विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2026

भरे बाजार में 7 लाख रुपये की लूट, 5 बदमाशों ने सराफा कारोबारी को बनाया निशाना 

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हाट बाजार से लौट रहे सराफा कारोबारी को पांच बदमाशों ने घेरकर करीब 7 लाख रुपये के सोना‑चांदी के आभूषण लूट लिए. वारदात के बाद इलाके में दहशत है.

भरे बाजार में 7 लाख रुपये की लूट, 5 बदमाशों ने सराफा कारोबारी को बनाया निशाना 

MP Daylight Robbery: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. हाट बाजार से लौट रहे एक सराफा कारोबारी को पांच अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में घेरकर लूट लिया. लूट की यह घटना न सिर्फ भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, बल्कि बदमाशों ने पूरी वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए. लुटेरों ने कारोबारी से करीब 7 लाख रुपये के सोना‑चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए.

हाट बाजार से लौटते वक्त हुआ हमला

यह मामला बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना क्षेत्र का है. सराफा कारोबारी नावरा के हाट बाजार से अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहा था. जैसे ही वह नावरा रोड पर पहुंचा, तभी अचानक एक बाइक पर सवार दो युवक उसके सामने आ गए. उन्होंने जानबूझकर मोटरसाइकिल के आगे बाइक लगा दी, जिससे कारोबारी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा.

तीन और बदमाश पहुंचे, लूट को दिया अंजाम

कारोबारी के गिरते ही पीछे से एक और बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंच गए. पांचों बदमाशों ने मिलकर उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया. बदमाशों ने उसके कब्जे से सोना‑चांदी के आभूषण छीन लिए और मौके से फरार हो गए. कारोबारी के मुताबिक उसके पास करीब 7 लाख रुपये के आभूषण थे, जिन्हें वह बाजार से लेकर लौट रहा था.

दिनदहाड़े वारदात से इलाके में दहशत

भरे बाजार के पास और दिन के समय हुई इस वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि जिस तरह से बदमाशों ने बेखौफ होकर लूट की, वह पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.

पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज

वारदात की सूचना मिलते ही नेपानगर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास छानबीन शुरू की. इसके बाद पीड़ित सराफा कारोबारी ने थाने पहुंचकर पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है.

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

नेपानगर थाना पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. बदमाशों के भागने के रास्तों पर भी पुलिस नजर रखे हुए है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और लूटा गया माल भी बरामद होगा. दिनदहाड़े हुई यह लूट एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम कब उठाए जाएंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com