2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Live Updates: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज कई अहम घटनाक्रम तय हैं. एक ओर भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्व-सहायता समूहों के लिए आजीविका मिशन क्षमतावर्धन कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे, दूसरी ओर रायपुर में चल रहे बजट सत्र में सरकार से कई मुद्दों पर जवाब मांगे जाएंगे. साथ ही, मौसम मोर्चे पर भी अपडेट है. कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. इन सबके बीच आम जनता के हित, बाजार से जुड़ी जरूरतें और विधानसभा की हलचल सुर्खियों में रहेंगी.

यहां पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आज की ताजा खबरें...
 

Feb 25, 2026 21:32 (IST)

शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, संभागीय सचिव ने किया निलंबित

महासमुंद जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले शिक्षक थानेश्वर प्रसाद मरकण्डेय (एलबी) को संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग के संभागीय सचिव ने निलंबित कर दिया है. आरोप है कि शिक्षक शराब सेवन कर नशे की हालत में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अन्य शिक्षकों से विवाद और दुर्व्यवहार किया तथा कक्षा आठवीं में जाकर विद्यार्थियों के साथ भी अनुचित व्यवहार किया. इन गंभीर कृत्यों को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में शिक्षक को विकासखंड शिक्षा अधिकारी महासमुंद कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी होगी.

Feb 25, 2026 21:21 (IST)

दुष्कर्म और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का मामला, पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया

दुष्कर्म और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपियों अमरीन और चंदन की रिमांड अवधि बढ़ाते हुए उन्हें 5 दिन के लिए दोबारा रिमांड पर लिया है. पुलिस इन दिनों आरोपियों को घटना स्थल, अहमदाबाद और अन्य संबंधित लोकेशनों पर ले जाकर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, क्योंकि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों का नेटवर्क गुजरात और मुंबई तक फैला हुआ है. इन पर पीड़िताओं के साथ दुष्कर्म करने, ड्रग्स देने, धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और देह व्यापार में धकेलने जैसे गंभीर आरोप हैं. यदि पूछताछ 5 दिनों में पूरी नहीं हो पाती है तो रिमांड अवधि और बढ़ाई जा सकती है. वहीं, आफरीन फिलहाल जेल में है, लेकिन जरूरत पड़ने पर पुलिस उसे भी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है.

Advertisement
Feb 25, 2026 21:17 (IST)

हिरण का शिकार करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

विदिशा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में हिरण का शिकार करने आए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को मौके से पकड़ा और उनके पास से दो बंदूकें बरामद कीं. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने हिरण प्रजाति के एक जंगली जानवर का शिकार किया था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर चारों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

Feb 25, 2026 19:41 (IST)

ट्रेन के एसी कोच में काकरोच! यात्री ने सोशल मीडिया पर की शिकायत

ट्रेन के एसी कोच में कॉकरोच दिखने से यात्रियों में रोष फैल गया, जब 19316 ट्रेन के एसी कोच में यात्रा कर रहे यात्री यश गुप्ता ने सीटों, दीवारों और फर्श पर घूम रहे कॉकरोचों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शिकायत दर्ज की. अहमदाबाद से आसबरा होते हुए इंदौर आ रही इस ट्रेन में गंदगी देखकर यात्री ने रेल मंत्री, प्रधानमंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को टैग कर कार्रवाई की मांग की, साथ ही प्रभावित यात्रियों को मुआवजा देने की भी बात कही. रेलवे पोर्टल पर शिकायत करने के बावजूद मदद न मिलने पर सफाई‑व्यवस्था और प्रीमियम किराए के बावजूद खराब रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

Feb 25, 2026 19:08 (IST)

जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी! न्यायाधीश को आया ईमेल

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिला न्यायालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला एवं सत्र न्यायाधीश को एक ईमेल के जरिए अदालत परिसर को साइनाइड और आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी गई, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और साइबर सेल सहित सुरक्षा टीम तुरंत न्यायालय परिसर पहुंची और पूरे इलाके की सघन तलाशी ली, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. वहीं, साइबर सेल धमकी भरे ईमेल की जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है, जबकि पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है.

