Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: एमपी–छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरों में आज 17 मार्च को कई अहम अपडेट शामिल हैं. रायपुर से रीवा के लिए पहली बार उड़ान शुरू हो गई है, जिससे दोनों राज्यों के बीच हवाई कनेक्टिविटी मजबूत हो गई. उधर, भोपाल में सीएआरए की क्षेत्रीय परामर्श कार्यशाला बाल संरक्षण और दत्तक ग्रहण व्यवस्था को गति देगी. इधर, “मिशन कर्मयोगी” के तहत छत्तीसगढ़ में क्षमता निर्माण को लेकर उच्चस्तरीय बैठक तय हुई. मौसम मोर्चे पर मध्य प्रदेश में 18–19 मार्च को कई जिलों में बारिश के आसार हैं.
रीवा भी छत्तीसगढ़ से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ेगा
रायपुर–रीवा फ्लाइट सेवा एलायंस एयर द्वारा 17 मार्च 2026 से शुरू हो गई, जिससे भोपाल और इंदौर के बाद रीवा भी छत्तीसगढ़ से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गया. ऑनलाइन बुकिंग खुल चुकी है. रायपुर से रीवा का शुरुआती किराया ₹3,614 और रीवा से रायपुर ₹4,293 रखा गया है, जो सीट उपलब्धता और मांग के अनुसार बदल सकता है. इसी दिन नवा रायपुर में “छत्तीसगढ़ राज्य क्षमता निर्माण क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति” की पहली बैठक शाम 4 बजे हुई, ताकि विभागों के बीच बेहतर समन्वय बन सके.
भोपाल में 17 मार्च 2026 को केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (सीएआरए) की तीसरी क्षेत्रीय परामर्श कार्यशाला हुई, जिसमें मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि है.
यहां जानें एमपी और छत्तीसगढ़ से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत, जहरीली गैस बनने से हुआ हादसा
रायपुर में रामकृष्ण हॉस्पिटल के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें जहरीली गैस के कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई, जो सिमरन सिटी क्षेत्र के निवासी थे. जानकारी के अनुसार तीनों को टैंक साफ करने के लिए नीचे उतारा गया था, लेकिन भीतर जमा जहरीली गैस के संपर्क में आने से उनकी स्थिति अचानक बिगड़ती गई और सभी की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बिलासपुर नसबंदी कांड: 12 साल बाद आया फैसला, दोषी सर्जन को दो साल की सजा
बिलासपुर के बहुचर्चित नसबंदी कांड में 12 साल बाद बड़ा फैसला आया, जहां जिला अदालत ने सर्जन डॉ. आर.के. गुप्ता को गैर इरादतन हत्या का दोषी मानते हुए दो साल की सजा और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई. अदालत ने माना कि कम समय में अत्यधिक ऑपरेशन करने और गंभीर लापरवाही के कारण यह दर्दनाक घटना हुई थी. कोर्ट ने धारा 337 के तहत छह महीने की अतिरिक्त सजा व 500 रुपये जुर्माना और एक अन्य धारा में एक महीने की सजा भी दी. नवंबर 2014 में हुए इस हादसे में सरकारी नसबंदी शिविरों में ऑपरेशन के बाद 100 से ज्यादा महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई थी और 15 की मौत हो गई थी, जिससे मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था. जांच के दौरान दवाओं की गुणवत्ता पर भी कई सवाल उठे थे, हालांकि दवा सप्लाई से जुड़े पांच आरोपी सबूतों के अभाव में बरी हो गए. करीब 11 साल बाद आए इस फैसले ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं.
युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
बुरहानपुर के गणपति नाका थाना क्षेत्र के मालीवाड़ा में युवती की संदिग्ध मौत के बाद मंगलवार दोपहर हालात तनावपूर्ण हो गए, जब पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और समाजजन ने सिंधीपुरा गेट के बाहर एंबुलेंस रोककर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने युवती के हत्यारे के घर और दुकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की. काफी देर तक चले विरोध के बाद पुलिस अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों और समाजजन ने अपना आंदोलन समाप्त किया.
