Bhojshala Verdict: जानिए क्या है भोजशाला विवाद, ASI की सर्वे रिपोर्ट ने कैसे दिलाई हिंदू पक्ष को जीत

Bhojshala Temple Kamal Maula Mosque Dispute: भोजशाला मंदिर-कमाल मौला मस्जिद परिसर विवाद में तीन पक्ष थे, जिसमें एक पक्ष हिंदू, दूसरा मुस्लिम और तीसरा जैन पक्ष था. हिंदू पक्ष देवी सरस्वती का मंदिर मानता था. मुस्लिम पक्ष मस्जिद और जैन पक्ष जैन मंदिर होने का दावा करता था.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
भोजशाला को हाईकोर्ट ने माना मंदिर.

Madhya Pradesh High Court Verdict on Bhojshala: लंबे समय से चल रहे भोजशाला मंदिर-कमाल मौला मस्जिद विवाद मामले में आखिरकार हाईकोर्ट ने 15 मई, 2026 को अपना फैसला सुना दिया. हाईकोर्ट ने भोजशाला को मंदिर करार दिया है. हिंदू पक्ष के वकील विष्णुजैन ने बताया कि कोर्ट ने भोजशाला को मंदिर बताया है. यह फैसला कई दिनों की नियमित सुनवाई के बाद आया है. वहीं, प्रशासन ने फैसले को लेकर भोजशाला के आसपास और धार जिले में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी है. साथ ही पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है.

भोजशाला मामले में विष्णुजैन ने कोर्ट के फैसले पर बताया कि भोजशाला की पूरी इमारत को राजा भोज के द्वारा बनवाया गया है. कोर्ट ने पूजा-पाठ का अधिकार दिया है. अब इस परिसर में सिर्फ पूजा होगी, नमाज की अनुमति नहीं है. कोर्ट ने कहा- ये कमाल औला मस्जिद नहीं है. मुस्लिम समाज सरकार के पास अपनी मांग रख सकते हैं. सरकार मुस्लिम समाज को वैकल्पिक जमीन दे. ये धार में भी हो सकती है.

Advertisement

वहीं, धार के शहर काजी ने कहा कि वह हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं. सलमान खुर्शीद ने बहुत अच्छा डिबेट किया. अब हम कोर्ट के फैसले का अध्ययन करेंगे और सुप्रीम कोर्ट में अपील करेंगे. हम अपना दावा अब भी करेंगे और सुप्रीम कोर्ट से हमें उम्मीद है.

जुलाई 2024 को ASI ने सौंपी रिपोर्ट

इस विवाद की जड़ काफी पुरानी है. हिंदू समुदाय इस जगह को मां वाग्देवी यानी देवी सरस्वती का मंदिर मानता है, जबकि मुस्लिम समुदाय इसे 11वीं सदी की कमाल मौला मस्जिद के रूप में देखता है. वहीं, जैन समुदाय विवादित परिसर में मध्यकालीन जैन मंदिर और गुरुकुल होने का दावा करता है. हालांकि, जैन समुदाय के एक याचिकाकर्ता ने कुछ दिनों पहले ही मामले में याचिका दायर कर अपना दावा किया था. इससे पहले हिंदू और मुस्लिम पक्षों की कोर्ट में सुनवाई चल रही थी. यही वजह है कि यह मामला वर्षों से चला आ रहा है और अभी तक इसका कोई अंतिम समाधान नहीं निकल पाया.

एएसआई ने हाईकोर्ट के आदेश पर लगभग ढाई साल पहले विवादित परिसर का सर्वेक्षण करके अपनी विस्तृत रिपोर्ट 15 जुलाई 2024 को सौंपी थी. इस दौरान ASI ने भोजशाला परिसर में 98 दिनों तक वैज्ञानिक परीक्षण किया था. कोर्ट ने इस पर दोनों पक्षों से राय मांगी थी. फिर हाईकोर्ट ने 6 अप्रैल से मामले में नियमित सुनवाई पर फैसला किया.

एएसआई के सर्वे में क्या मिला?

हाईकोर्ट में दायर की गई ASI की सर्वे रिपोर्ट में बताया गया कि मस्जिद मंदिरों के अवशेष से बनी है. इसमें 106 खंभे और 82 प्लास्टर मंदिरों से लिए गए. देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियों के निशान भी मिले. 94 मूर्तियों का भी जिक्र किया गया है. एक बड़े शिलालेख में पारिजातमंजरी नाटिका का उल्लेख है. 12वीं से 20वीं सदी तक के शिलालेखों के प्रमाण मिले. इसके अलावा परमार काल के शिलालेख, नृत्य मुद्राएं, पौराणिक प्रतीक, यज्ञकुंड की संरचना, स्तंभों पर श्लोक, वासुकी नाग की मूर्ति, भगवान शिव की मूर्ति और नामव आकृतियां, संस्कृत और देवनागरी लिपि में अभिलेख मिले. वहीं, अरबी-फारसी लेख भी मिले.

