार्ड के निवासी थे.
कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्यारेालाल कुशवाहा नामक व्यक्ति ने अपने घर में आत्महत्या की है. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और घटनास्थल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.