बाघ और तेंदुआ की खाल तस्करी, वन विभाग ने 9 लोगों को पकड़ा
दंतेवाड़ा में वन विभाग ने बाघ और तेंदुए की खाल की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक डिप्टी रेंजर भी शामिल है. विभाग ने दंतेवाड़ा–बालूद रोड और केशापुर क्षेत्रों से युवा शावक बाघ और तेंदुए की खाल बरामद की है. रेंजर प्रीतेश पांडे ने कार्रवाई की पुष्टि की है. वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी पर बड़ी रोक लगी है.
छत्तीसगढ़ बीजेपी संगठन की कार्यसमिति की घोषणा, 178 लोगों को किया शामिल
छत्तीसगढ़ बीजेपी संगठन की नई कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से कुल 178 सदस्यों को शामिल किया है. घोषित समिति में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित 84 सदस्य कार्यसमिति में, 69 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 25 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं. नई कार्यसमिति के गठन को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
हरदुआ पटेल हत्याकांड: परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम
पन्ना जिले के हरदुआ पटेल गांव में हुए हत्याकांड के बाद तनाव बढ़ गया, जहां मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया. परिजनों का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश दी, जबकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
आगर मालवा में टेंट के गोदाम में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक दिखे धुएं के गुबार
आगर मालवा जिले के सुसनेर में जमुनिया रोड स्थित एक टेंट गोदाम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दूर‑दूर तक काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे. आग की सूचना पर सुसनेर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि नलखेड़ा और सोयत से भी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी. एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे. आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी से गोदाम को तोड़ना पड़ा और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी. हादसे में गोदाम में रखी दो बाइक सहित लाखों का सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने के कारणों की जांच जारी है.
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह, 178 विद्यार्थियों को दिए मेडल
उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित 30वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाग लेते हुए कुल 178 विद्यार्थियों को उपाधियां और मेडल प्रदान किए. समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें 103 छात्रों को गोल्ड मेडल, 74 को पीएचडी और 1 विद्यार्थी को डी-लिट की उपाधि दी गई. राज्यपाल पटेल ने दीक्षांत प्राप्त छात्रों को समाज व देश के उत्थान में योगदान देने की प्रेरणा दी, जबकि सीएम यादव ने विश्वविद्यालय को गौरवशाली बताया और 51 लाख रुपये, 5 ड्रोन व 1 बस देने की घोषणा की. कार्यक्रम में 17 करोड़ की लागत से निर्मित कृषि अध्ययनशाला भवन तथा MERU परियोजना के तहत नवनिर्मित भर्तृहरि छात्रावास का भी लोकार्पण किया गया.
