विज्ञापन

हैवान बना पति: खाना खिलाने के बहाने पहाड़ी पर ले गया, पत्नी का होंठ काटा; तीन साल पहले की थी लव मैरिज

देवास में पति की हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. खाना खिलाने के बहाने पत्नी को शंकरगढ़ पहाड़ी ले जाकर आरोपी ने बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियार से उसका होंठ काट दिया. तीन साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया.

हैवान बना पति: खाना खिलाने के बहाने पहाड़ी पर ले गया, पत्नी का होंठ काटा; तीन साल पहले की थी लव मैरिज
अस्पताल में भर्ती घायल पत्नी.

मध्य प्रदेश के देवास से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी पत्नी को खाना खिलाने के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया और फिर उसके साथ ऐसी बेरहमी की, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया. आरोप है कि पति ने पहले पत्नी की जमकर पिटाई की और इसके बाद धारदार हथियार से उसका होंठ काट दिया. वारदात के बाद आरोपी पत्नी और उनकी मासूम बेटी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. जानकारी के मुताबिक, दोनों ने तीन साल पहले लव मैरिज की थी. 

खाना खिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गया

जानकारी के अनुसार, यह घटना देवास के औद्योगिक थाना क्षेत्र की है. गरीब नवाज कॉलोनी निवासी अबरार अपनी पत्नी रिहाना (27) को खाना खिलाने के बहाने शंकरगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में लेकर गया था. महिला का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया और उसने विवाद शुरू कर दिया.

पीड़िता रिहाना के मुताबिक, पति ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसके साथ जमकर मारपीट की. उसने महिला को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के दौरान उनकी मासूम बच्ची भी साथ मौजूद थी. महिला ने बताया कि मारपीट के दौरान किसी तरह की मदद भी नहीं मिल सकी.

धारदार हथियार से काट दिया होंठ

आरोप है कि मारपीट के बाद अबरार ने धारदार हथियार से रिहाना का होंठ काट दिया. हमले में महिला लहूलुहान हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है.

तीन साल पहले की थी लव मैरिज

रिहाना ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसने अबरार से प्रेम विवाह किया था. हालांकि शादी के बाद से ही उसका पति उसे परेशान करता था. महिला का कहना है कि उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. 

अस्पताल से मिली सूचना, पुलिस जांच में जुटी

औद्योगिक थाना प्रभारी (टीआई) शशिकांत चौरसिया ने बताया कि शंकरगढ़ पहाड़ी के सामने सांवरिया रेस्टोरेंट के पास एक महिला के साथ उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना मिली है. महिला सीधे अस्पताल पहुंची थी, जहां से पुलिस को एमएलसी (मेडिको लीगल केस) की तहरीर प्राप्त हुई है. पुलिस का कहना है कि महिला के विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे. बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close