विज्ञापन

झुग्गी से विला और फिर जेल: भोपाल में धर्मांतरण-सेक्स रैकेट चलाने वाली दो बहनें गिरफ्तार

Amreen Afreen Sex Racket Case: भोपाल में झुग्गी से विला तक पहुंचीं दो बहनों के 'काले साम्राज्य' का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. नौकरी के नाम पर लड़कियों को ड्रग्स देने, बलात्कार करने और जबरन धर्मांतरण कराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

झुग्गी से विला और फिर जेल: भोपाल में धर्मांतरण-सेक्स रैकेट चलाने वाली दो बहनें गिरफ्तार

Bhopal Sisters Sex Racket: राजधानी के बागसेवनिया इलाके में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो गरीब लड़कियों को 'हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल' का सपना दिखाकर उनके शोषण का व्यापार कर रहा था.पुलिस ने दो सगी बहनों, अमरीन और आफरीन के साथ उनके साथी चंदन यादव को गिरफ्तार किया है. इन पर बलात्कार, जबरन धर्मांतरण और देह व्यापार का नेटवर्क चलाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.

झुग्गी से आलीशान विला तक का सफर

जांच में सबसे हैरान करने वाली बात आरोपियों की संपत्ति में आया अचानक उछाल है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक,ये दोनों बहनें पहले अब्बास नगर की एक मामूली झुग्गी में रहती थीं. लेकिन हाल ही में वे 'सागर रॉयल विला' जैसे पॉश इलाके के एक महंगे विला में रहने लगी थीं. पुलिस को शक है कि यह आलीशान जिंदगी युवतियों के शोषण से हुई अवैध कमाई के दम पर बनाई गई थी.

कैसे फंसाया जाता था जाल में?

आरोपी बहनें आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों को अपना निशाना बनाती थीं. उन्हें घर के काम के लिए 10 हजार रुपये महीना, मुफ्त रहना-खाना और एक शानदार जीवन देने का लालच दिया जाता था. लेकिन नौकरी शुरू होते ही उन पर दबाव बनाया जाने लगा. पीड़ितों के मुताबिक, उन्हें जबरन पब, क्लब और लाउंज की पार्टियों में ले जाया जाता था. वहां उन्हें शराब और एमडी (MD) जैसे नशीले ड्रग्स दिए जाते थे और बेहोशी की हालत में उनके साथ गलत काम (यौन शोषण) किया जाता था.

बलात्कार और ब्लैकमेलिंग की दर्दनाक कहानी

इस मामले में दो अलग-अलग महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई है.

पहली पीड़िता: छत्तीसगढ़ के मुंगेली की रहने वाली एक ब्यूटीशियन है. उसने बताया कि दिसंबर 2025 में उसे काम के बहाने अहमदाबाद ले जाया गया, जहां अमरीन के रिश्तेदार यासिर ने उसके साथ बलात्कार किया. इसके बाद बिलाल और चानू नाम के युवकों ने भी अलग-अलग समय पर उसका शोषण किया.

दूसरी पीड़िता: भोपाल की ही रहने वाली है और अमरीन के घर काम करती थी. उसने आरोप लगाया कि चंदन यादव ने उसे एक घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. जब उसने विरोध किया, तो उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी गई. युवतियों का कहना है कि उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था.

धर्मांतरण और बुर्के का दबाव

एफआईआर में धर्मांतरण का एक गंभीर एंगल भी सामने आया है. एक पीड़िता ने बताया कि आरोपी चंदन यादव ने उस पर इस्लाम अपनाने का दबाव डाला. चंदन ने दावा किया कि उसने खुद धर्म बदल लिया है और वह पीड़िता का निकाह किसी 'अच्छे परिवार' में करा देगा. दबाव में आकर पीड़िता को धर्मांतरण करना पड़ा, जिसके बाद उसे जबरन नमाज पढ़ने और बुर्का पहनने को मजबूर किया गया.

व्हाट्सएप ग्रुप से खुलेंगे बड़े राज

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. अमरीन के फोन में कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं जिनमें बहुत सी लड़कियों की तस्वीरें हैं. इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह गिरोह सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार गुजरात और मुंबई जैसे बड़े शहरों से भी जुड़े हैं. एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों (बिलाल, चानू और यासिर) की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: सोते परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला, बच्चे समेत तीन को मौत के घाट उतारा; दो लोग अस्पताल में भर्ती

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close