फर्नीचर दुकान पर कम्प्यूटर ऑपरेटर युवती की संदिग्ध मौत, आरोपी गिरफ्तार
बुरहानपुर के गणपति नाका थाना क्षेत्र के मालीवाड़ा में एक फर्नीचर दुकान पर काम करने वाली कंप्यूटर ऑपरेटर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. घटना में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के मुताबिक 23 वर्षीय निकिता सुरागे, जो दो साल से राजकुमार फर्नीचर में काम कर रही थी, पर दुकान मालिक अजय सुगंधी के छोटे भाई अर्जुन सुगंधी ने चाकू से हमला कर दिया. मृतका की बहन स्नेहा के अनुसार अजय सुगंधी निकिता को पसंद करता था, लेकिन निकिता के इंकार करने पर परिवार द्वारा लगातार धमकी दी जा रही थी. मंगलवार को दुकान पहुंचते ही निकिता के साथ मारपीट की गई और बाहर निकलते ही उस पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को जिला अस्पताल भेजा और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
RSS मध्य भारत प्रान्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रांत संघचालक बोले- तेजी से हो रहा संघ का विस्तार
आरएसएस मध्य भारत प्रांत की प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रांत संघचालक अशोक पांडे ने बताया कि मध्य भारत में संघ का विस्तार तेज़ी से हो रहा है और शताब्दी वर्ष को संगठन ने विस्तार वर्ष के रूप में लिया है. उन्होंने कहा कि शहरों में बस्तियों और गांवों में मंडलों के जरिए घर-घर जाकर संघ की यात्रा बताई गई. वर्तमान में प्रांत के 2481 स्थानों पर 3842 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जबकि हिंदू सम्मेलनों में 52 लाख से अधिक लोग जुड़े और 80 हजार स्वयंसेवकों ने 27 लाख से ज्यादा परिवारों से संपर्क किया. देशभर में 2025 की तुलना में 2026 में शाखाओं और स्थानों की संख्या में क्रमशः 5820 और 3943 की वृद्धि हुई. पांडे ने बताया कि केरल में 55 हजार से अधिक मुस्लिम और 54 हजार से ज्यादा ईसाई परिवारों से संवाद स्थापित किया गया. संघ ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण चेतना, कुटुंब प्रबोधन, स्व-बोध और नागरिक कर्तव्य पालन के लिए ‘पंच परिवर्तन’ का आव्हान किया है. उन्होंने कहा कि 2027 के बाद संघ की संरचना में बदलाव होगा और प्रांत व्यवस्था समाप्त होकर संभाग व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसके तहत मध्यप्रदेश में 7 और मध्य भारत में 9 संभाग बनाए जाएंगे. प्रदेश कार्यसमिति की संरचना बनी रहेगी और यह सरकार स्तर पर कार्य करेगी, जिसमें एक प्रदेश प्रचारक व एक कार्यवाहक शामिल होंगे.
आयशर और ट्रक की भिड़ंत, भाजपा नेता समेत दो की मौत, दो गंभीर
उज्जैन में मंगलवार को नागदा मार्ग पर भीषण हादसा हो गया, जहां स्विफ्ट कार और आयशर ट्रक की जोरदार टक्कर में कार सवार दो युवकों देवेंद्र जोशी और भाजपा नेता कैलाश (रिंकू) शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवेश मारोठिया और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ग्रामीणों ने मशक्कत कर सभी को बाहर निकाला. घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं पुलिस ने आयशर ट्रक जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद फरार हो गया.
इंदौर में 56 दुकान क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, दुकानदारों में नाराजगी
इंदौर के 56 दुकान क्षेत्र में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई, जिसके बाद स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी देखने को मिली. दुकानदारों का कहना है कि उन्हें पांच दिन पहले नोटिस देकर दुकान खाली करने या पुराने दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था, जबकि उनकी दुकानें स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनी थीं और उनके पास केवल निगम की रसीदें थीं. दुकानदारों के अनुसार उन्होंने सामान हटाने की तैयारी कर ली थी, फिर भी सुबह निगम टीम ने हटाने की कार्रवाई कर दी. वहीं निगम आयुक्त क्षितिज सिंगला ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतों और हाई कोर्ट के निर्देशों के चलते यह कार्रवाई की गई, और हटाई गई दुकानें अवैध रूप से बनी थीं.
जबलपुर में NSUI का प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन से संभाली स्थिति
जबलपुर में बुधवार को एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में लंबे समय से लंबित छात्रसंघ चुनाव कराए जाने तथा विश्वविद्यालय में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया. घंटाघर क्षेत्र में सैकड़ों छात्र एकत्र होकर जिला अध्यक्ष कार्यालय की ओर रैली निकालने लगे, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और हल्का बल प्रयोग किया. स्थिति संभालने के दौरान कई छात्र नेताओं को हिरासत में भी लिया गया. एनएसयूआई का कहना है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
एमपी में सड़कों पर उतरे किसानों, मांगों को लेकर दिया धरना
विदिशा जिले में किसानों ने भारतीय किसान संघ के बैनर तले सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया, जहां ग्यारसपुर, गंजबासौदा, सिरोंज, लटेरी और कुरवाई से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने गेहूं का समर्थन मूल्य ₹2700 प्रति क्विंटल करने, पराली जलाने पर होने वाली कार्रवाई रोकने और हार्वेस्टर पर एसएमएस सिस्टम लागू करने के आदेश वापस लेने जैसी मांगों को लेकर धरना दिया. किसानों का कहना है कि सरकार के ये फैसले राहत के बजाय उनके लिए परेशानी बन रहे हैं और यदि जल्द समाधान नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा.