Feb 25, 2026 18:31 (IST)

पुल से नीचे गिरा स्कूली वाहन; एक बच्चे की मौत, 13 से अधिक गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा उस समय हो गया जब आज़ाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया, जिसमें सवार 20 से अधिक बच्चों में से एक बच्चे की मौत हो गई और 13 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ते समय हुए इस हादसे में बच्चों का रो‑रोकर बुरा हाल है. वाहन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलाए जाने की बात सामने आ रही है. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

Advertisement
Feb 25, 2026 18:07 (IST)

15 नक्सलियों ने जताई सरेंडर की इच्छा! गृह मंत्री को लिखा पत्र

गरियाबंद में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता की ओर संकेत मिलता दिख रहा है, जहां भाकपा (माओवादी) के BBM डिवीजन के सचिव विकास और उनके साथ 14 अन्य सक्रिय नक्सलियों ने प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई है. उन्होंने बदली हुई राजनीतिक‑सामाजिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए स्वीकार किया कि अब दीर्घकालीन जनयुद्ध जारी रखना सार्थक नहीं है और वे भारतीय संविधान के दायरे में रहकर जनता के लिए काम करना चाहते हैं. पत्र में सुरक्षा की गारंटी की मांग करते हुए गृह मंत्री से रेडियो के माध्यम से आश्वासन देने का अनुरोध भी किया गया है. नक्सलियों ने 2 या 3 मार्च तक सरेंडर की प्रक्रिया पूरी करने की इच्छा जताई है. इस टीम में 3 DVC सदस्य, 5 AC सदस्य और 7 पार्टी सदस्य शामिल हैं, जिनमें 14 बस्तर के मूल निवासी हैं, जबकि सचिव विकास तेलंगाना से है.

Feb 25, 2026 17:58 (IST)

बीयर पिलाकर 23 साल की युवती से गैंगरेप!

छिंदवाड़ा में 23 साल की युवती के साथ बीयर पिलाकर गैंगरेप करने का गंभीर मामला सामने आया है. पार्टी के बहाने होटल ले गए दो युवकों ने नशे की हालत का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है. यह घटना सोमवार देर रात की है और मंगलवार को मामले में एफआईआर दर्ज हुई. पढ़ें पूरी खबर...

Advertisement
Feb 25, 2026 17:57 (IST)

अंबर नदी में तैरती मिली लड़की की लाश, पहचान में जुटी पुलिस

सीहोर जिले के ग्राम नंदगांव के पास बहने वाली अंबर नदी में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी से लाश बरामद कर आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में पहचान संबंधी जानकारी भेजी है, लेकिन अब तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है. एसडीओपी भेरूंदा रोशन जैन के अनुसार प्रथम दृष्टि मामला डूबने का लग रहा है. पहचान होने के बाद पोस्टमोर्टम कर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी.

Feb 25, 2026 17:24 (IST)

वॉइस मैसेज से दिया तीन तलाक; पीड़िता ने थाने में की शिकायत

जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 32 वर्षीय महिला को उसके पति ने फोन कॉल या आमने‑सामने नहीं, बल्कि वॉइस मैसेज भेजकर “तलाक, तलाक, तलाक” कहा और रिश्ते को खत्म करने की कोशिश की. मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर मायके में रह रही पीड़िता ने यह वॉइस मैसेज मिलने पर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और डिजिटल माध्यम से दिए गए तीन तलाक की इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है.

Feb 25, 2026 17:21 (IST)

2 नक्सलियों को 5 साल की सजा! NIA कोर्ट ने सुनाया फैसला

NIA कोर्ट दंतेवाड़ा ने 2024 में पोटाली के पास विस्फोटक सामग्री, बम और बारूद के साथ पकड़े गए दो नक्सलियों को 5 साल की सजा सुनाई है. दोनों नक्सली सुरक्षाबलों की सर्चिंग पार्टी को विस्फोट में उड़ाने की साजिश रच रहे थे, जिसके दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया था. मामले की सुनवाई NIA कोर्ट में जारी थी, जहाँ सभी सबूतों के आधार पर अदालत ने अब दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई.

