विज्ञापन

बीयर पिलाकर 23 साल की युवती से गैंगरेप! एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

छिंदवाड़ा में 23 साल की युवती को बीयर पिलाकर होटल में गैंगरेप करने का मामला सामने आया है. पार्टी के बहाने बुलाए गए दो युवकों ने नशे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. युवती की परिचित के पहुंचने पर उसे बचाया गया और थाने ले जाया गया.

बीयर पिलाकर 23 साल की युवती से गैंगरेप! एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Madhya Pradesh Gang Rape Case: छिंदवाड़ा में 23 साल की युवती के साथ बीयर पिलाकर गैंगरेप करने का गंभीर मामला सामने आया है. पार्टी के बहाने होटल ले गए दो युवकों ने नशे की हालत का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है. यह घटना सोमवार देर रात की है और मंगलवार को मामले में एफआईआर दर्ज हुई.

पार्टी के बहाने होटल ले गए आरोपी

कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने बताया कि उसके जान-पहचान के दो युवक दुर्गेश हरोड़े और अतुल घोरसे उसे पार्टी करने के नाम पर अलका टॉकीज के पास स्थित अंबर होटल ले गए. वहां दोनों ने उसे बीयर पिलाई. युवती के अनुसार जैसे-जैसे नशा बढ़ा, दोनों युवकों ने उसका फायदा उठाया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया.

परिचित ने पहुंचकर बचाई, हालत थी नाजुक

घटना की जानकारी किसी तरह युवती की एक परिचित लड़की तक पहुंची. वह तुरंत होटल पहुंची और युवती को बेहद नाजुक हालत में लेकर कोतवाली थाने पहुंची. उस समय पीड़िता इतनी नशे में थी कि पुलिस उसका बयान भी दर्ज नहीं कर सकी. प्राथमिक उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा गया.

मेडिकल के बाद दर्ज हुआ केस

अगले दिन मंगलवार को मेडिकल परीक्षण होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. जांच में सामने आया कि युवती और दोनों आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे. इसी वजह से वह उनके साथ होटल गई थी. लेकिन आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया.

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार के अनुसार पुलिस ने दुर्गेश हरोड़े को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अतुल घोरसे अभी फरार है. टीम की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close