हरदा आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, 150 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-भूमिपूजन
हरदा में 18 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगभग 150 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे. नेहरू स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, किसानों और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है. मुख्यमंत्री कृषि सम्मान वर्ष के तहत 25–26 आधुनिक कृषि मशीनों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, साथ ही 34 करोड़ रुपये की लागत से बने नव जिला अस्पताल का लोकार्पण भी करेंगे, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कलेक्टर व एसपी ने स्टेडियम में मंच, बैठक, पेयजल, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सहित सभी तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए हैं.
Bhopal Bomb Threat Case: बम से उड़ाने की धमकी देने वाले का लगा सुराग, जल्द गिरफ्तार करेगी आरोपी
Madhya Pradesh Hindi News: भोपाल में बम से उड़ाने की धमकी देने वाले का सुराग पुलिस के हाथ लगा है. क्राइम ब्रांच की टीम जांच कर रही है. पता चला है कि पीपुल्स कैंपस (People's University), नापतौल विभाग और एम्स समेत कई जगहों पर धमकी भरा मेल भेजने वाला एक ही शख्स है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के करीब हैं, लेकिन तकनीकी कारणों से थोड़ी परेशानी हो रही है. जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा और सारी घटनाओं का खुलासा होगा.
Bribe Case in Bhopal: लोकायुक्त ने 5000 की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा डेटा एंट्री ऑपरेटर
भोपाल में लोकायुक्त (Lokayukta) ने बड़ी कार्रवाई की है. गृह निर्माण मंडल के डाटा एंट्री ऑपरेटर ज्ञानेंद्र पटेल (Data Entry Operator Arrest) को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है. लीज नवीनीकरण के नाम पर 10 हजार की मांग की गई थी. शिकायतकर्ता दूधनाथ शुक्ला की शिकायत पर लोकायुक्त ने जाल बिछाया और आरोपी को गोमन्तिका परिसर से गिरफ्तार कर लिया. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का किया घेराव
मनरेगा बचाओ संग्राम और प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव करने पहुंच गई है. इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के तीनों सह प्रभारी समेत अन्य नेता भी शामिल हैं. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 2029 में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे. उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ रही हैं और किसानों को खाद नहीं मिल रही. मनरेगा की राशि बढ़ाने का वादा किया गया है.

गले में आवेदनों की माला डाल जनसुनवाई में पहुंचा युवक
ग्वालियर नगर निगम में चल रही जन सुनवाई में अचानक सबका ध्यान एक युवक ने अपनी तरफ खींच लिया. वैसे तो यहां हर कोई शिकायत लेकर ही पहुंचा हुआ था और सभी के हाथ में शिकायती आवेदन ही थे, लेकिन यह शख्स अपने गले में आवेदनों की माला डाले हुए था. युवक पड़ोसी द्वारा सड़क किनारे सरकारी नाली पर बनाए गए अवैध शौचालय से परेशान है और अब तक छोटे से लेकर बड़े तक वह दर्जनों आवेदन दे चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से वह परेशान हो गया और वह आवेदनों की माला गले में डालकर जन सुनवाई में पहुंच गया.