Feb 25, 2026 16:57 (IST)

मोबाइल दुकान का शटर तोड़ा, लाखों की चोरी; अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में मोबाइल शॉप “युग स्टोर” का शटर तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर इंदौर, भोपाल और नागपुर के रहने वाले तीनों आरोपी भोपाल से पकड़े गए. इनके पास से लगभग 3.50 लाख रुपये के चोरी हुए मोबाइल बरामद किए गए हैं. आरोपियों ने कटनी में फर्जी आईडी से होटल में ठहरकर रेकी की थी और इससे पहले महाराष्ट्र के नाशिक, जलगांव सहित कई जगहों पर वारदातें कर चुके थे.

Feb 25, 2026 16:40 (IST)

150-200 गाडर-बकरियों की मौत! क्षेत्र में दहशत का माहौल

सीहोर जिले के ग्राम मैना और खामखेड़ा के बीच डेरे में रुके गाड़र‑बकरी पालक परिवारों में उस समय दहशत फैल गई, जब हल्दी का घोल पिलाने के तुरंत बाद करीब 150 से 200 बकरियों की अचानक मौत हो गई. पशुपालकों ने बताया कि उन्होंने 22 फरवरी को मैना बाजार से पिसी हुई हल्दी खरीदी थी, जिसे पानी में घोलकर जानवरों को देने पर उल्टी, कमजोरी और गिरने जैसे लक्षण दिखे. बड़ी संख्या में मौतों के बाद ग्रामीणों ने हल्दी में मिलावट या जहरीले तत्व की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है.

Feb 25, 2026 16:11 (IST)

नक्सली रानू पोडियाम ने किया सरेंडर

कांकेर में नक्सली रानू पोडियाम ने देर रात DVCM मल्लेश के साथ छोटेबेठिया बीएसएफ कैंप में आत्मसमर्पण किया, जिसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी. उन्होंने बताया कि मल्लेश और रानू पोडियाम द्वारा साझा की गई सूचना के आधार पर इलाके में सक्रिय अन्य नक्सली कैडरों से भी संपर्क स्थापित करने और उन्हें मुख्यधारा में लौटाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.

Feb 25, 2026 15:39 (IST)

हिंदू महा सम्मेलन में महिलाओं को बांटे ओजस्वी यंत्र! छेड़छाड़ करने पर लगेगा करंट

उज्जैन में हिंदू महा सम्मेलन के समापन पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए ओजस्विनी यंत्र वितरित किए गए, जिनके बारे में राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बताया कि यह रिचार्जेबल डिवाइस बटन दबाते ही 200 लोगों तक को हल्का करंट दे सकता है और महिलाओं के लिए आत्मरक्षा का आसान साधन है. क्षिप्रा नदी किनारे आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन में स्वास्थ्य संबंधी सत्रों और हनुमान चालीसा पाठ के बाद तोगड़िया ने घोषणा की कि पूरे देश में एक लाख वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे और ओजस्विनी हिम्मत वायर नामक यह यंत्र, जिसकी लागत 800 रुपये है, सम्मेलन में 600 रुपये में दिया जा रहा है तथा इसे एक लाख महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.

Feb 25, 2026 15:00 (IST)

Cow Issued Raised in MP Vidhan Sabha: मध्य प्रदेश की विधानसभा में गूंजा गोवंश का मुद्दा

Madhya Pradesh Assembly Budget Session 2026: मध्य प्रदेश में निराश्रित गोवंश का मुद्दा एक बार फिर विधानसभा (MP Vidhan Sabha) में गूंजा. बजट सत्र के आठवें दिन मध्य प्रदेश विधानसभा (MP Vidhan Sabha Budget Session 2026 Day 8) में कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए कहा कि निराश्रित पशुओं की वजह से किसानों की फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं और नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 25, 2026 14:45 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: तेरहवीं में गोली चलाते हुए कराया था युवती से डांस, केस दर्ज

Gwalior Girl Dancing and Man Fired Bullet: ग्वालियर में बेहट क्षेत्र में एक युवक कुर्सी पर बैठकर गोली चला रहा है और सामने एक युवती डांस कर रही है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. अब पुलिस ने खोजबीन कर युवक की पहचान कर ली है और केस दर्ज किया है. यह वीडियो बेहट के राहुली गांव में बलवीर गुर्जर के ताऊ मेहताब सिंह गुर्जर की तेरहवीं कार्यक्रम में 20 फरवरी को बनाया गया था.

