विज्ञापन

मिशन अस्पताल जमीन घोटाला: 4 साल से फरार भू-माफिया गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस रिमांड मिली 

धार के मिशन अस्पताल जमीन घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है. करीब चार साल से फरार भू‑माफिया सुधीर जैन को नौगांव पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम था और उस पर शासकीय जमीन को फर्जी दस्तावेजों से लीज पर देने और बेचने का आरोप है.

मिशन अस्पताल जमीन घोटाला: 4 साल से फरार भू-माफिया गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस रिमांड मिली 

Mission Hospital Land Scam: धार शहर के आदर्श सड़क स्थित मिशन अस्पताल की शासकीय भूमि घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है. करीब चार साल से फरार चल रहे कथित भू‑माफिया सुधीर जैन को नौगांव पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया. अदालत ने आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. यह मामला करोड़ों की सरकारी जमीन के कूटरचित दस्तावेजों से लीज और बिक्री से जुड़ा है, जिसमें आगे और खुलासों की संभावना है.

शासकीय जमीन पर फर्जीवाड़ा

आदर्श सड़क स्थित मिशन अस्पताल की लगभग 0.493 हेक्टेयर जमीन ऐतिहासिक रूप से 19 अगस्त 1895 को धार महाराज आनंदराव पंवार ने कैंडियन चर्च काउंसिल के लिए स्व. डॉ. रत्नाकर दास के नाम लीज पर दी थी. उद्देश्य महिला अस्पताल का संचालन था और किसी निजी व्यक्ति को स्वामित्व नहीं दिया गया था. आरोप है कि 2008 में इसी शासकीय जमीन को सुधीर दास ने कथित भू‑माफिया सुधीर जैन के साले अंकित को मात्र 50 हजार रुपये में 20 साल की लीज पर दे दिया और 2009 में जमीन को 11 लाख रुपये में बेच भी दिया.

फर्जी दस्तावेज, नामांतरण और बिक्री

पुलिस जांच में सामने आया कि कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज बनाए गए और अवैध रूप से नामांतरण, लीज और विक्रय की प्रक्रिया पूरी की गई. इसी कड़ी में सुधीर दास, अंकित और उस समय के तत्कालीन राजस्व अधिकारी सीके गुप्ता को आरोपी बनाया गया था. इन तीनों को जमानत मिल चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी सुधीर जैन घटना के बाद से फरार था.

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी कैसे हुई?

सीएसपी सुजावल जग्गा के मुताबिक, मुकबिर की सूचना पर सायबर सेल की टीम इंदौर पहुंची और तुलसी नगर क्षेत्र से सुधीर जैन को दबोच लिया. कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी उप‑निरीक्षक प्रशांत गुंजाल, प्रधान आरक्षक सर्वेश सिंह सोलंकी, बलराम भंवर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

सेंट टेरेसा जमीन कांड से भी कनेक्शन

सूत्रों के अनुसार, सुधीर जैन का नाम मप्र के चर्चित ₹250 करोड़ के सेंट टेरेसा जमीन कांड से भी जुड़ा हुआ है. जांच एजेंसियां दोनों मामलों के लिंक और पैटर्न खंगाल रही हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि फर्जी लीज/बिक्री का मॉडस ऑपरेंडी एक जैसा तो नहीं.

अदालती कार्यवाही: दो दिन की रिमांड

एडवोकेट शकील अहमद के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है. पुलिस अब पूछताछ में यह जानने की कोशिश कर रही है कि दस्तावेजों की फर्जी तैयारी, नामांतरण और विक्रय में किन‑किन लोगों की भूमिका थी और किन स्तरों पर साठगांठ हुई.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close