Chhattisgarh Naxalites: नारायणपुर में लगेगा स्थायी कैंप
Narayanpur Naxal News: नक्सलियों के खात्मे की दिशा में नारायणपुर पुलिस ने एक और निर्णायक सफलता हासिल की है. जिस अबूझमाड़ (Abujhmad Naxalism) इलाके को माओवादी लंबे समय तक अपनी सुरक्षित शरणस्थली और अजेय किला मानते रहे, वहां अब सुरक्षा बलों ने स्थायी मौजूदगी दर्ज करा दी है. दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र दिवालुर (Divalur Police Camp) में नए सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप की स्थापना के साथ ही यह साफ संकेत मिल गया है कि माओवादियों के तथाकथित ‘सेफ जोन' में अब विकास की सीधी एंट्री हो चुकी है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh Hindi News: भोपाल के हमीदिया अस्पताल में फायरिंग का आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
Hamidia Hospital Firing in Bhopal: भोपाल के हमीदिया अस्पताल में फायरिंग (गोलीकांड) करने वाला मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ गेट महाराष्ट्र के जलगांव में पुलिस के हत्थे चढ़ा है. उसके पास पिस्टल भी बरामद हुई है. पुलिस प्रशासन ने आरोपी पर 30 हजार का इनाम घोषित किया था. आरोपी शादाब ने अशोका गार्डन और हमीदिया अस्पताल पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी. शादाब गेट के बाकी साथी फिलहाल फरार है. पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए भोपाल के बाहर डेरा डाल रखा है. मामले के अन्य आरोपियों में शादाब गेट के अलावा अनस, अल्लू परवेज, गुड्डू स्टेशन है. फायरिंग में शामिल दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है.
Bear Attack in Chhattisgarh: गरियाबंद में भालू का जानलेवा हमला, चेहरे को किया लहूलुहान
Bear Attack in Gariaband: गरियाबंद जिले में वन परिक्षेत्र सड़क परसूली के अंतर्गत कोचई मुड़ा गांव में सुबह भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया. महुआ फूल बीनने गए पुराणिक राम यादव (45) गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले में उनके सिर, चेहरे और दाहिने हाथ के नीचे के हिस्से में गहरी चोट आई है. शोर सुनकर पहुंचे लोगों तक आते-आते भालू जंगल की ओर भाग चुका था. साथियों ने घायल को घर लाकर वन विभाग को सूचना दी. टीम ने जिला अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया.
Bomb Threat in Bhopal: भोपाल के मापतौल विभाग को फिर मिली बम की धमकी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लीगल मेट्रोलॉजी विभाग (मापतौल विभाग) के ऑफिस को दूसरे दिन लगातार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई है. मेल में आरडीएक्स (RDX) से उड़ाने का जिक्र किया है, जिसमें कहा है कि 2 बजे बम ब्लास्ट हो जाएगा. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और बम निरोधी दस्ता मौके पर पहुंच गया है और विभाग को खाली कराया गया है. साथ दफ्तर में जांच की जा रही है.
सोमवार को भी मिली थी धमकी
विभाग को धमकी सोमवार को भी मिली थी, जिसमें ईमेल के जरिए 16 IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाने का दावा किया था. एहतियात के तौर पर कर्मचारियों को बाहर निकाल कार्यालय खाली कराया था. ई-मेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) की साजिश का भी जिक्र था. हालांकि, यह सब एक फर्जी धमकी थी.
Student Commits Suicide for not Getting Job: जॉब नहीं लगने से परेशान छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
Madhya Pradesh Hindi News: बालाघाट जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड-4 में 29 वर्षीय युवक ने जॉब नहीं लगने की वजह से फांसी लगाकर आत्महत्या (Unemployed Youth Suicide) कर ली. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव बरामद किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. मृतक का नाम निलेश पिता सेहेजलाल दसेरे बताया गया है. जानकारी के अनुसार, रात को परिजनों के साथ खाना खाने के बाद सब अपने-अपने रूम में सोने के लिए चले गए. वहीं, निलेश भी छत पर सोने चला गया. जब सुबह परिजनों ने देखा तो निलेश छत से नीचे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था. पुलिस को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची, जांच शुरू कर दी.