Feb 25, 2026 14:41 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: चाकू निकाल युवती ने किया जमकर हंगामा

Indore Girl With Knife: इंदौर के बाणगंगा में युवती ने चाकू निकालकर जमकर हंगामा किया. इसका वीडियो भी सामने आया है. उसने दोस्त के मकान में घंटों हंगामा किया. युवती की बदमाशी देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. युवती स्कीम नंबर 78 से बाणगंगा दोस्त के घर पहुंची थी. उसने जूतों में चाकू छिपाया था और हंगामा करने लगी. जब लोगों ने बाहर जाने को कहा तो उसने चाकू निकाल लिया. सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को अपने साथ थाने ले आई. युवती की वीडियो भी वायरल हो रहा है.

Feb 25, 2026 14:36 (IST)

MP Hind News: शहडोल में परिवार ने पिया जहर, बेटी की मौत

Shahdol Family Ate Poison: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पुरानी बस्ती में परिवार के मुखिया ने कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद पिया और अपनी पत्नी और बेटी को भी पिला दिया. इसके चलते तीनों की हालत बिगड़ने लगी. परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई. वहीं पति-पत्नी मेडिकल कालेज में गंभीर हालत में भर्ती हैं. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

Feb 25, 2026 14:23 (IST)

Madhya Pradesh News: चार शावकों के साथ जंगल में दिखी बाघिन, सैलिनियों ने कैद की तस्वीरें

Tigress and Cubs in MP Forest: दुनिया भर में बाघों का गढ़ माने जाने वाले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (Bandhavgarh Tiger Ridge) से एक रोमांचक और मनमोहक दृश्य सामने आया है. यहां के ताला जोन में सफारी के दौरान सैलानियों को ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने उनके रोमांच को कई गुना बढ़ा दिया. जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों को चक्रधरा नाम की बाघिन अपने चार नन्हे शावकों के साथ जंगल में सैर करते दिखाई दी. घने जंगल के बीच शान से कदम बढ़ाती बाघिन और उसके पीछे-पीछे चलते चारों शावकों का दृश्य बेहद आकर्षक और भावुक कर देने वाला था. इस अद्भुत पल को सैलानियों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब तेजी से चर्चा में है.

Feb 25, 2026 14:13 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: बीच सड़क की चांटे और चप्पल की बरसात

Girl Slap Boy in Shivpuri Video: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में  युवती एक युवक के साथ थप्पड़ और चप्पल से मारपीट करती नजर आ रही है. वायरल वीडियो शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. युवती युवक से यह कहती नजर आ रही है कि मेरे भाई से दूर हो जा. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 25, 2026 13:52 (IST)

Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

Bomb Threat to Chhattisgarh High Court Bilaspur: बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सूत्रों के अनुसार, ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई है. सूचना मिलते ही हाईकोर्ट परिसर के अंदर बम और डॉग स्क्वाड की टीम जांच में जुट गई है. बिलासपुर SP रजनेश सिंह और अधिकारी स्वयं परिसर में मौजूद हैं. फिलहाल किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. कोर्ट के सभी अधिकारी व कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया है. मुख्य न्यायाधीश ने भी सभी सुनवाई फिलहाल टाल दी हैं. बता दें इससे पहले ही कई बार जिला कोर्टों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं.