Advertisement

इस स्थल पर कभी पूजा बंद नहीं हुई- हाईकोर्ट

हाईकोर्ट ने कहा कि भोजशाला संस्कृत शिक्षा का केंद्र था. कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि इस स्थल पर हिंदू पूजा कभी बंद ही नहीं हुई थी.  ऐतिहासिक साहित्य से पता चलता है कि विवादित क्षेत्र भोजशाला के रूप में संस्कृत शिक्षा का केंद्र था, जो परमार वंश के राजा भोज से जुड़ा हुआ था.

अलाउद्दीन खिलजी के आदेश पर मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई गई- हिंदू पक्ष

भोजशाला मंदिर‑कमाल मौला मस्जिद विवाद में हिंदू पक्ष ने अदालत में कहा था कि परमार वंश के राजा भोज ने 1034 में भोजशाला परिसर में देवी सरस्वती का मंदिर बनवाया था, जिसे अलाउद्दीन खिलजी के आदेश पर 1305 में तोड़ दिया गया और उसी के अवशेषों से मस्जिद बनाई गई.

Advertisement

मंदिर गिराकर मस्जिद बनाए जाने का कोई ठोस सबूत नहीं- मुस्लिम पक्ष

अदालत में सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष ने बड़ा दावा करते हुए कहा था कि धार शहर में किसी खास मंदिर को किसी खास दौर में गिराकर उसी जगह मस्जिद बनाए जाने का कोई ठोस या प्रमाणिक सबूत मौजूद नहीं है.

2003 से थी पूजा और नमाज की ये व्यवस्था

भोजशाला एएसआई द्वारा संरक्षित है. भोजशाला को लेकर विवाद लंबा है, लेकिन जब विवाद ज्यादा बढ़ा तो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने 7 अप्रैल, 2003 को एक आदेश जारी किया था. इसके अनुसार कहा गया कि हिंदुओं को इस परिसर में प्रत्येक मंगलवार और बसंत पंचमी पर पूजा करने की अनुमति रहेगी, जबकि मुस्लिमों को हर शुक्रवार वहां नमाज अदा करने की इजाजत दी गई थी.

इस साल जनवरी में बसंत पंचमी को भी हुआ था विवाद

भोजशाला मंदिर-कमाल मौला मस्जिद के विवाद ने तब ज्यादा तूल पकड़ लिया था, जब 23 जनवरी के दिन शुक्रवार (जुम्मा) और बसंत पंचमी दोनों एक साथ पड़ गए थे. उस समय मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया. दरअसल, हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस (HFJ) की ओर से वकील विष्णु शंकर जैन ने 2 जनवरी को याचिका दायर की थी और मंगलवार को ही सुप्रीम कोर्ट के सामने अर्जेंट सुनवाई के लिए अनुरोध किया था. इसपर कोर्ट गुरुवार (22 जनवरी) को सुनवाई के लिए तैयार हो गया था. तब कोर्ट ने नमाज पढ़ने का समय दोपहर 1 बजे से दोपहर 3 बजे तक रखा था, लेकिन पूजा के लिए कोई समय निर्धारित नहीं किया था. उसके लिए अलग जगह निर्धारित की गई थी.

धार भोजशाला का इतिहास

  • 1034 में राजा भोज ने कराया भोजशाला निर्माण.
  • 1456 में महमूद खिलजी ने भोजशाला को ढहाकर मकबरा बनाया.
  • 1933 में राजा आनंद राव की तबीयत बिगड़ी तो मुस्लिम समाज को नजाम की अनुमति मिली.
  • 1902 में हुए सर्वे में भोजशाला में हिंदू चिन्ह, संस्कृत के शब्द आदि पाए गए, लॉर्ड कर्जन ने रखरखाव के लिए 50 हजार रुपये मंजूर किए.
  • 1951 में भोजशाला को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया गया.
  • 1997 में भोजशाला में आम नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया.
  • 2003 में हिंदुओं को मंगलवार और बसंत पंचमी के दिन पूजा और मुस्लिम समाज को शुक्रवार को दोपहर 1-3 बजे नमाज की इजाजत दी गई.

ये भी पढ़ें- भोजशाला: 1000 साल का सफर, जहां पत्थरों में कैद है विद्या और विवाद की दास्तान