Chhattisgarh Hindi News: CSR फंड के नाम पर 2.17 करोड़ की ठगी, रायगढ़ पुलिस ने 5 जालसाजों को पकड़ा
Cyber Crime: रायगढ़ पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने एक महिला एनजीओ कार्यकर्ता को कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड दिलाने का झांसा देकर उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किया और करीब 2.17 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन कर डाले. मामले की शिकायत इंदिरानगर निवासी एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता ने साइबर थाना में दर्ज कराई थी. महिला के अनुसार, दिसंबर 2025 में उसकी पहचान कुछ लोगों से कराई गई, जिन्होंने एक कंपनी द्वारा एनजीओ को फंड देने की बात कही. भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने संस्था के नाम पर बैंक खाता खुलवाया और तकनीकी प्रक्रिया के बहाने मोबाइल एक्सेस हासिल कर लिया.
मुरैना में हादसे में दो युवकों की मौत
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अनियंत्रित अज्ञात कार चालक ने दो बाइक में टक्कर मार दी. इस दौरान बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. अंबाह थाना क्षेत्र के पोरसा रोड पर पाली तालाब के पास सोमवार शाम यह हादसा हुआ है. सनाईपुरा गांव निवासी मनमोहन सखवार अपने बहनोई वकील जाटव के साथ रेबीज का इंजेक्शन लगवाने अस्पताल आया था. लौटते समय अभिषेक सखवार और नरोत्तम सखवार मिल गए. वह दो बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. पोरसा की ओर जाते समय अज्ञात कार की टक्कर से दोनों बाइक भी आपस में भिड़ गई.
Madhya Pradesh Hindi News: डेयरी प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी के डायरेक्टर को ED ने किया गिरफ्तार
भोपाल में ईडी (ED, प्रवर्तन निदेशालय) ने मनी लॉन्ड्रिंग केस (Money Laundering Case) में बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स (Jaishree Gayatri Food Products) के डायरेक्टर किशन मोदी (Kishan Modi) को गिरफ्तार किया है, जिसे 18 मार्च तक ईडी रिमांड भेजा गया है. किशन की कंपनी “मिल्क मैजिक” ब्रांड के नाम से डेयरी उत्पाद बेचती है. कंपनी पर मिलावटी डेयरी उत्पाद बनाने का आरोप है. ईडी की जांच घी में चर्बी, पाम ऑयल और हानिकारक पदार्थ मिलाने की जानकारी समाने आई थी.
घरेलू बाजार के साथ विदेशों में भी सप्लाई का खुलासा हुआ है. निर्यात के लिए फर्जी लैब रिपोर्ट तैयार कर पेश की गईं. जांच में करीब 20.59 करोड़ रुपये की संदिग्ध कमाई सामने आई है. बीते साल ED ने किशन मोदी से जुड़े कई ठिकानों पर छापा मारा था.
Madhya Pradesh Hindi News: टेंट हॉउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान स्वाहा
Gwalior Tent House Godown Fire: ग्वालियर में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग जाने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया. टेंट हॉउस का यह गोदाम जनकगंज थाना इलाके में मरघट रोड पर स्थित है, जहां देर रात आग भड़क गई. देर रात गोदाम में भड़की आग को जब लोगों ने देखा तब तक आग की लपटे पूरे गोदाम को कब्जे में ले चुकी थीं. लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. वहां से आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों ने घंटों तक कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा पूरा सामान राख के ढेर में बदल चुका था. आग लगने की बजह प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. बताया गया है कि आग से दस से पंद्रह लाख का सामान जल गया है.
Madhya Pradesh Cabinet Meeting: आज होगी मोहन कैबिनेट की बैठक
MP Cabinet Decisions: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक आज होने वाली है. भोपाल में शाम 5 बजे मंत्रालय में मोहन कैबिनेट (Mohan Cabinet) की बैठक होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी. कैबिनेट में सरकारी कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है. तीन प्रतिशत डीए बढ़ाने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सकती है. इसे लेकर मुख्यमंत्री ने होली के पहले घोषणा की थी. बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता केंद्र के समान 58% हो जाएगा. मीटिंग में केरल में मध्य प्रदेश की 224.31 हेक्टेयर परिसंपत्ति को उचित मुआवजा लेकर केरल को जमीन सौंपने का प्रस्ताव आ सकता हैं.