Feb 25, 2026 13:42 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: आईवीएफ और सरोगेसी के नाम पर डॉक्टर पर महिला से रेप का आरोप

Rape and Kidnap on IVF: इंदौर के अरविंद अस्पताल के डॉक्टर पर रेप और अपहरण का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित महिला का आरोप है कि IVF और सरोगेसी के नाम पर डॉक्टर ने दुष्कर्म किया. 8 माह तक फ्लैट में कैमरों की निगरानी में दंपती को बंधक बनाकर रखने का आरोप है. महिला का कहना है कि कर्ज एडजस्ट करने का झांसा देकर साजिश रची गई थी. दो बार IVF फेल होने के बाद होटल में बुलाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है. साथ ही महिला का कहना है कि नशीला पदार्थ पिलाकर पति को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है. पीड़िता ने हाईकोर्ट वकीलों के माध्यम से पुलिस कमिश्नर को सबूत सौंपे हैं. कमिश्नर ने महिला थाना टीआई को जांच के आदेश दिए हैं.

Feb 25, 2026 12:37 (IST)

MP News in Hindi: रायगढ़ में खून से लथपथ मिला शव

Man Dead Body Found Blooded in Room Raigarh: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. वार्ड-8 स्थित एक मकान के कमरे में 20 वर्षीय युवक का खून से सना शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा के रूप में हुई है. बताया गया कि युवक रात में भोजन करने के बाद अपने कमरे में चला गया था. थोड़ी देर बाद किसी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी. परिवार के लोग जब कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. कई बार आवाज लगाने पर कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. फिर खिड़की से झांका तो युवक फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा था और कमरे में खून फैला हुआ था.

Feb 25, 2026 12:26 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: 10वीं का बोर्ड पेपर खराब होने पर छात्रा ने की आत्महत्या

Class 10th Girl Student Commits Suicide: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पेपर खराब होने पर 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी. परिजनों ने बताया कि वह तनाव में थी. चंदन नगर इलाके में रहने वाली 16 साल की छात्रा ने आत्मघाती कदम तब उठाया, जब वह घर में अकेली थी. चंदन नगर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है और जांच शुरू कर दी है.

Feb 25, 2026 12:15 (IST)

MP News in Hindi: गौ मांस पर GST नहीं ले रही भाजपा सरकार

Madhya Pradesh Vidhan Sabha Session 2026: कांग्रेस विधायक व पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने विधानसभा में बजट सत्र के दौरान दावा किया कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार गौ मांस (GST on Beef) पर कोई जीएसटी (GST) नहीं ले रही है. विधानसभा में लगाए सवाल के जवाब को लेकर जयवर्धन ने आरोप लगाया है. उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार का हवाला दिया है. मास्टर प्लान को लेकर उन्होंने कहा कि हमारी (कांग्रेस) सरकार में प्लान बनाया जा रहा था, लेकिन सरकार गिर गई. कमलनाथ जी ने बुलाकर कहा था कि भोपाल का मास्टर प्लान बनाना चाहिए. कैलाश विजयवर्गीय ने सदन में बताया कि प्लान का ड्राफ्ट 2 साल से तैयार है, लेकिन सीएम की मंजूरी का इंतजार हो रहा है.

Feb 25, 2026 12:00 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: रेप और धर्मांतरण मामले में योगी जैसी कार्रवाई करें CM मोहन यादव

Bhopal Rape and Conversion Case: भोपाल में रेप और धर्मांतरण के दबाव के मामले में बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि वह इस मामले को सदन में उठाएंगे. मांग की है कि जिम, स्पा और ब्यूटी पार्लर की निगरानी की जानी चाहिए. इनकी ही आड़ में इस तरह के अनैतिक काम चल रहे हैं. महिलाओं पर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम डॉ मोहन यादव को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जैसी कार्रवाई करनी चाहिए. ये है पूरा मामला

Feb 25, 2026 11:39 (IST)

Jiwaji University Suicide: जीवाजी विवि में कर्मचारी छत से कूदा, मौत हुई

Central Library Worker Jumped from Roof: ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय (Jiwaji University, Gwalior) में एक स्थाई कर्मचारी  अंगद जाटव ने शाम को सेंट्रल लाइब्रेरी की छत से छलांग लगा दी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई. मृतक कर्मचारी माली के रूप में कार्यरत था. विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया गया है कि जीवाजी विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में पदस्थ 50 साल के अंगद नामक कर्मचारी मंगलवार शाम को लाइब्रेरी की छत पर पहुंचा और उसने अचानक छत से छलांग लगा दी.