Chhattisgarh Legislative Assembly Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 12वां दिन
CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है, जहां प्रश्नकाल में सीएम विष्णु देव साय, मंत्री टंक राम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप जवाब देंगे. विधायक कुंवर सिंह निषाद और ललित चंद्राकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे. विधायक विक्रम मंडावी, लता उसेंडी, उद्देश्वरी पैकरा याचिकाओं की प्रस्तुति देंगे. डिप्टी सीएम विजय शर्मा धर्म स्वातंत्र्य (संशोधन) विधेयक प्रस्तुत करेंगे. मंत्री टंक राम वर्मा, ओपी चौधरी शासकीय विधि विषयक कार्य प्रस्तुत करेंगे. सीएम साय के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. वित्तमंत्री ओपी चौधरी छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन करेंगे.
Congress Protest at Chhattisgarh Assembly: छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन आज
Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ में आज कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन करेगी. मनरेगा बचाओ संग्राम समेत प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर पार्टी नेता और कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करेंगे. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस के तीनों सह प्रभारी शामिल होंगे. पहले वह दोपहर 12:30 बजे शंकर नगर के भारत माता चौक में विशाल सभा भी होगी, जहां प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. सभा के बाद विधानसभा की ओर कूच करेंगे. बड़ी संख्या में प्रदेश भर के कांग्रेसी कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करेंगे.
दुर्ग में दो पक्षों में जमकर हुआ पथराव, रातभर डटा रहा पुलिस बल
Durg Violence: दुर्ग के छावनी थाना क्षेत्र के अहमद नगर में देर रात एक गंभीर सामुदायिक झगड़ा हो गया. इसमें जमकर पथराव हुआ और कई लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि शुरूआत बच्चों के बीच एक मामूली विवाद से हुई. धीरे-धीरे यह विवाद दो गुटों के बीच झगड़े में बदल गया और हिंसक रूप ले लिया. झगड़े के दौरान जिसके हाथ में जो भी सामान आया, उसी से वार किया गया। घटना स्थल वाली गली में पत्थर, ईंट और लाठी के टुकड़े बिखरे पड़े हैं, जिसे देखकर आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति कितनी गंभीर थी.
यह झगड़ा रात करीब 10 बजे शुरू हुआ था. जानकारी मिलते ही पुलिस लाइन और आसपास के थानों से भारी पुलिस बल बुलाया गया. मध्यस्थता करते समय छावनी सीएसपी के हाथ में भी मामूली चोट आई.
Chhattisgarh Hindi News: जंगल से भटककर गांव पहुंचा हिरण, कुत्तों ने किया हमला
Dog Attack Deer reached Village from Jungle: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा (Bemetara) में जंगल से भटक हिरण भटककर थानखम्हरिया थाना क्षेत्र के बरगा गांव में पहुंच गया. जंगल में पानी की कमी के चलते जंगली जानवर गांव की ओर आ रहे हैं. गांव पहुंचे हिरण पर कुत्तों ने हमला कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों ने उसकी जान बचाई. हिरण हमले में घायल हो गया है. वन विभाग की टीम ने घायल हिरण को पशु चिकित्सालय ले गए.
Madhya Pradesh News: अफवाहों की आग में सुलगता सिंगरौली
Violence in Singrauli due to Rumours: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में इन दिनों अफवाहों का खतरा खुलकर सामने आ गया है. बीते दिनों दो अलग-अलग घटनाओं में फैली अफवाहों ने ऐसा माहौल बना दिया कि देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और हंगामा, तोड़फोड़ ,आगजनी और बवाल तक की नौबत आ गई. इन घटनाओं के बाद अब सिंगरौली पुलिस लोगों को जागरूक करने के लिए एक अलग और अनोखा तरीका अपना रही है. एक पुलिसकर्मी आशीष बागरी ने गाने के जरिए लोगों से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें और किसी भी खबर पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जान लें.