Feb 25, 2026 11:27 (IST)

Bijli Bill Without Connection in Village: बिना बिजली कनेक्शन के हजारों रुपये आ रहा है बिल ग्रामीण परेशान

Balrampur Village No Eletricity: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पुटसुरा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही अब लोगों पर भारी पड़ने लगी है. यहां वर्षों पहले आंध्र प्रदेश से आई ठेका कंपनी ने गांव में बिजली के खंभा और तार सहित बिजली उपभोक्ताओं ग्रामीणों के घर बिजली मीटर भी लगाए हैं, लेकिन वर्षों बाद भी लोगों के घर तक बिजली नहीं पहुंची है. लोग आज भी बिजली के इंतजार में बैठे हैं. इस गांव में बिजली तो नहीं पहुंची, लेकिन बिजली का भारी भरकम बिल जरूर पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं.

Feb 25, 2026 10:49 (IST)

Bhopal-Dhanbad Express Train: भोपाल से सीधे धनबाद की ट्रेन

MP-Jhakhand Train: मध्य प्रदेश और झारखंड की कनेक्टविटी के लिए एक नई ट्रेन शुरू हो गई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वर्चुअली भोपाल-धनबाद/चोपन एक्सप्रेस (Bhopal-Dhanbad Express Train) ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इससे अब दोनों राज्यों में आसानी आवागमन की सुविधा बढ़ जाएगी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 25, 2026 10:29 (IST)

Madhya Pradesh High Court: हाईकोर्ट ने बेटे की हत्या के आरोप से मां को किया दोषमुक्त

Guna Abhyudaya Jain Murder Case: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए एक मां को बेटे की हत्या के आरोप से दोष मुक्त कर केस खत्म कर दिया. मामला गुना जिले का था. एक साल पहले गुना में 14 वर्ष के अभ्युदय जैन की हत्या की गई थी. जांच के बाद गुना पुलिस ने मामले में उसकी मां को ही आरोपी बना दिया था. इसके बाद मां अलका जैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसे लेकर पुलिस कार्रवाई का जबरदस्त विरोध हुआ था, जिसके चलते ग्वालियर आईजी ने गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था. एसआईटी की जांच में अलका को निर्दोष बताया था. जांच रिपोर्ट गुना जिला न्यायालय को दी गई, लेकिन जिला कोर्ट ने पुलिस की रिपोर्ट को खारिज करते हुए अलका के खिलाफ हत्या का प्रकरण जारी रखने के आदेश दिए थे.

जिला न्यायालय के आदेश के खिलाफ अलका जैन ने ग्वालियर हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने अलका जैन को बड़ी राहत (Mother Acquitted of Son Murder Charge) देते हुए बीते रोज अपना फैसला सुनाया और उन्हें निर्दोष घोषित कर दिया.

Feb 25, 2026 09:25 (IST)

Chhattisgarh Naxalism: उत्तर बस्तर में नक्सलियों को झटका, मल्लेश ने किया सरेंडर

Naalite Mallesh Surrendered in Kanker: छत्तीसगढ़ में उत्तर बस्तर इलाके में नक्सलियों को एक बड़ा झटका है. कांकेर जिले में डिवीसीएम कैडर नक्सली देर रात छोटे बेठिया बीएसएफ कैंप आत्मसमर्पण करने पहुंचा. उसने AK-47 हथियार के साथ आत्मसमर्पण की इच्छा जताई. नक्सली ने अपना नाम मल्लेश बताया. पुलिस को मल्लेश की लंबे समय से तलाश थी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 25, 2026 09:02 (IST)

MP Budget 2026: एमपी विधानसभा के बजट सत्र का आठवां दिन, सदन में ये मुद्दे गूंजेंगे आज

Madhya Pradesh Assembly Budget Session 2026: मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के 8वें दिन निराश्रित पशुओं से नष्ट होती फसलों और यातायात बाधित होने का मामला गूंजेगा. कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल पशुपालन मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगे. प्रदेश में बढ़ती आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फायर सेफ्टी कानून और नियमित ऑडिट व्यवस्था नहीं किए जाने की ओर बीजेपी विधायक अभिलाष पाण्डेय का ध्यानाकर्षण है. आज सदन में सवा 6 घंटे तक बजट पर चर्चा होगी. बजट पर सदन में विभाग वार चर्चा की जाएगी. इसके पहले 2 ध्यानाकर्षण, 85 याचिकाएं भी पटल पर रखी जाएंगी. मंत्री चैतन्य कश्यप और इंदर सिंह परमार सदन के पटल पर पत्र रखेंगे.