दरअसल, हाल ही में सिंगरौली में एक कंपनी में काम करने वाले मजदूर की मौत के बाद अचानक अफवाहों का दौर शुरू हो गया. खबर फैल गई कि मजदूर की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई है और घटना को छिपाने की कोशिश की जा रही है. यह खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग कंपनी परिसर के बाहर इकट्ठा हो गए. गुस्साई भीड़ ने जमकर हंगामा किया, आगजनी की ,तोड़फोड़ की और हालात तनावपूर्ण हो गए.
Madhya Pradesh Hindi News: छतरपुर में लकड़ी काटने गए किसान पर टाइगर का हमला
Tiger Attack on Farmer in Chhatarpur: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सोमवार को बाघ के हमले से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. किसान जंगल में लकड़ी काटने गया था, तभी झाड़ियों से निकलकर आए बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया. हमले में किसान का कान कट गया और शरीर पर कई गहरे घाव हो गए. ग्रामीणों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. यह घटना सटई थाना क्षेत्र के कसार गांव के पास स्थित मुड़िया पहाड़ के जंगल में हुई थी.
Madhya Pradesh Hindi News: खरगोन में छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान
Girls Commits Suicide in Hostel Khargone: खरगोन शहर के कुंदा नगर स्थित एक निजी हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने फांसी (Girl Student Found Hanged) लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्रा ने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर यह कदम उठाया. छात्रा की पहचान रोशनी सोलंकी के रूप में हुई है, जो बड़वानी जिले की वरला तहसील के निरगुडिया गांव की रहने वाली थी. वह खरगोन में रहकर बीए की पढ़ाई कर रही थी और कुंदा नगर स्थित निजी हॉस्टल में रहती थी. बताया जा रहा है कि छात्रा के साथ कमरे में रहने वाली दूसरी छात्रा जब कॉलेज से वापस लौटी तो उसने रोशनी को कमरे में पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटका हुआ पाया. खरगोन कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है. साथ में रहने वाली छात्रा का कहना है कि रोशनी कल ही अपने घर से लौटकर आई थी और आज वह कॉलेज भी नहीं गई थी. वहीं, मृतक छात्रा के भाई का कहना है कि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
FIR Against Doctors: इलाज में लापरवाही से महिला की मौत, तीन डॉक्टरों पर FIR दर्ज
Vidisha Hindi News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने शहर के प्रतिष्ठित वर्मा अस्पताल के तीन डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने डॉक्टर शरद कुशवाह, डॉक्टर अंकित श्रीवास्तव और वर्मा अस्पताल की संचालक डॉ. विधि वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, मूडरा पीतांबर निवासी राकेश रघुवंशी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी ज्योति रघुवंशी (26) करीब आठ महीने से इलाज करा रही थी. 14 फरवरी 2025 को डॉक्टर शरद कुशवाह ने जांच के लिए उन्हें शास्त्री नगर स्थित वर्मा अस्पताल में भर्ती कराया था.
MP Rain Alert: एमपी में बारिश की संभावना
Madhya Pradesh Weather Forecast Today: मौसम विभाग के अनुसार, 17 मार्च के आसपास सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर भी मध्य प्रदेश में दिखने वाला है. 18–19 मार्च को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार और बड़वानी में बारिश की संभावना है, जबकि आज और कल बारिश के संकेत नहीं हैं. इससे मार्च में एकदम से बढ़ी गर्मी से राहत मिलने के आसार है. पिछले कुछ दिनों में ही धूप की तपिश ने परेशान कर दिया था और पारा भी 40 डिग्री सेल्सियस के लगभग पहुंच गया था.