Feb 25, 2026 08:47 (IST)

CG Weather News: छत्तीसगढ़ मौसम का हाल

Chhattisgarh Mausam Ka Haal: छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि  का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, उसके बाद अगले 7 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा. अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों में हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, रायपुर में आज का तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान है. इसके अलावा प्रदेश में मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान जगदलपुर में 34 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री दर्ज किया गया.

Feb 25, 2026 08:02 (IST)

Chhattisgarh Assembly Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का तीसरा दिन

CG Vidhan Sabha Budget Session 2026: विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन यानी बुधवार को डिप्टी CM अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन प्रश्नों के जवाब देंगे. CM साय और डिप्टी CM विजय शर्मा पत्रों को पटल पर रखेंगे. मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत भी पत्रों को पटल पर रखेंगे. नवंबर–दिसंबर 2025 सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर पटल पर रखे जाएंगे. सदन में पढ़ी गई सूचनाओं और उनके उत्तरों का संकलन पेश किया जाएगा.

साथ ही राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी दी जाएगी. सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए जाएंगे. अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे. विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का मामला उठाएंगे. मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा सौंपेंगे. विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं पेश करेंगे. राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में विस्तृत चर्चा होगी.

Feb 25, 2026 07:33 (IST)

अशोकनगर में 'दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है' गाते ही वायरल हुआ गुना का दूल्हा

Groom Singing from Stage: गुना के दूल्हे ने अशोकनगर जिले में अपनी शादी के दौरान दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है गाना गाकर समां बांध दिया. गाना रिकॉर्ड भी किया गया और अब यह इंस्टाग्राम पर जमकर वायरल हो रहा है.  गुना की कोकाटे कॉलोनी में रहने वाले शिवाजी सुर्वे की शादी 21 फरवरी को अशोकनगर के देसाईखेड़ा की पद्मिनी से हुई. वरमाला के दौरान दोस्तों की फरमाइश पर उन्होंने स्टेज से ही गीत गाया था.

Feb 25, 2026 06:50 (IST)

Madhya Pradesh Weather Forecast: मध्य प्रदेश मौसम अपडेट

Rain Alert in MP: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. सिवनी, मंडला, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, खरगोन, धार, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में बारिश की संभावना है. भोपाल में अधिकतम तापमान लगभग 30°से. और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. राज्य में मंगलवार को दिनभर मौसम शुष्क बने रहने के बाद शाम को मौसम में बदलाव हुआ है.

Feb 25, 2026 06:47 (IST)

Chhattisgarh Budget: छत्तीसगढ़ बजट सत्र

Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर आज चर्चा होगी. अब तक 2813 सवाल, 1376 तारांकित प्रश्न, 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, नियम 139 के तहत 1 अविलंबनीय चर्चा, 13 अशासकीय संकल्प और 112 याचिकाएं प्राप्त होने से बहस तीखी रहने की उम्मीद है.

Feb 25, 2026 06:37 (IST)

मध्य प्रदेश: आजीविका मिशन कार्यशाला (Ajivika Mission Karyashala)

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होने वाली इस कार्यशाला का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों (SHGs) की क्षमताओं को बढ़ाना और उन्हें बड़े स्तर पर मार्केटिंग के अवसर दिलाना है. पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और राज्यमंत्री राधा सिंह भी मौजूद रहेंगी. प्रशिक्षण के जरिए सदस्य उत्पादों की ब्रांडिंग, बिक्री और सप्लाई चैन समझेंगे, जिससे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बने समूहों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिले. यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उद्यमिता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.